Fact Check: कर्नाटक में चल रहे सियासी भूचाल के बीच हुई मुलाकात का नहीं है यह वायरल वीडियो
डीके शिवकुमार और सीएम नायडू की मुलाकात के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Dec 2, 2025 at 02:58 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कर्नाटक में मुख्यमंत्री के पद को लेकर सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के बीच अनबन देखने को मिल रही है। इसी से जोड़ते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और डीके शिवकुमार की मुलाकात का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कर्नाटक में सीएम पद को लेकर चल रहे सियासी भूचाल के बीच, गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम चंद्रबाबू नायडू को डीके शिवकुमार से मुलाकात करने के लिए भेजा।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। असल में, साल 2023 में एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी। इसी मुलाकात के वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ, हाल का बताते हुए शेयर किया जा रहा है। वीडियो का कर्नाटक की हालिया राजनीति से कोई संबंध नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Oza Sanjay Mishrilalji’ ने 30 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “खेला होबे अमित शाह जी ने नायडू साहब की ड्यूटी लगा दी है…अब तो कर्नाटक भी गयो।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Mango News’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 29 दिसंबर 2023 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो दोनों की बेंगलुरु एयरपोर्ट पर हुई मुलाकात का है।
पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट तेलुगु वेबसाइट ‘Samayam’ पर मिली। रिपोर्ट को तेलुगु भाषा में 29 दिसंबर 2023 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो बेंगलुरु एयरपोर्ट का है। दरअसल, चंद्रबाबू हैदराबाद से कुप्पम जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे और डीके शिवकुमार कांग्रेस की एक मीटिंग के लिए नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान एयरपोर्ट पर दोनों की मुलाकात हुई।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने कर्नाटक के पत्रकार यासिर खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि पुराना है।
दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 2 दिसंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “कर्नाटक में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर चल रही खींचतान के बीच मंगलवार सुबह CM सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने मंगलवार को फिर साथ में ब्रेकफास्ट किया। ये 4 दिन में दूसरी बार है जब दोनों की साथ में नाश्ते पर मीटिंग हुई। इससे पहले हुई मुलाकात के बाद दोनों ने CM की कुर्सी को लेकर कोई विवाद न होने की बात कही थी। दरअसल दोनों नेताओं की ये मुलाकातें हाईकमान के आदेश के बाद हो रही हैं। पिछले 20 दिनों से दोनों गुटों के कार्यकर्ता अपने-अपने नेता को सीएम पद पर देखना चाह रहे है। 2023 में जब कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब मुख्यमंत्री पद के लिए 2.5-2.5 साल की डील हुई थी, लेकिन सिद्धारमैया समर्थक इसे नकारते आए हैं। वहीं पार्टी की तरफ से भी इसकी पुष्टि नहीं हुई थी।”

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट्स को शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को महाराष्ट्र का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि डीके शिवकुमार और सीएम नायडू की मुलाकात के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है।
- Claim Review : कर्नाटक में सियासी भूचाल के बीच चंद्रबाबू नायडू ने की डीके शिवकुमार से मुलाकात।
- Claimed By : FB User Oza Sanjay Mishrilalji
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












