Fact Check: आरसीबी की विजय परेड का वीडियो बेंगलुरु में ‘वोट चोरी’ आंदोलन का बताकर फैलाया जा रहा है झूठ
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सड़क पर लोगों की भीड़ के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडिया का ‘वोट चोरी’ आंदोलन से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो जून 2025 में आईपीएल में जीत के बाद बेंगलुरु में हुई आरसीबी की विजय परेड का है। वीडियो को अब गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Dec 1, 2025 at 01:31 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। इस वीडियो को साझा करते हुए कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बेंगलुरु में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो बेंगलुरु का ही है, पर इस वीडियो का ‘वोट चोरी’ के खिलाफ प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो जून 2025 का है, जब आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में जीत के बाद बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की विजय परेड निकाली गई थी। वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Herosureshrock’ ने 29 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “बंग्लोर मे पब्लिक ने वोट चोरों के खिलाफ भारत बंद आंदोलन”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम इनविड टूल की मदद से निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल हो रहा वीडियो अंपायर ‘रिचर्ड केटलबरो’ के एक्स हैंडल पर मिला। वीडियो को 7 जून 2025 को शेयर किया गया था। वीडियो को आरसीबी की परेड का बताया गया है।
हमें ‘इंडियन एक्सप्रेस’ के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर वीडियो से जुड़ी तस्वीरें मिली। 4 जून 2025 को शेयर पोस्ट में बताया गया,“रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आईपीएल 2025 में जीत के लिए सम्मानित किए जाने पर विधान सौधा (विधानसभा) में जश्न मनाया गया। इस कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी थी।”
वीडियो ‘@Hemanthkumar1998’ नाम के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। वीडियो को 5 जून 2025 को अपलोड किया गया था। वीडियो को विधान सौधा (विधानसभा) का बताया गया, जहां आरसीबी टीम के फैंस की भीड़ देखने को मिली थी।
हमें ‘दैनिक भास्कर’ की वेबसाइट पर वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 6 महीने को प्रकाशित की गई रिपोर्ट में बताया गया, “बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर बुधवार शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के IPL 2025 खिताब जीतने की खुशी में विट्री परेड निकाली गई। इस दौरान भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई, 33 घायल हुए थे।” खबर में वीडियो से जुड़ी तस्वीरें मौजूद हैं। इन तस्वीरों को कर्नाटक विधानसभा भवन के बाहर मौजूद भीड़ का बताया गया है।
वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।
हमने वीडियो को बेंगलुरु के स्थानीय पत्रकार यासीर खान के साथ शेयर किया। उनका कहना है कि वीडियो को ‘वोट चोरी’ आंदोलन के गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो आरसीबी की परेड का है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 16 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सड़क पर लोगों की भीड़ के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडिया का ‘वोट चोरी’ आंदोलन से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो जून 2025 में आईपीएल में जीत के बाद बेंगलुरु में हुई आरसीबी की विजय परेड का है। वीडियो को अब गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : बेंगलुरु में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Herosureshrock
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












