Fact Check: शाहरुख खान ने नहीं दिया BJP नेता संगीत सोम के खिलाफ बयान, डीपफेक वीडियो वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि शाहरुख खान ने भाजपा नेता संगीत सोम और जय शाह के बेटे के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jan 8, 2026 at 04:11 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने कुछ न्यूज चैनलों से बातचीत में शाहरुख खान को ‘गद्दार’ बता दिया था। जिसके बाद अब सोशल मीडिया पर शाहरुख खान का एक कथित वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें संगीत सोम पर पलटवार करते हुए देखा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस वीडियो को सही समझकर वायरल कर रहे हैं। हमारी जांच में यह डीपफेक वीडियो साबित हुआ। शाहरुख खान के 10 साल पुराने वीडियो में से एक हिस्सा निकालकर उसमें एआई की मदद से ऑडियो जोड़कर डीपफेक वीडियो तैयार किया गया है।
दरअसल, बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और अत्याचार के बीच (बीसीसीआई) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से निकालने का कहा था। जिसके बाद से ही शाहरुख खान लगातार विरोधियों के निशाने पर हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मालिक शाहरुख हैं।
क्या हो रहा है वायरल
एक फेसबुक यूजर ने 7 जनवरी को एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि शाहरुख खान ने संगीत सोम को जवाब दिया। वीडियो में शाहरुख खान को संगीत सोम पर पलटवार करते हुए दिखाया गया है।
इसी तरह एक पोस्ट में दावा किया गया कि शाहरुख खान ने कहा है कि अगर बांग्लादेश के खिलाड़ी को अपने टीम में रखने पर मैं गद्दार हूं, तो बांग्लादेश और पाकिस्तान के साथ मैच करवाने वाला अमित शाह का बेटा जय शाह क्या है?
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां और यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
शाहरुख खान के वायरल वीडियो की पड़ताल की शुरुआत हमने इसकी स्कैनिंग से की। वीडियो में शाहरुख खान के पीछे The University of Edinburgh लिखा हुआ नजर आया। यहां से क्लू लेकर हमने यूट्यूब पर असली वीडियो को सर्च करना शुरू किया।
The University of Edinburgh के चैनल पर 10 साल पुराना शाहरुख खान का एक भाषण मिला। इस वीडियो को 16 अक्टूबर 2015 को अपलोड किया गया था। इसमें शाहरुख खान ने वैसे ही कपड़े पहने हुए हैं, जैसा कि वायरल वीडियो में दिख रहा है। इसके अलावा बैकग्राउंड और माइक भी दोनों वीडियो में एक ही जैसे हैं। इस वीडियो से यह स्पष्ट हो गया कि शाहरुख खान का वायरल वीडियो फेक है।
इस आधार पर वायरल वीडियो के डीपफेक होने का संदेह पैदा होता है। इसलिए हमने इसे डीपफेक डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक किया। बफलो यूनिवर्सिटी के डीपफेक-ओ-मीटर की मदद से हमने इस मल्टीमीडिया को चेक किया और इसके लगभग सभी इंडिकेटर्स ने इस वीडियो में एआई छेड़छाड़ की अधिकतम संभावना की पुष्टि की।

स्विस डीप-टेक कंपनी के ऑरिजिन एआई टूल से वीडियो को चेक करने पर पता चला कि वायरल वीडियो में मौजूद ऑडियो एआई जेनरेटड है। इसके जरिए हमें पता 97 फीसदी पता चला कि वायरल वीडियो में इस्तेमाल की गई आवाज एआई निर्मित है। ऑरिजिन एक उन्नत ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन इंजन है।

इसी तरह Hiya through INvid ने भी अपने एनालिसिस में वायरल वीडियो में मौजूद आवाज को एआई जेनरेटेड बताया।

पड़ताल के अगले चरण में हमने उस वायरल पोस्ट की भी जांच की, जिसमें शाहरुख खान के हवाले से दावा किया गया कि उन्होंने कहा है, “अगर बांग्लादेश के खिलाड़ी को अपने टीम में रखने पर मैं गद्दार हूं, तो बांग्लादेश और पाकिस्तान के साथ मैच करवाने वाला अमित शाह का बेटा जय शाह क्या है?”

कीवर्ड के जरिए गूगल ओपन सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल पोस्ट की सत्यता की पुष्टि कर सके। इसी तरह शाहरुख खान के सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी हमें कोई ऐसा बयान नहीं मिला।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि शाहरुख खान ने ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया है, जैसा कि वायरल पोस्ट में दिखाया गया है। यह फेक है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि शाहरुख खान ने भाजपा नेता संगीत सोम और जय शाह के बेटे के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है। बॉलीवुड एक्टर का डीपफेक और फर्जी पोस्ट वायरल किया गया है।
- Claim Review : शाहरुख खान ने दिया संगीत सोम को जवाब
- Claimed By : FB User
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












