Fact Check: पाकिस्तान के कराची में महिला को बेरहमी से पीटने का वीडियो भारत में गलत संदर्भ के साथ वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि यह दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो भारत का नहीं, बल्कि पाकिस्तान के कराची शहर का है, जहां एक घरेलू कामगार महिला के साथ हिंसा की घटना हुई थी। अब इस वीडियो को फर्जी दावे के साथ भारत से जोड़कर घरेलू हिंसा का मामला बताकर फैलाया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Jan 8, 2026 at 04:44 PM
- Updated: Jan 10, 2026 at 06:36 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक को एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में एक अन्य महिला भी मौजूद है, जो लगातार युवक को रोकने की कोशिश करती नजर आती है। इस वीडियो को घरेलू हिंसा का मामला बताकर भारत के हवाले से शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि यह दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो भारत का नहीं, बल्कि पाकिस्तान के कराची शहर का है, जहां एक घरेलू कामगार महिला के साथ हिंसा की घटना हुई थी। अब इस वीडियो को फर्जी दावे के साथ भारत से जोड़कर घरेलू हिंसा का मामला बताकर फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
इंस्टाग्राम अकाउंट ‘जग्गी अंकल’ ने 5 जनवरी को वायरल पोस्ट को शेयर किया जिस पर लिखा है, “अब कहा गया समाज इज्जत परिवार इनके लिए सजा मौत होनी चाहिए।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल हो रहे इस वीडियो के की-फ्रेम को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो मीडिया आई ऑन नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर 18 दिसंबर 2025 को शेयर किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ दिए गए हैशटैग के अनुसार, यह वीडियो पाकिस्तान का है। और महिला घरों में काम करने वाली मेड हैं।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें पाकिस्तान की न्यूज वेबसाइट द न्यूज डॉट पीके पर इस मामले से जुड़ी खबर 18 दिसंबर 2025 को छपी मिली। जानकारी के अनुसार, “कराची के बफर ज़ोन इलाके में एक घरेलू कामगार महिला के साथ हिंसक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नोमान नाम का व्यक्ति महिला को मारते हुए और सीढ़ियों से नीचे धकेलते हुए दिखाई देता है, जबकि एक अन्य महिला उसे रोकने की कोशिश कर रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता यासमीन बीबी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता की धाराएं 504, 354 और 337 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है, लेकिन घटना के बाद से आरोपी फरार है।’’

गूगल न्यूज सर्च में हमें इस मामले से जुड़ी और भी कई ख़बरें मिलीं। एक्सप्रेस डॉट पीके की 19 दिसंबर 2025 की खबर में पीड़िता यासमीन बीबी के हवाले से बताया गया कि “वह घरेलू सफाई का काम करती हैं और इफ्तिखार नामक व्यक्ति के यहां कार्यरत थीं। उनके मुताबिक, 10 दिसंबर को नोमान की पत्नी के साथ उनका विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना हुई। वहीं, पुलिस का कहना है कि जब महिला नौकरानी अपना काम खत्म करके दूसरे घर से निकली, तो सीढ़ियों पर मौजूद आरोपी नोमान ने उनके साथ मारपीट की।’’
महिला विकास विभाग सिंध के ऑफिशियल फेसबुक पेज पर भी हमें इस मामले से जुड़ी 18 दिसंबर 2025 की एक पोस्ट मिली। पोस्ट के अनुसार, “सिंध की प्रांतीय महिला विकास मंत्री शाहीना शेर अली ने कराची के बफर ज़ोन में एक महिला पर हुए हिंसक हमले के वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। उन्होंने पुलिस से संपर्क कर घटना की पूरी जानकारी तलब की और मामले की फ़ौरन व निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखने वाली पीड़िता यासमीन घरेलू कामगार है, जिसका आरोपी नोमान की पत्नी से किसी बात पर विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि जब यासमीन दूसरे घर से काम खत्म कर लौट रही थी, तभी सीढ़ियों पर घात लगाए बैठे नोमान ने उस पर बेरहमी से हमला किया। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।’’
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने पाकिस्तान के पत्रकार आदिल अली से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह पिछले महीने की कराची की घटना है। यह वीडियो काफी वायरल हुआ था ,जिसके बाद पुलिस की तरफ से कार्रवाई भी की गई थी।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम अकाउंट ‘जग्गी अंकल’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि इस अकाउंट को 6 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि यह दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो भारत का नहीं, बल्कि पाकिस्तान के कराची शहर का है, जहां एक घरेलू कामगार महिला के साथ हिंसा की घटना हुई थी। अब इस वीडियो को फर्जी दावे के साथ भारत से जोड़कर घरेलू हिंसा का मामला बताकर फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : भारत के घरेलू हिंसा का वीडियो.
- Claimed By : इंस्टाग्राम अकाउंट 'जग्गी अंकल'
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












