Fact Check: नेपाल में तबाही के दावे के साथ शेयर वीडियो सीरियल की शूटिंग का है, AI से बना वीडियो भी वायरल
नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही के दावे के साथ वायरल हो रहा एक वीडियो इंडोनेशिया के सीरियल की शूटिंग का है, जबकि दूसरा एआई निर्मित है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 28, 2026 at 05:44 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल में 26 अगस्त 2026 को बाढ़ आने से भीषण तबाही मची है। इससे जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक में मलबे और बिखरी ‘लाशों’ को दिखाया गया है, जबकि दूसरे में एक पुल को बाढ़ में बहते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इन्हें शेयर कर दावा कर रहे हैं कि ये वीडियो नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही के मंजर के हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही के दावे के साथ वायरल हो रहा एक वीडियो इंडोनेशियाई टीवी सीरियल की शूटिंग का है, जबकि पुल बहने वाला वीडियो एआई निर्मित है। हालांकि, नेपाल में बाढ़ से सैकड़ों लोगों की मौत हुई है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘publicbharattvlive’ ने 27 अगस्त 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “नेपाल में तबाही के बाद का मंजर: कई गांव उजड़े, कई परिवार हुए बेघर”।

एक्स यूजर ‘Upendra Yadav’ ने भी नेपाल में तबाही के मंजर के दावे से एक अन्य वीडियो 27 अगस्त 2026 को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया।
पड़ताल
दोनों वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने इन्हें एक-एक करके चेक किया।
पहला वीडियो
इस वीडियो को ध्यान से देखने पर इसमें एक जगह पर शूटिंग का दृश्य दिखता है, जिससे हमें यह वीडियो संदिग्ध लगा।

इसके बाद हमने इसके कीफ्रेम को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया तो इंस्टाग्राम यूजर ‘geo.rof‘ ने 3 जुलाई 2026 को इस वीडियो को पोस्ट किया है। पोस्ट में लिखा है, “घंटों पानी में रहना, थकान से जूझना और इतनी ठंड सहना कि पैर तक पीले पड़ जाएं—उन्होंने आप तक बेहतरीन कहानी पहुंचाने के लिए अपनी पूरी जान लगा दी। उन सभी का शुक्रिया जिन्होंने इतने दिल से काम किया। Lautan Cinta देखना न भूलें, जो रोजाना 18:20 WIB पर सिर्फ SCTV पर प्रसारित होता है।” (गूगल ट्रांसलेट से किया गया अनुवाद)

फेसबुक पेज ‘Affan.rafisqy’ से 28 जुलाई 2026 को इसी सीरियल का एक अन्य वीडियो पोस्ट करते हुए इसे Lautan Cinta सीरियल का बताया गया। इसमें वायरल वीडियो के कुछ हिस्सों को भी देखा जा सकता है।

इंडोनेशिया के न्यूज पोर्टल ‘JournalArta‘ की 11 जुलाई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, ‘लौटन सिंटा’ की कहानी 2004 में इंडोनेशिया में आई सुनामी में बिछड़े एक परिवार की है। इस सुनामी में दो लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

वीडियो की अधिक पुष्टि के लिए हमने नेपाल के न्यूज पोर्टल ‘लुंबिनी राइज’ के संपादक विनोद परियार से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो नेपाल का नहीं है। यहां अभी कई लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
हमने इंडोनेशिया के न्यूज पोर्टल ‘JournalArta’ को भी मेल कर इस वीडियो के बारे में संपर्क किया है। जवाब आने पर खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।
इससे साफ होता है कि इस वीडियो का नेपाल में आई बाढ़ से कोई संबंध नहीं है।
दूसरा वीडियो
इसके बाद हमने पुल बहने वाले दूसरे वीडियो को चेक किया। इसमें एक व्यक्ति ट्रक के ऊपर खड़ा दिख रहा है, जो ऐसी स्थिति में अस्वाभाविक सा है और पुल टूटते समय भी लोग सीधे नीचे नहीं गिरते दिख रहे हैं। इससे हमें यह वीडियो एआई संभावित लगा।

हमने इसे एआई डिटेक्शन टूल्स से चेक किया। इसके कीफ्रेम को हमने ‘वाजइटएआई’, ‘साइटइंजन’ और ‘इजइटएआई’ से चेक किया।
‘वाजइटएआई’ ने इसे 99 फीसदी एआई से बना हुआ बताया।

‘साइटइंजन’ ने भी इसके एआई से बने होने की संभावना 99 फीसदी जताई।

‘एआईऑरनॉट’ ने भी इसके कीफ्रेम को 94 फीसदी एआई संभावित बताया।

इससे पता चलता है कि यह वीडियो एआई निर्मित है।
क्या है संदर्भ?
26 अगस्त 2026 को नेपाल-तिब्बत बॉर्डर पर अचानक बाढ़ आ गई। ‘द हिमालयन टाइम्स’ की 28 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार, “भोटेकोशी में आई बाढ़ के पीड़ितों की तलाश का दायरा बढ़ा दिया गया है। 28 अगस्त की सुबह तक मरने वालों की संख्या 469 हो गई है। पुलिस ने बताया कि 2,381 लोग लापता हैं, जिनमें 644 विदेशी नागरिक शामिल हैं। इनमें 178 भारतीय, 65 अमेरिकी, 53 यूक्रेनी, 51 मलेशियाई, 35 ऑस्ट्रेलियाई, 33 ब्रिटिश और 25 कनाडाई नागरिक शामिल हैं। विदेश में रहने वाले 127 नेपाली नागरिक भी लापता हैं जो घूमने के लिए आए थे।”
‘ईकांतिपुर’ की अपडेट रिपोर्ट के अनुसार, “भोटेकोशी आपदा का तीसरा दिन है। मौसम वैज्ञानिक, पहाड़ और ग्लेशियर के जानकार अचानक आई बाढ़ के कारणों की जांच कर रहे हैं। नेपाल सेना समेत कई स्वयंसेवक घायलों को बचाने और बाढ़ पीड़ितों की तलाश में जुटे हैं।”
‘काठमांडू पोस्ट’ की 28 अगस्त 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, “छोचेन खोला और पुरेपु त्सांगपो नदियों के संगम के पास बनी एक बड़ी बैरियर झील टूट गई है, जिससे नेपाल की भोटेकोशी नदी में पानी के एक और तेज बहाव का नया खतरा पैदा हो गया है। रसुवा के मुख्य जिला अधिकारी नरेंद्र परियार ने बताया कि नेपाली सेना ने उन्हें जानकारी दी है कि झील टूट गई है।”
एआई वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। मई 2020 में बने इस अकाउंट के चार हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही के दावे के साथ वायरल हो रहा एक वीडियो इंडोनेशिया के सीरियल की शूटिंग का है, जबकि दूसरा एआई निर्मित है।
- Claim Review : यह वीडियो नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही का है।
- Claimed By : Insta User- publicbharattvlive
- Fact Check : भ्रामक
- Insta Post of geo.rof, Dated 3 Jul 2026
- FB Post of Affan.rafisqy, Dated 28 Jul 2026
- News Report of Journal Arta, Dated 11 Jul 2026
- AI Detection Tool Was It AI
- AI Detection Tool Seightengine
- AI Detection Tool AI Or Not
- News Report of The Himalayan Times, Dated 28 Aug 2026
- News Report of Ekantipur, Dated 26 Aug 2026
- News Report of Kathmandu Post, Dated 28 Aug 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












