X
X

Fact Check: अजित पवार के प्लेन हादसे का नहीं है वायरल वीडियो, 13 साल से इंटरनेट पर है मौजूद

बारामती विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। खराब दृश्यता के कारण विमान पहली बार लैंडिंग में सफल नहीं हो पाया था। दूसरी बार लैंडिंग के प्रयास में वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, वायरल वीडियो का इस हादसे कोई संबंध नहीं है।

Ajit Pawar News, Ajit Pawar, Baramati Plane Crash, Ajit Pawar Plane Crash, Ajit Pawar Death

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) के अध्यक्ष अजित पवार का राज्‍य के बारामती एयरपोर्ट के पास 28 जनवरी 2026 को एक विमान हादसे में निधन हो गया। इस हादसे से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें विमान के कॉकपिट से लैंडिंग के दृश्य को देखा जा सकता है, जिसमें कुछ देर बाद रनवे दिखना बंद हो जाता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को बारामती विमान हादसे का बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि यह वीडियो 2013 से इंटरनेट पर मौजूद है। इसका बारामती विमान हादसे से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अजित पवार वाले प्लेन ने पहली बार लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन खराब दृश्यता के कारण सफल नहीं हो पाया। दूसरी बार के प्रयास में रनवे दिखा और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने लैंडिंग की अनुमति दे दी, लेकिन प्लेन हादसे का शिकार हो गया।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर mxsandipeditz ने 29 जनवरी 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “बारामती विमान हादसा, सामने आया प्लेन हादसे का वीडियो, लैंडिंग से 3 सेकंड पहले रनवे गायब!

इसके साथ में यूजर ने लिखा है, “जब लैंडिंग के दौरान अचानक धुंध या बादलों की वजह से रनवे दिखना बंद हो जाए, तो पायलट सेकंडों में ‘Go-Around’ की प्रक्रिया शुरू करता है। इसका मतलब है:
फुल थ्रॉटल: इंजन की पावर बढ़ाकर विमान को वापस ऊपर ले जाना।
सुरक्षा पहले: जबरदस्ती लैंडिंग के बजाय हवा में सुरक्षित ऊंचाई पर पहुंचना।
री-ट्राय: मौसम साफ होने का इंतज़ार करना या दूसरे रनवे की कोशिश करना।
यह पायलट की हार नहीं, बल्कि उसकी बेहतरीन ट्रेनिंग और सूझबूझ है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए ‘Go-Around’ सबसे सुरक्षित फैसला माना जाता है।
सीधा गणित: रनवे नहीं दिखा = दोबारा कोशिश। क्योंकि जान है तो जहान है!

वीडियो के 66 लाख से अधिक व्यूज हो चुके हैं।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से बारामती विमान हादसे के बारे में गूगल पर सर्च किया। टीवी 9 की वेबसाइट पर 29 जनवरी 2026 को अपडेट की गई रिपोर्ट के अनुसार, “महाराष्ट्र के पुणे जिले में बारामती एयरपोर्ट के पास टेबलटॉप रनवे से करीब 200 मीटर की दूरी पर विमान हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के महानिदेशक और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हादसे की जांच जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान के पहली बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान दृश्यता कम थी, जिसकी सूचना पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी थी। दूसरे प्रयास में रनवे दिखाई दिया तो लैंडिंग की अनुमति दी गई। VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से संचालित 16 साल पुराना चार्टर्ड विमान ‘लियरजेट’ लैंडिंग के दूसरे प्रयास में हादसे का शिकार हो गया। हादसे में कैप्टन सुमित कपूर, सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विधिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली की भी मौत हुई है।”

आजतक की वेबसाइट पर 28 जनवरी को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “28 जनवरी को सुबह 8:10 पर ‘लीयरजेट-45’ विमान ने मुंबई से बारामती के लिए उड़ान भरी। उड़ान सामान्य थी, मौसम में कोई चेतावनी दर्ज नहीं थी। करीब 8:37 पर विमान पहली बार रडार से गायब हो गया। दो मिनट बाद 8:39 पर वह दोबारा दिखाई दिया। फ्लाइटराडार-24 के आंकड़े बताते हैं कि इस दौरान विमान ने ‘गो-अराउंड मैन्यूवर’ किया यानी लैंडिंग को बीच में छोड़कर दोबारा ऊंचाई ली। 8 बजकर 38 मिनट 18 सेकंड पर पहली लैंडिंग की कोशिश हुई, लेकिन खराब दृश्यता के कारण विमान नहीं उतर पाया। 8 बजकर 38 मिनट 45 सेकंड पर पायलट गो-अराउंड का फैसला लेते हैं। विमान उसी दिशा में लौटता है, जिस दिशा से आया था। इसके बाद 8:42 पर पायलटों ने एटीसी को सूचित किया कि कम दृश्यता के कारण रनवे दिखाई नहीं दे रहा है। 8 बजकर 43 मिनट 11 सेकंड पर विमान दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश करता है। पायलट कहते हैं- ‘रनवे इन साइट’। एटीसी ने रनवे-11 पर लैंडिंग की अनुमति दी। 8:44 पर विमान रनवे के थ्रेशोल्ड (शुरुआती बिंदु) के पास पहुंचा, लेकिन अचानक गोता लगाकर बगल की खाई में जा गिरा।”

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, पवार चुनाव प्रचार के लिए वहां जा रहे थे।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो की जांच के लिए उसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। वायरल वीडियो हमें douglesso नामक यूट्यूब चैनल पर 12 जून 2013 को अपलोड मिला। इसमें दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो बोइंग बिजनेस जेट का है। इसमें बारिश के दौरान प्लेन को लैंड कराते वक्त पायलट के अनुभव को बताया गया है।

वीडियो में इसके सही लोकेशन की कोई जानकारी नहीं दी गई है, इसलिए विश्वास न्यूज लोकेशन की पुष्टि नहीं करता है। हालांकि, इतना साफ है कि वायरल वीडियो बोइंग बिजनेस जेट का है और यह करीब 13 साल से इंटरनेट पर मौजूद है।

इस बारे में हमने महाराष्ट्र के स्थानीय पत्रकार वरुण सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि अजित पवार के विमान हादसे से जुड़ा इस तरह का कोई वीडियो सामने नहीं आया है। हां, हादसे के कुछ सीसीटीवी फुटेज जरूर मिले हैं।

बारामती विमान हादसे के नाम से पुराना वीडियो शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के इंस्‍टाग्राम पर करीब 24 हजार फॅालोअर्स हैं।

निष्कर्ष: बारामती विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। खराब दृश्यता के कारण विमान पहली बार लैंडिंग में सफल नहीं हो पाया था। दूसरी बार लैंडिंग के प्रयास में वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, वायरल वीडियो का इस हादसे कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : यह वीडियो अजित पवार के विमान हादसे का है।
  • Claimed By : Insta User- mxsandipeditz
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें
Mx Sandip Editz

Hello Sir, I am mxsandipeditz. I am not the claimant of the video which you have checked and verified. I also picked up this video from Instagram because I am an editor and I have edited it in my own way.I put the heading and this video went viral. Sir, I did not know earlier whether this video was related to Ajit Pawar Sir or not. We had taken this video from Instagram itself and wrote the caption on it in our own way.But please forgive me for this unintentional voice. From now on, I will not upload such videos which give wrong message to the public. I request you to understand my point and please remove the claim made against me.I will be very grateful to you because Sir, I also have an Instagram family of 24 people, for whom it is important to understand and show what is right and what is wrong, that is why this is the first time this has happened wrong, you should withdraw your claim. And please remove this post that you have posted from the site, thank you sir

Anil Kumar Yadav

right मुझे पता नहीं चला कि वीडियो असली है या एडिट किया है

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later