Fact Check: ईरान में सार्वजनिक रूप से रडार की तैनाती के दावे से वायरल वीडियो वेनेजुएला का है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे इस वीडियो का ईरान के मौजूदा तनाव से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो साल 2020 से वेनेजुएला के हवाले से सोशल मीडिया पर मौजूद है। पुराने वीडियो को फर्जी दावे के साथ ईरान से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Jan 16, 2026 at 05:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ईरान में एक तरफ महंगाई, बेरोजगारी और सरकार की सख्त नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य कार्रवाई को लेकर तनाव भी बढ़ता जा रहा है। इसी तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक हाईवे पर खड़े ट्रक में रडार जैसा बड़ा पैनल लगा हुआ देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि ईरान ने तनाव के दौरान रडार सक्रिय कर लिए हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे इस वीडियो का ईरान के मौजूदा तनाव से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो साल 2020 से वेनेजुएला के हवाले से सोशल मीडिया पर मौजूद है। पुराने वीडियो को फर्जी दावे के साथ ईरान से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
इंस्टाग्राम यूजर shortanalysis_narm ने वायरल पोस्ट को 15 जनवरी को शेयर किया जिस पर लिखा है, “बढ़ते तनाव के बीच तेहरान में सक्रिय रडार सिस्टम।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स निकाले और गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च करने पर हमें वीडियो EuricSanti नाम के एक एक्स हैंडल पर 28 मार्च 2020 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो को वेनेजुएला की राजधानी काराकस का बताया गया है।
इसी बुनियाद पर सर्च किए जाने पर हमें यह वीडियो और OliverLopezCano नाम के एक्स हैंडल पर 15 फरवरी 2020 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ स्पैनिश भाषा में कैप्शन नजर आया, जिसका हमने अनुवाद गूगल ट्रांसलेट की मदद से किया। हमने पाया कि यहां भी वीडियो को वेनेजुएला के हवाले से पोस्ट किया गया है।
इसी कड़ी में हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें वेनेजुएला की न्यूज वेबसाइट El Diario पर वायरल वीडियो के ही मंजर का एक दूसरा वीडियो 15 फरवरी 2020 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां दी गई जानकारी के अनुसार, वेनेजुएळा, काराकस के अल्तामीरा इलाके में BUK M2E रडार तैनात किया गया है, जिसे निकोलस मादुरो द्वारा घोषित सैन्य तैनाती का हिस्सा बताया जा रहा है।
सर्च में हमें El Diario की वेबसाइट पर भी इस मामले से जुड़ी खबर स्पैनिश भाषा में 13 फरवरी 2020 को पब्लिश मिली। खबर में बताया गया, “वेनेजुएला ने अपने हवाई रक्षा को बेहतर करने के लिए रूस और चीन से आधुनिक रडार और मिसाइल सिस्टम खरीदे हैं, जिनमें S-300VM, BUK-M2E और तेज रडार शामिल हैं। इन रडारों का काम हवाई लक्ष्य और ड्रोन जैसी चीज़ों की स्थिति, ऊँचाई और दिशा का पता लगाना है, ताकि देश के एयरस्पेस की निगरानी की जा सके।”
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने ईरान की पत्रकार फातिमा करीम खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो ईरान का नहीं है।
ईरान में विरोध प्रदर्शन क्यों हो रहे हैं?
ईरान में हालिया विरोध प्रदर्शन महंगाई, बेरोजगारी और सरकार की सख्त नीतियों के खिलाफ जनता के गुस्से की वजह से हो रहे हैं। 16 जनवरी 2026 की रिपोर्ट के अनुसार ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान मौजूदा सरकार द्वारा विरोध को सख्ती से दबाने के लिए अब तक ढाई हजार लोगों की मौत की खबर है।
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव
अंतरराष्ट्रीय मीडिया की 16 जनवरी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान में महंगाई और आर्थिक संकट के खिलाफ जारी विरोध‑प्रदर्शनों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सरकार को चेतावनी दी है और कहा है कि अगर प्रदर्शनकारियों पर हिंसा जारी रही, तो अमेरिका “सभी विकल्पों पर विचार करेगा”, जिससे तनाव और गहरा गया है। ट्रंप ने कुछ बैठकों को रद्द कर दिया है और अमेरिका ने ईरान के अंदरूनी हालात पर करीबी नजर रखी है, जबकि ईरान ने भी कहा है कि किसी बाहरी हस्तक्षेप का जवाब दिया जाएगा और देश ने अपना एयरस्पेस कुछ समय के लिए बंद कर दिया है। जिससे दोनों देशों के बीच तनाव अभी भी है।
अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर shortanalysis_narm की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को दो हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव है ।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे इस वीडियो का ईरान के मौजूदा तनाव से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो साल 2020 से वेनेजुएला के हवाले से सोशल मीडिया पर मौजूद है। पुराने वीडियो को फर्जी दावे के साथ ईरान से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : ईरान ने तनाव के दौरान रडार सक्रिय कर लिए हैं।
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर shortanalysis_narm
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












