Fact Check: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में हुई मॉक ड्रिल का वीडियो आतंकी हमले के झूठे दावे से वायरल
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारियों का जायजा लेने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। उस दौरान के वीडियो को आतंकी हमले का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: May 1, 2026 at 05:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले के एक साल बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें ‘घायल’ सुरक्षाकर्मियों को एंबुलेंस में ले जाते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकी हमला हुआ है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो किश्तवाड़ में हुई मॉक ड्रिल का है। वहां आतंकी हमले का दावा गलत है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘thenewjbharat’ ने 30 अप्रैल 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया। इस पर लिखा है, “जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में फिर से हुआ आतंकवादी हमला।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर ‘kishtwar_breaking_news‘ ने 24 अप्रैल 2026 को इस वीडियो को पोस्ट किया है। जानकारी के अनुसार, किश्तवाड़ में प्रशासन ने आपातकालीन तैयारियों का आकलन करने के लिए एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया था। अधिकारियों और बचाव दलों ने इस ड्रिल में हिस्सा लिया।

जम्मू-कश्मीर के न्यूज पोर्टल ‘Daily Excelsior’ के यूट्यूब चैनल पर 23 अप्रैल 2026 को इस मॉक ड्रिल से संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया था। इसमें भी वायरल क्लिप देखी जा सकती है। इसके अनुसार, आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारियों का जायजा लेने के लिए यह मॉक ड्रिल की गई थी।
इंस्टाग्राम यूजर ‘the_news_now‘ ने 23 अप्रैल 2026 को इस वीडियो से संबंधित जानकारी दी है।

क्या है संदर्भ?
‘लाइव हिन्दुस्तान’ की वेबसाइट पर 23 अप्रैल 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, ”22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को एक साल पूरा हो गया है। इसे देखते हुए जम्मू-श्रीनगर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद पंजाब और जम्मू-कश्मीर में ‘ब्लैकआउट’ और ‘एयर रेड’ मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी।”
इस बारे में हमने जम्मू में दैनिक जागरण के रिपोर्टर अंचल सिंह से संपर्क कर उन्हें वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि किश्तवाड़ समेत राज्य के कई हिस्सों में मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ था। वायरल वीडियो मॉक ड्रिल का है। किसी नए आतंकी हमले का दावा गलत है।
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। नवंबर 2025 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट की लोकेशन नहीं दी गई है। यूजर को करीब 38 लाख लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारियों का जायजा लेने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। उस दौरान के वीडियो को आतंकी हमले का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकी हमला हुआ है।
- Claimed By : Insta User- thenewjbharat
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












