Fact Check: ऑस्ट्रेलिया की तस्वीर को किया जा रहा उदयपुर में विदेशी पर्यटक के हवाले से वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। महिला के कथित शौच की इस तस्वीर का भारत या उदयपुर से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो ऑस्ट्रेलिया का है और महिला ऑस्ट्रेलियाई है।
- By: Umam Noor
- Published: Dec 3, 2025 at 03:37 PM
- Updated: Dec 3, 2025 at 04:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर दो तस्वीरों का एक कोलाज वायरल हो रहा है। इसमें एक विदेशी युवती को आपत्तिजनक स्थिति में झील के ऊपर देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर इसे शेयर करते हुए उदयपुर का बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि उदयपुर की झील पर एक विदेशी महिला ने शौच करके उसे गंदा कर दिया। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। महिला के कथित शौच की इस तस्वीर का भारत या उदयपुर से कोई संबंध नहीं है। यह तस्वीर आस्ट्रेलिया की है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ने 2 दिसंबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “राजस्थान उदयपुर से एक बेहद शर्मनाक वीडियो सामने आया है जिससे पूरा प्रदेश गुस्से और सदमे में है वायरल विडिओ में एक अमेरिकन महिला झील में नाव पर बैठकर उदयपुर की एक पवित्र झील में शौच कर रही है इस घिनौने काम से प्रदेश के गुर्जर और मीणा समाज के लोग बहुत नाराज़ और आहत है, क्योंकि यह भारतीय भावनाओं और संस्कृति का अपमान है इस घटना पर दोनों समाज के लोगो का भारी गुस्सा फूट पड़ा है कि कैसे कई विदेशी पर्यटक भारत को “गंदा देश” कहते हैं लेकिन खुद यहां आकर गंदगी फैलाते है इस पर्यटक पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए???”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने कीवर्ड की मदद से न्यूज सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें इससे जुड़ी जानकारी टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 12 अक्टूबर 2025 को छपी मिली। दी गई जानकारी के अनुसार, “वायरल वीडियो में नजर आने वाली महिला एली जीन कॉफी ने बताया है कि वह एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं और यह मामला ऑस्ट्रेलिया के आउटबैक का है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने एली जीन कॉफी के सोशल मीडिया हैंडल को तलाश किया। इसी नाम के वेरिफाइड इंस्टाग्राम हैंडल पर हमें 29 अगस्त 2025 को वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो को 29 अगस्त 2025 को अपलोड किया गया है। वहीं, इसी पोस्ट पर एक यूजर के कमेंट का जवाब देते हुए उन्होंने पुष्टि भी की कि यह वीडियो उदयपुर का नहीं है।

इसी वीडियो को 12 अक्टूबर 2025 को दोबारा अपलोड किया गया है। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, वह ऑस्ट्रेलिया में रहती हैं और यह वीडियो भारत का नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया के आउटबैक का है।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण में उदयपुर के रिपोर्टर सुभाष शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो उदयपुर का नहीं है।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘अभिष कुमार मीणा’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। और यूजर के बायो के अनुसार, वह जयपुर के रहने वाले हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। महिला के कथित शौच की इस तस्वीर का भारत या उदयपुर से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो ऑस्ट्रेलिया का है और महिला ऑस्ट्रेलियाई है।
- Claim Review : यह उदयपुर का मामला है जहां अमेरिका से आई पर्यटक ने उदयपुर की झील को 'गंदा' कर दिया है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर 'अभिष कुमार मीणा'
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












