Fact Check: सीआरपीएफ के जवान को पीटने का कांवड़ियों का वीडियो पुराना, वायरल दावा भ्रामक
सीआरपीएफ के एक जवान के साथ मारपीट करते कांवड़ियों के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में यह घटना साल 2025 में मिर्जापुर रेलवे स्टेशन की है। दरअसल, सीआरपीएफ के एक जवान की कुछ कांवड़ियों के साथ बहस हो गई थी। फिर उन्होंने जवान के साथ मारपीट किया था। इस मामले में आरोपियों पर केस दर्ज किया गया था।
- By: Pragya Shukla
- Published: Aug 10, 2026 at 05:06 PM
- Updated: Aug 10, 2026 at 06:30 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांवड़ यात्रा 2026 के बीच ‘केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल’ (सीआरपीएफ) के एक जवान को पीटते हुए कुछ लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को हाल की घटना का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि कुछ कांवड़ियों ने एक फौजी के साथ मारपीट की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। यह वीडियो साल 2025 में हुई एक घटना का है। दरअसल, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर सीआरपीएफ का एक जवान अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहा था। तभी वहां मौजूद कुछ कांवड़ियों से किसी बात पर जवान की बहस हो गई। इसके बाद कांवड़ियों ने उस जवान के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने तब केस भी दर्ज किया था।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Amjad Khan’ ने 7 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “कांवड़ियों ने फौजी को पीटा जिनकी वजह से हम सुरक्षित हैं वह आज इन अंध भक्तों से सुरक्षित नही”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने उसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट NDTV के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। इस वीडियो रिपोर्ट को 19 जुलाई 2025 को पोस्ट किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो मिर्जापुर में हुई एक घटना का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक एक रिपोर्ट ‘आजतक’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 19 जुलाई 2025 को प्रकाशित किया गया था। इस रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर CRPF का एक जवान ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन का टिकट खरीद रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों से उसकी बहस हो गई और उन्होंने जवान को घेरकर मारपीट करना शुरू कर दिया।

‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर 19 जुलाई 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, जवान का नाम गौतम था और कहासुनी के बाद कांवड़ियों ने उनके साथ मारपीट की थी। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में अपराध संख्या 411/25, 412/25, 413/25 धारा 145, 147 रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने ‘दैनिक जागरण’ मिर्जापुर के रिपोर्टर आनंद चतुर्वेदी के संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो करीब एक साल पहले हुए मामले का है। तब मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर एक सीआरपीएफ जवान की कुछ कांवड़ियों के साथ बहस हो गई थी और उन्होंने जवान को पीट दिया था।
क्या है संदर्भ?
हर साल सावन के महीने में शिवभक्त कांवड़ यात्रा करते हैं। कांवड़ लेकर भक्त हरिद्वार, ऋषिकेश, गोमुख और अन्य पवित्र स्थानों से नदियों के तटों की ओर जाते हैं। वहां से वे गंगाजल भरकर लाते हैं और अपने स्थानीय शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस साल कांवड़ यात्रा की शुरुआत 30 जुलाई से हुई है और यह 11 अगस्त 2026 तक चलेगी। सावन की शिवरात्रि के दिन कांवड़िए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर इस यात्रा का समापन करेंगे। यात्रा के दौरान कई बार विवाद की खबरें भी आती हैं। कई बार सड़क हादसों में यात्रियों या कांवड़ियों की मौत भी हो जाती है। इस पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 20 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सीआरपीएफ के एक जवान के साथ मारपीट करते कांवड़ियों के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में यह घटना साल 2025 में मिर्जापुर रेलवे स्टेशन की है। दरअसल, सीआरपीएफ के एक जवान की कुछ कांवड़ियों के साथ बहस हो गई थी। फिर उन्होंने जवान के साथ मारपीट किया था। इस मामले में आरोपियों पर केस दर्ज किया गया था। पुरानी घटना के वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : कांवड़ियों ने एक फौजी के साथ मारपीट की।
- Claimed By : FB User Amjad Khan
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












