Fact Check: बिहार में गाड़ी को आग लगाने की कोशिश का वीडियो CJP के प्रदर्शन का बताकर वायरल
बिहार के गया में हाल ही में हादसे के बाद गुस्साए व्यक्ति ने गाड़ी में आग लगाने की कोशिश की थी। उस घटना के वीडियो को दिल्ली के प्रदर्शन का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 25, 2026 at 05:02 PM
- Updated: Jul 29, 2026 at 04:56 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक मुस्लिम व्यक्ति को थार गाड़ी में आग लगाने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। कछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि प्रदर्शन के दौरान एक मुस्लिम शख्स ने गाड़ी में आग लगाने की कोशिश की।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल दावा गलत है। दरअसल, बिहार के गया में हाल ही में एक हादसा हुआ था, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने गाड़ी में आग लगाने की कोशिश की थी। वीडियो उसी घटना का है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Tricitynews123’ ने 22 जुलाई 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर थार गाड़ी में आग लगाने की कोशिश की। इसके बाद जब पुलिस ने उसे काबू में करने का प्रयास किया, तो मौके पर मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प शुरू हो गई।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया तो इंस्टाग्राम यूजर ‘purnea_central_news_’ के अकाउंट से 18 जुलाई 2026 को इस वीडियो का लंबा वर्जन पोस्ट किया गया है। इसमें वीडियो को बिहार के गया में हुई घटना का बताया गया है।

‘न्यूज 18’ के यूट्यूब चैनल से भी 18 जुलाई 2026 को इस वायरल वीडियो को पोस्ट करते हुए जानकारी दी गई कि बिहार में हादसे के बाद थार में आग लगाने की कोशिश की गई।
गया के स्थानीय यूट्यूब न्यूज चैनल ‘Gaya 24×7‘ के फेसबुक पेज से 16 जुलाई 2026 को इस घटना का दूसरा वीडियो पोस्ट किया गया है। इसके अनुसार, गया में भाजपा का स्टीकर लगी गाड़ी ने ने कुछ लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोग घायल हो गए। गाड़ी को एक युवती चला रही थी।

‘Gaya Dastak’ नाम के एक अन्य फेसबुक यूजर ने इसी घटना की वीडियो न्यूज 16 जुलाई 2026 को पोस्ट करते हुए लिखा, “गया के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जयप्रकाश धरना स्थल के पास भाजपा का स्टीकर लगी तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक और ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इसके बाद गुस्साए लोगों ने वाहन में तोड़फोड़ की और आग लगाने का प्रयास किया। सिटी एसडीपीओ सरोज कुमार ने कहा कि घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।”

इस बारे में हमने ‘Gaya 24×7’ के एडमिन फैज से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वीडियो में जो व्यक्ति आग लगाने की कोशिश कर रहा है, उसके भाई की हादसे में गंभीर चोट आई थी। उसका पटना में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने बल का प्रयोग कर भीड़ को हटा दिया था।
क्या है संदर्भ?
दिल्ली के जंतर-मंतर पर करीब एक माह से चल रहे सीजेपी के प्रदर्शन के बाद 25 जुलाई 2026 को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया।
वहीं, सरकार के साथ तीसरे दौर की बातचीत के बाद सीजेपी ने अपना आंदोलन वापस ले लिया और प्रदर्शनकारियों से अपने घरों को लौटने की अपील की।
इससे पहले 20 जुलाई को ‘संसद मार्च‘ के दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षाबल ने बल का प्रयोग किया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए थे।
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। 11 जुलाई 2026 को बने इस पेज की लोकेशन चंडीगढ़ दी गई है और इसके 109 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: बिहार के गया में हाल ही में हादसे के बाद गुस्साए व्यक्ति ने गाड़ी में आग लगाने की कोशिश की थी। उस घटना के वीडियो को दिल्ली के प्रदर्शन का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : प्रदर्शन के दौरान एक मुस्लिम शख्स ने गाड़ी में आग लगाने की कोशिश की।
- Claimed By : FB User- Tricitynews123
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












