Fact Check: फर्जी पहचान पत्र का यह वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं, वायरल दावा फेक
फर्जी वोटर आईडी के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा फेक है। वीडियो नवंबर 2025 का, है और तेलंगाना का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Dec 3, 2025 at 03:22 PM
- Updated: Dec 3, 2025 at 06:26 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल समेत देश के कई राज्यों में भारत के निर्वाचन आयोग की देखरेख में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026, यानी एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है। इसी बीच बंगाल के एक जिले में नाले में पड़े हुए कई वोटर आईडी कार्ड बरामद हुए हैं। इसी से जोड़ते हुए पहचान पत्र का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में थैलों में भरे बहुत सारे वोटर आईडी कार्ड्स को देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह बंगला का वीडियो है, जहां बड़े पैमाने में फर्जी वोटर आईडी कार्ड्स बरमाद हुए हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फेक है। वीडियो नवंबर 2025 का, है और तेलंगाना का है। जुबली हिल्स उपचुनाव के दौरान भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने कांग्रेस पर फर्जी पहचान पत्र बनाने के आरोप लगाए थे। उसी दौरान इस वीडियो को शेयर किया गया था। पुराने और असंबंधित वायरल वीडियो को अब बंगाल का बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Vinay Kumar’ ने 1 दिसंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “चोर बोल जोर से…चोर चोर चिल्लाने वाले की चोरी देखिए। बंगाल में दाल में काला नहीं बल्कि पूरी दाल ही काली है एक एक घुसपैठियों के पास 50-50 वोटर आईडी कार्ड और एक एक ख़्वातीन के 40/40 बाप।”
वीडियो पर लिखा हुआ है, “क्या बंगाल में टीएमसी कुछ बड़ा खेल खेलने की तैयारी थी।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘News18 Telugu’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 10 नवंबर 2025 को शेयर किया गया था। तेलुगु भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, “पूर्व मंत्री हरीश राव ने जुबली हिल्स उपचुनाव में कांग्रेस पर बड़े पैमाने पर फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस फर्जी वोट डालने की साजिश कर रही है और उन्होंने वीडियो साक्ष्य के साथ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।”
पड़ताल के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘Telangana Today’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 10 नवंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, तेलंगाना में जुबली हिल्स उपचुनाव के समय आरोप-प्रत्यारोपों का दौर देखने को मिला था। भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने कांग्रेस पर बोगस वोटिंग के लिए फर्जी वोटर आईडी बनाने का आरोप लगाया था और इसकी शिकायत इलेक्शन कमीशन से की थी।
अन्य न्यूज रिपोर्ट्स को यहां और यहां पर देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने हैदराबाद के स्थानीय रिपोर्टर श्री हर्षा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो जुबली हिल्स उपचुनाव के दौरान वायरल हुआ था। इसके खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज की गई थी।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 2 दिसंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “अब बांग्लादेश की सीमा से सटे नदिया जिले के नवद्वीप में मंगलवार को अस्पताल रोड के पास एक परित्यक्त स्थान से बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र यानी वोटर आईडी कार्ड बरामद हुए। स्थानीय लोगों ने इन्हें कचरे की तरह बिखरा हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब राज्य में एसआईआर अभियान चल रहा है।”
अंत में हमने वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट्स को शेयर करता है। यूजर को 541 लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि फर्जी वोटर आईडी के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा फेक है। वीडियो नवंबर 2025 का, है और तेलंगाना का है।
- Claim Review : पश्चिम बंगाल में मिले फर्जी वोटर आईडी कार्ड का वीडियो।
- Claimed By : FB User Vinay Kumar Shared
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












