X
X

Fact Check: इजरायल के सैन्य मुख्यालय पर हिजबुल्लाह के हमले के दावे से वायरल वीडियो न्यूयॉर्क शहर में लगी आग का है

इजरायल के सैन्य मुख्यालय पर हिजबुल्लाह के हमले के दावे से वायरल वीडियो न्यूयॉर्क शहर के मैनहट्टन का है। वहां के एक अपार्टमेंट की इमारत में भीषण आग लग गई थी। यह वीडियो उसी घटना का है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Apr 16, 2026 at 02:56 PM
  • Updated: Apr 16, 2026 at 03:31 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जलती हुई बिल्डिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह इजरायल का है। हिजबुल्लाह ने इजरायल के सैन्य मुख्यालय को निशाना बनाया है और यह वीडियो उसी हमले का है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो इजरायल का नहीं, बल्कि अमेरिका में न्यूयॉर्क शहर के मैनहट्टन का है। वहां के एक अपार्टमेंट की इमारत में भीषण आग लग गई थी। यह वीडियो उसी घटना का है।  

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Nazim Khan Tirwadiya’ ने 15 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “अभी अभी खबर मिली है हिज़्बुल्लाह ने इज़राइली सैन्य मुख्यालय को निशाना बनाया, जो अभी भी जल रहा है और उस पर काबू नहीं पाया जा सका है। जिसमें कई इजरायली सैनिक मौके पर ही मारे जाने की खबर है । रिपोर्ट के अनुसार, कई सैनिक फंसे हुए हैं। इस फुटेज में यह स्पष्ट रूप से दिखाया गया है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का एक लंबा वर्जन ‘FDNY Response Videos’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 12 अप्रैल 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो न्यूयॉर्क शहर के मैनहट्टन का है। मैनहट्टन के मिडटाउन में छह मंजिला एक इमारत आग की चपेट में आ गई थी।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘abc7ny’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 12 अप्रैल 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “मैनहट्टन में एक अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए जमकर मशक्कत करनी पड़ी। एक छह मंजिला इमारत में सुबह करीब 6 बजे आग लग गई। आपातकालीन बचाव कार्य के दौरान दो दमकलकर्मियों को मामूली चोटें आईं। हालांकि, इसके अलावा किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई थी।”

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां देखा जा सकता है।

वीडियो के बारे में हमने इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो इजरायल का नहीं है। यहां के सैन्य मुख्यालय पर इस तरह का कोई हमला नहीं हुआ है और फर्जी दावा वायरल हो रहा है।

क्या है संदर्भ?

गौरतलब है कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, युद्धविराम के बाद पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही है। ऐसे में दोनों देशों के बीच दोबारा सुलह कराने और वार्ता का एक नया दौर शुरू करने के लिए पाकिस्तान का एक प्रतिनिधिमंडल ईरान के अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहा है। वहीं, इजरायल और लेबनान के तनाव को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का कहना है कि दोनों देश शांति वार्ता के लिए तैयार हैं और अमेरिका में मुलाकात कर सकते हैं।

अंत में वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को हमने स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से अधिक लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को हरियाणा का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इजरायल के सैन्य मुख्यालय पर हिजबुल्लाह के हमले के दावे से वायरल वीडियो न्यूयॉर्क शहर के मैनहट्टन का है। वहां के एक अपार्टमेंट की इमारत में भीषण आग लग गई थी। यह वीडियो उसी घटना का है।

  • Claim Review : हिजबुल्लाह ने इजरायल के सैन्य मुख्यालय पर किया हमला।
  • Claimed By : FB User Nazim Khan Tirwadiya
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later