Fact Check: गुजरात की ब्यूटीशियन को RSS प्रमुख की बेटी बताकर वायरल की गई फर्जी पोस्ट, अविवाहित हैं मोहन भागवत
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट बेबुनियाद साबित हुई। संघ प्रमुख मोहन भागवत अविवाहित हैं। गुजरात की एक महिला की तस्वीर का दुरुपयोग करते हुए वायरल पोस्ट बनाई गई है। पोस्ट में लिखी गई कहानी भी काल्पनिक है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jan 15, 2026 at 05:34 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत की कथित बेटी के नाम पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें एक महिला की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए दावा किया गया कि मोहन भागवत की बेटी रवीना को एक मुस्लिम शख्स से प्यार हो गया है। इस पोस्ट को सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। मोहन भागवत अविवाहित हैं। वायरल दावे के साथ इस्तेमाल की गई तस्वीर गुजरात की एक महिला की है। उसकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल करते हुए फर्जी वायरल पोस्ट तैयार की गई है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर ‘Sakshi Talks’ ने 12 जनवरी 2026 को एक पोस्ट करते हुए लिखा, “पापा पूरे दिन हिन्दू राष्ट्र बनाने कि बात करते हैं ओर मुस्लिम मुक्त देश बनाने कि बात करते है लेकिन बेटी अब्दुल रईस खांन को दिल दे बैठी है…। जी हाँ ये आरएसएस के प्रमुख सदस्यों मे से एक मोहन भागवत की बेटी है जो अब्दुल से शादी करने कि जिद कर बेटी है। रवीना शर्मा रसिया से डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही थी तो वही पर डॉक्टरी की पढ़ाई कर रहे केरल के रईस खांन से इनका अटूट रिश्ता बन गया है। दोनों रसिया मे एक हॉस्टल के अंदर एक रुम में पिछले तीन साल से रह कहें है। रवीना शर्मा ने जब शादी करने के लिए अपने पिताजी करन भागवत से बात की तो इनके पापा मुस्लिम नाम सुनकर दंग रह गए ओर अपने बडे मोहन भागवत को सारी सच्चाई से रूबरू कराया….। मोहन भागवत ने काफी जद्दोजहद के बाद इस रिश्ते को मंजूरी दे दी है। क्योंकि आरएसएस, बजरंग दल ओर बीजेपी के नेताओं के आधे से ज़्यादा दामाद तो मुस्लिम घरों से ही हैं। अब्दुल रईस खांन को मेरी ओर मेरे फेसबुक मित्रों की तरह से बहुत बहुत-बहुत बधाई …। तीर निशाने पर लगा है।”

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल पोस्ट में इस्तेमाल की गई महिला की तस्वीर के बारे में सर्च किया। गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च करने पर यह हमें रील के फॉर्मेट में कई इंस्टाग्राम हैंडल्स पर मिली।
7 जनवरी को भंवर खटाना नाम के एक इंस्टाग्राम ने यह रील अपलोड की थी। इसके साथ कोई खास जानकारी नहीं शेयर की गई। इससे भी पुरानी यही रील हमें 5 जनवरी को पोस्ट मिली। इसे डिंपल आहूजा फैनपेज की ओर से अपलोड किया गया था।
पड़ताल के दौरान हम सर्च के जरिए डिंपल आहूजा के इंस्टाग्राम हैंडल पर पहुंचे। डिंपल NAILED ITT की फाउंडर व सीईओ हैं। इनके हैंडल पर 3 जनवरी को हमें कई ऐसी रील मिली, जिसमें उन्होंने वही ड्रेस पहनी हुई है, जैसा कि वायरल पोस्ट की तस्वीर में दिखाया गया है। इन रील्स को यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए डिंपल आहूजा से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल पोस्ट फेक है।
28 अगस्त 2025 को दिल्ली में संघ के 100 वर्ष पूरे होने के कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत से जब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा गया कि क्या संघ में विवाहित लोग भी महासचिव की कुसी पर बैठ सकते हैं तो इसका उन्होंने खुलकर जवाब दिया।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए आरएसएस के पूर्व दिल्ली प्रांत प्रचार प्रमुख और वर्तमान में संघ की सहायक प्रकाशन सुरुचि प्रकाशन के अध्यक्ष राजीव तुली से संपर्क किया। उन्होंने इसे फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि मोहन भागवत अविवाहित हैं।
पड़ताल के अंत में हमने साक्षी टॉक्स नाम के फेसबुक यूजर की जांच की। पता चला कि यह अकाउंट जून 2015 को बनाया गया। इसे 47 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। प्रोफाइल पर दी गई जानकारी के अनुसार, पेज मुंबई से संचालित होता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट बेबुनियाद साबित हुई। संघ प्रमुख मोहन भागवत अविवाहित हैं। गुजरात की एक महिला की तस्वीर का दुरुपयोग करते हुए वायरल पोस्ट बनाई गई है। पोस्ट में लिखी गई कहानी भी काल्पनिक है।
- Claim Review : संघ प्रमुख मोहन भागवत की बेटी को मुस्लिम युवक से हुआ प्यार
- Claimed By : FB User Sakshi Talks
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












