X
X

Fact Check: विराट-अनुष्का के भावुक होने का वीडियो पुराना, IPL 2026 में आरसीबी को मिली जीत के बाद का नहीं

विराट-अनुष्का के भावुक पलों वाले वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2025 का है। 2025 में आरसीबी को पहली बार आईपीएल में जीत मिली थी। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jun 1, 2026 at 03:10 PM
  • Updated: Jun 2, 2026 at 03:44 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इस साल का खिताब अपने नाम कर लिया है। इसी से जोड़ते हुए आरसीबी के क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि अनुष्का शर्मा दौड़कर कोहली के पास आती हैं और उन्हें गले लगा लेती हैं। फिर कोहली उन्हें देखकर भावुक हो जाते हैं। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह आईपीएल 2026 के फाइनल में आरसीबी को मिली जीत के बाद का है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2025 का है। तब आरसीबी को पहली बार आईपीएल में जीत मिली थी। पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ अब वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Mohd Umar’ ने 1 जून 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “आरसीबी की जीत, विराट की दहाड़ और अनुष्का का ये अंदाज़! विराट कोहली की शानदार पारी RCB की धमाकेदार जीत के बाद अनुष्का शर्मा अपनी खुशी रोक नहीं पाईं और दौड़कर विराट को गले लगा लिया। वीडियो वायरल!”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

अन्य न्यूजर्स भी इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं।

https://twitter.com/chai_milegi/status/2061089832110321936

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘fadingwishperzz’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 3 जून 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो आईपीएल 2025 का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी रिपोर्ट्स ‘एबीपी न्यूज‘ और ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ पर मिलीं। इन रिपोर्ट्स को 4 जून 2025 को प्रकाशित किया गया था। इनके अनुसार, आरसीबी को पहली बार आईपीएल में जीत मिली थी। फाइनल में जीत के बाद विराट कोहली भावुक हो गए थे और अपनी पत्नी अनुष्का को गले लगाकर रोने लगे थे। हालांकि, दोनों के साथ में ग्राउंड पर साल 2026 में आईपीएल की जीत का जश्न मनाने का एक वीडियो सामने आया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो पुराना और 2025 का है, जब पहली बार आरसीबी आईपीएल जीती थी।

क्या है संदर्भ?

गौरतलब है कि आईपीएल के 2026 सीजन में आरसीबी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया । 31 मई 2026 को खेले गए फाइनल में भी आरसीबी का ही दबदबा देखने को मिला । पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटन्स ने आरसीबी को 156 रन का लक्ष्य दिया, लेकिन आरसीबी ने पांच विकेट गंवाकर 161 रन बनाए और जीत हासिल कर ली । यह लगातार दूसरी बार है कि आरसीबी आईपीएल विजेता बनी है। आईपीएल में लगातार दूसरी बार टाइटल अपने नाम करने वाली आरसीबी तीसरी टीम है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है। 

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि विराट-अनुष्का के भावुक पलों वाले वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2025 का है। 2025 में आरसीबी को पहली बार आईपीएल में जीत मिली थी। 

  • Claim Review : IPL 2026 में आरसीबी को मिली जीत के बाद विराट-अनुष्का हुए भावुक।
  • Claimed By : FB User Mohd Umar
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later