Fact Check: पीएम मोदी ने राष्ट्रपति को नहीं किया अनदेखा, वायरल दावा भ्रामक
पीएम मोदी ने भी राष्ट्रपति मुर्मू के सामने हाथ जोड़कर शिष्टाचार अभिवादन किया था। वायरल तस्वीर उस समय की है, जब पीएम मोदी का अभिवादन कर वह आगे बढ़ गई थीं। उसी पल की तस्वीर निकाल कर सोशल मीडिया पर यूजर्स अब गलत दावे साथ शेयर कर रहे हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jan 29, 2026 at 04:50 PM
- Updated: Jan 30, 2026 at 03:17 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़ी प्रधानमंत्री मोदी की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। फोटो में देखा जा सकता है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी के सामने हाथ जोड़े हुए खड़ी हैं। इस फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रपति मुर्मू ने हाथ जोड़कर पीएम मोदी को शिष्टाचार अभिवादन किया। लेकिन पीएम ने इसे अनदेखा कर दिया और अपने स्थान पर खड़े रहे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। पीएम मोदी ने भी राष्ट्रपति मुर्मू को हाथ जोड़कर शिष्टाचार अभिवादन किया था। वायरल तस्वीर उस समय की है, जब पीएम मोदी का शिष्टाचार अभिवादन कर वह आगे बढ़ गई थीं। उसी पल की तस्वीर निकाल कर सोशल मीडिया पर यूजर्स अब गलत दावे साथ शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Adity Raj’ ने 29 जनवरी 2026 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “ये महामानव राष्ट्रपति का भी सम्मान नहीं करता। क्या आपकी नजर में यह आचरण अच्छा है?”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर से जुड़ा वीडियो ‘President of India’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 26 जनवरी 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार, वीडियो 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में हुए स्वागत समारोह का है। वीडियो में 1 मिनट 27 सेकंड पर देखा जा सकता है कि राष्ट्रपति मुर्मू के शिष्टाचार अभिवादन करने पर पीएम मोदी ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया हैं। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू अन्य लोगों से मिलने के लिए आगे बढ़ जाती हैं और पीएम मोदी हाथ नीचे कर खड़े हो जाते हैं। इसी क्षण की तस्वीर को अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
दोनों तस्वीरों को नीचे देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता विजय सोनकर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा भ्रामक है और पीएम की छवि को खराब करने के लिए सोशल मीडिया पर इस तरह के दावे को शेयर किया जा रहा है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
अंत में हमने फोटो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 1.4 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं। अपनी प्रोफाइल में यूजर ने खुद को डिजिटल क्रियेटर बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू को हाथ जोड़कर शिष्टाचार अभिवादन किया था। वायरल तस्वीर उस समय की है, जब पीएम मोदी का अभिवादन कर वह आगे बढ़ गई थीं। उसी पल की तस्वीर निकाल कर सोशल मीडिया पर यूजर्स अब गलत दावे साथ शेयर कर रहे हैं।
- Claim Review : पीएम मोदी ने राष्ट्रपति को किया अनदेखा।
- Claimed By : FB User Adity Raj
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












