Fact Check: सोनम वांगचुक को लेकर बोलते आर्मी चीफ का यह वीडियो डीपफेक है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोनम वांगचुक को लेकर आर्मी चीफ (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी के बयान वाला वायरल वीडियो डीपफेक है, इसमें एआई निर्मित आवाज अलग से जोड़ी गई है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Dec 1, 2025 at 05:22 PM
- Updated: Dec 2, 2025 at 10:36 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लद्दाख के जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक की 26 सितंबर, 2025 को गिरफ्तारी हुई थी और फिलहाल वे जोधपुर की एक जेल में बंद हैं। यह गिरफ्तारी लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाने की मांग को लेकर हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद हुई थी। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि आर्मी चीफ (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने “सोनम वांगचुक की ‘हिरासत में हुई मौत’ पर गहरा दुख जताया है।”
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह एक डीपफेक वीडियो है, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से एडिट किया गया है। असली वीडियो में आर्मी चीफ (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने इस तरह की कोई बात नहीं की थी।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर Conflict Watch x ने 27 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया। वीडियो में आर्मी चीफ (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी को कथित तौर से अंग्रेजी में बोलते सुना जा सकता है “सोनम वांगचुक की सरकारी हिरासत में हुई मौत पर मुझे बहुत दुख है। उनकी मौत से लद्दाख और देश के बाकी लोगों में सदमे में है। चीफ ऑफ जनरल स्टाफ के तौर पर, मैं उनके परिवार और उन्हें जानने वाले सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। हिरासत में गई हर जान के लिए स्पष्टता और जवाबदेही की जरूरत होती है। मैंने केंद्र सरकार से पूरी और पारदर्शी जांच करने का अनुरोध किया है। सभी तथ्यों की जांच होनी चाहिए ताकि हमारे संस्थानों में भरोसा बना रहे। इस मुश्किल समय में उनके परिवार को हिम्मत मिले।”

पड़ताल
इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा। हमें कहीं भी सोनम वांगचुक की मृत्यु की कोई खबर नहीं मिली। हमें सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का भी वांगचुक को लेकर ऐसा कोई बयान कहीं नहीं मिला।
इसके बाद हमने जनरल द्विवेदी का असली वीडियो ढूंढ़ना शुरू किया। वायरल वीडियो में हमें न्यूज चैनल वायन (WION) का लोगो नजर आया। हमने वायन (WION) के यूट्यूब चैनल को खंगालना शुरू किया। हमें यह पूरा वीडियो 27 नवम्बर 2025 को अपलोड मिला। वीडियो तब का था, जब चाणक्य डिफेंस डायलॉग के दौरान आर्मी चीफ (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बात की थी। हमने इस पूरे वीडियो को गौर से देखा। पूरे वीडियो में जनरल द्विवेदी ने कहीं भी ‘सोनम वांगचुक’ या ‘कस्टोडियल डेथ’ के बारे में कुछ नहीं कहा था।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। वायरल वीडियो में लिप सिंक सही नहीं है। साथ ही ऑडियो भी रोबोटिक लग रहा है। हमें शक हुआ कि यह वीडियो एआई की मदद से एडिट किया गया हो सकता है।
पुष्टि के लिए हमने अपने पार्टनर, डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (DAU) से संपर्क किया, जो ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस (TIA) की एक पहल है। टीम ने वीडियो को स्विस डीप-टेक कंपनी Aurigin.ai पर चेक किया, जिसने 95 प्रतिशत ऑडियो के डीपफेक होने की पुष्टि की।

बफलो यूनिवर्सिटी के डिटेक्शन टूल डीपफेक-ओ-मीटर के 8 में से 5 डिटेक्टर ने वीडियो में AI मेनिपुलेशन की संभावना बताई।

हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने भी वीडियो के AI की मदद से एडिट किए जाने की पुष्टि की।
लद्दाख में हुई हिंसा में 24 सितंबर को पुलिस की फायरिंग में चार लोगों की मौत हुई थी। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, 26 सितंबर को सोनम वांगचुक को गिरफ्तार कर लिया गया था।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Conflict Watch x के 1800 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोनम वांगचुक को लेकर आर्मी चीफ (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी के बयान वाला वायरल वीडियो डीपफेक है, इसमें एआई निर्मित आवाज अलग से जोड़ी गई है।
- Claim Review : सोनम वांगचुक की ‘कस्टोडियल डेथ’ की घोषणा करते आर्मी चीफ
- Claimed By : Facebook user Conflict Watch x
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












