X
X

Fact Check: ईरान में विरोध प्रदर्शन के दौरान मौलवी से मारपीट का दावा फर्जी, पुराना वीडियो वायरल

विश्वास न्यूज की पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फर्जी है। वायरल वीडियो का ईरान के  मौजूदा हालात से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, यह वीडियो 2021 का है। और ईरान पुलिस के अनुसार, यह बाप- बेटे का एक 'फेक' वीडियो था।

  • By: Umam Noor
  • Published: Jan 16, 2026 at 04:35 PM
  • Updated: Jan 16, 2026 at 06:38 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ईरान में महंगाई व आर्थिक बदहाली के खिलाफ भड़के जनाक्रोश के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति को मौलाना के साथ बहस करते और उसे थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ईरान की मौजूदा सरकार विरोधी प्रदर्शन से संबंधित है, जहां लोग मौलानाओं को निशाना बना रहे हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फर्जी है। वायरल वीडियो का ईरान के  मौजूदा हालात से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, यह वीडियो 2021 का है। और ईरान पुलिस के अनुसार, यह बाप- बेटे का एक ‘फेक’ वीडियो था।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर अरबिंदा मोहंती ने 11 जनवरी को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “ईरान मे जनता की क्रांति इस कदर बढ़ चुकी है कि लोग अब  मौलानाओ की धुनाई मॉब लिंचिंग करने से पीछे नहीं हट रहे। काला त्रिपाल संकट में है।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो और इससे जुड़ी जानकारी कई सोशल मीडिया हैंडल तथा न्यूज वेबसाइट पर मिली।

इस्लामिस्ट मूवमेंट  नाम की वेबसाइट पर 19 अप्रैल 2021 की खबर में बताया गया कि ईरान में सोशल मीडिया यूजर एक वीडियो को शेयर कर रहे हैं, जिसमें एक नौजवान एक मौलवी को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना उत्तरी ईरान के गिलान प्रांत के किया  शहर में हुई है।

इसी बुनियाद पर  हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें फ़ारसी चैनल मनोटो टीवी के वेरिफाइड फेसबुक हैंडल पर वायरल वीडियो का फ्रेम 18 अप्रैल 2021 को पोस्ट किया हुआ मिला। यहां पोस्ट के अनुसार, “तेहरान पुलिस के प्रिवेंशन विभाग के प्रमुख ने कहा कि इस क्लिप को सोशल मीडिया पर फैलाने और शेयर करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बयान के अनुसार, वीडियो में एक युवक पगड़ीधारी मौलवी के साथ अभद्रता करता और उसे थप्पड़ मारता हुआ दिखाई दे रहा है।”

सर्च में हमें एवीए टुडे नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 17 अप्रैल 2021 को वायरल पोस्ट शेयर की हुई मिली। जानकारी के अनुसार, “यह फर्जी क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है? वीडियो में कथित तौर पर मौलवी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “मेरे कान के नीचे मारो”, जिससे यह स्पष्ट है कि वीडियो फेक है। इसके बावजूद, ऐसे वीडियो की चाह रखने वाले लोग इस वीडियो को तेजी से साझा कर रहे हैं। लोग मौलवी पर हमले की इस फर्जी क्लिप का भी आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं।”

इसी मामले का न्यूज सर्च किए जाने पर हमें independentpersian डॉट कॉम की वेबसाइट पर 19 अप्रैल 2021 की खबर मिली। खबर में तेहरान पुलिस के हवाले से बताया गया कि वायरल वीडियो के निर्माता एक पिता और उसका बेटा थे। उन्होंने इसे सोशल मीडिया इस वीडियो को अपलोड किया था और मामला बढ़ जाने के बाद देश छोड़कर शरण लेने की योजना बना रहे थे। हालांकि, पिता और बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

सर्च में हमें ईरान इंटरनेशनल नाम के वेरिफाइड यूट्यूब चैनल पर भी वायरल वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 19 अप्रैल 2021 को अपलोड हुई खबर के अनुसार, तेहरान पुलिस प्रमुख ने बताया कि वीडियो में नजर आ रहे दोनों लोग पिता और बेटे हैं।

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने ईरान की पत्रकार फातिमा करीम खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यहां इस वीडियो का हालिया प्रदर्शनों और हालात से कोई संबंध नहीं है।

ईरान में विरोध प्रदर्शन क्यों हो रहे हैं?

ईरान में हालिया विरोध प्रदर्शन महंगाई, बेरोजगारी और सरकार की सख्त नीतियों के खिलाफ जनता के गुस्से की वजह से हो रहे हैं। 16 जनवरी 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान अब तक ढ़ाई हजार से अधिक लोगों के मारे जाने की सूचना है।

अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर अमरीक सलूजा की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को साढ़े पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर फेसबुक पर काफी एक्टिव है ।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो का ईरान के  मौजूदा हालात से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, यह वीडियो 2021 का है।

  • Claim Review : ईरान में प्रदर्शन के दौरान मौलवी से मारपीट।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर अमरीक सलूजा
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later