X
X

Fact Check: धर्मेंद्र की अस्थि विसर्जन करते हुए सनी और बॉबी देओल की तस्वीर एआई निर्मित

धर्मेंद्र की अस्थि विसर्जन करते हुए सनी और बॉबी देओल की तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Dec 11, 2025 at 05:10 PM
  • Updated: Dec 17, 2025 at 07:10 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर सनी देओल और बॉबी देओल की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र के अस्थि विसर्जन की है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई निर्मित है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Rao Ajaypal Singh’ ने 5 दिसंबर 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “सनी देओल अपने पिताजी की फुल हस्तियों को गंगा मां के अर्पित कर रहे हैं इनको परमपिता परमेश्वर शांति प्रदान करें धर्मेंद्र जी की आत्माओं को शांति प्रदान करें परमात्मा तो यही विनती करते हैं।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

अन्य यूजर मिलती-जुलती तस्वीरों को इसी दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वायरल फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें इस तस्वीर से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली। फोटो पर गौर करने पर हमने पाया कि बॉबी देओल के चेहरे की बनावट काफी अटपटी है। ऐसे में हमें फोटो के एआई से बने होने का संदेह हुआ। 

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल के दौरान गूगल डीपमाइंड के Synth ID टूल का इस्‍तेमाल किया। यहां वायरल तस्‍वीर को सर्च करने पर नतीजों से पता चला कि यह तस्‍वीर एआई की मदद से बनाई गई है। नतीजे को नीचे देखा जा सकता है।

विश्‍वास न्‍यूज ने गूगल डीपमाइंड के दूसरे टूल बैकस्‍टोरी का भी इस्‍तेमाल किया। इस टूल के नतीजों में बताया गया कि इस बात के पर्याप्‍त सबूत हैं कि वायरल तस्‍वीर को एआई का इस्‍तेमाल करते हुए बनाया गया है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने फोटो को एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मोडरेशन’ की मदद से सर्च किया। इस टूल ने 99 फीसदी तक फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई। 

हमने एक अन्य टूल ‘Undetectable’ की मदद से भी फोटो को सर्च किया। इस टूल ने भी वायरल तस्‍वीर के एआई से बने होने की संभावना जताई। 

दूसरी तस्वीर को भी हमने ‘हाइव मोडरेशन’ की मदद से सर्च किया। इस टूल ने 99 फीसदी तक फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई। 

गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें वायरल दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘न्यूज18’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 4 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “24 नवंबर को धर्मेंद्र का निधन हुआ था। इसके बाद 3 दिसंबर को उनके बड़े बेटे सनी देओल, छोटे बेटे बॉबी देओल और परिवार के अन्य सदस्यों ने हरिद्वार में विधि-विधान से उनकी अस्थियों का विसर्जन किया।” रिपोर्ट में अस्थियां विसर्जन करने का वीडियो भी मौजूद है, जो कि वायरल तस्वीर से बिल्कुल अलग है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल फोटो में सनी और बॉबी देओल के फेस की बनावट काफी अटपटी है। अक्सर एआई इमेज क्रियेटर टूल फेस की बनावट में खामियां छोड़ देते हैं। इस तस्वीर में भी वो खामी देखी जा सकती है।

अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 17 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर दिसंबर 2021 से फेसबुक पर सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि धर्मेंद्र की अस्थि विसर्जन करते हुए सनी और बॉबी देओल की तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। 

  • Claim Review : सनी और बॉबी देओल ने धर्मेंद्र की अस्थियां विसर्जित की।
  • Claimed By : FB User Rao Ajaypal Singh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later