Fact Check: म्यूजिक वीडियो के सीन को आरक्षण के कारण की गई आत्महत्या बताकर किया जा रहा है वायरल
आरक्षण की वजह से लड़की द्वारा आत्महत्या किए जाने के दावे से वायरल हो रही तस्वीरें किसी असली घटना की नहीं, बल्कि एक तेलुगु गाने की हैं। इन्हें अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Feb 21, 2026 at 02:37 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक लड़की की तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि आरक्षण की वजह से उसने आत्महत्या कर ली। पोस्ट में कहा जा रहा है कि लड़की के पिता ने उसकी पढ़ाई के लिए कर्ज लिया था, लेकिन आरक्षण की वजह से वह 3 बार असफल हो गई। इसके बाद लड़की ने आत्महत्या कर ली।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल हो रही तस्वीर किसी असली घटना की नहीं, बल्कि एक तेलुगु गाने की है। इस गाने की तस्वीर को अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘आशीष व्यास’ ने 18 फरवरी 2026 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “एक और सर्वण बेटी चढ़ी जातिवादी आरक्षण की भेट… बाप गरीब था फिर भी कर्जा लेकर बेटी को पढ़ाई करवाता रहा। लेकिन बेटी जातिवादी आरक्षण के कारण 3 बार असफल हो गई। फिर बेटी भगवान के पास.. ये केसा न्याय है संविधान में जिसमें 35 नम्बर वाला पास और सामान्य वर्ग का छात्र 85 नम्बर लाने के बाद भी फेल।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
सर्च के दौरान हमने पाया कि एक्स यूजर ‘आशीष व्यास’ के इस पोस्ट का रिप्लाई करते हुए ‘Aryansh’ नाम के एक्स यूजर ने तस्वीरों को एक शॉर्ट फिल्म का सीन बताया है। साथ ही उसने एक वीडियो भी शेयर किया है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें दावे से जुड़ा वीडियो ‘Warangal Siddu’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 2 जनवरी 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो गाने के एक प्रोमो का है।
Warangal Siddu के यूट्यूब चैनल को खंगालने पर हमें गाने का पूरा वीडियो 9 जनवरी 2026 को अपलोड हुआ मिला। वीडियो में 32 सेकेंड पर वायरल तस्वीरों वाले सीन को देखा जा सकता है। मौजूद जानकारी के मुताबिक, गाना तेलुगु भाषा में है और प्यार से संबंधित है।
जांच के दौरान हमें ‘warangalsiddu’ का इंस्टाग्राम अकाउंट भी मिला। अकाउंट पर हमें गाने के शूटिंग के वीडियो भी मिले। साथ ही गाने को प्रमोट करने की कई पोस्ट भी अकाउंट पर मौजूद हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने तेलुगु भाषा जानने वाले हैदराबाद की पत्रकार राज किरण से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह गाने की तस्वीरें हैं।
अंत में हमने तस्वीरों को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 25 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर अक्टूबर 2020 से एक्स पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि आरक्षण की वजह से लड़की द्वारा आत्महत्या किए जाने के दावे से वायरल हो रही तस्वीरें किसी असली घटना की नहीं, बल्कि एक तेलुगु गाने की हैं। इन्हें अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : आरक्षण की वजह से छात्रा ने की आत्महत्या।
- Claimed By : X User आशीष व्यास
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












