Fact Check: बांग्लादेश में युवक से लूटपाट का वीडियो भारत का बताकर सांप्रदायिक दावा वायरल
बांग्लादेश के ढाका में सितंबर 2026 में राह चलते एक युवक के साथ लूटपाट हुई थी। उसी वारदात के वीडियो को भारत का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 16, 2026 at 05:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सांप्रदायिकसांपद्रायिक दावे के साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दो लोगों को धारदार हथियार के लेकर साथ राह चलते एक व्यक्ति पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो भारत का है और वहां एक मुस्लिम व्यक्ति पर हमला किया गया है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का है। ढाका में सरेराह लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसके वीडियो को भारत का बताकर अब वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘MiX_1jv’ ने 15 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “भारत में मुसलमानों को सबके सामने पीटा जा रहा है। यह मोदी का असली चेहरा है और मानवाधिकार संगठन इस पर चुप हैं।” (अनुवाद)

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। बांग्लादेश के न्यूजपेपर ‘উত্তর বাংলা‘ (उत्तोर बांग्ला) के फेसबुक पेज पर 15 सितंबर 2026 को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा गया, “मोहम्मदपुर का नबीनगर हाउसिंग एरिया दिन के समय सुनसान रहता है। यहां तक कि पैदल चलने वाले लोग भी चुपचाप देखते रहते हैं।”

यूट्यूब चैनल ‘somoynewslive45’ पर 13 सितंबर 2026 को वायरल क्लिप का लंबा वर्जन अपलोड किया गया था। इसमें इसे मोहम्मदपुर के नबीनगर हाउसिंग इलाके में हुई लूटपाट का बताया गया। वीडियो में दोनों लोगों को एक व्यक्ति से लूटपाट करते हुए देखा जा सकता है।
ढाका स्थित न्यूज पोर्टल ‘Dainik Sokal’ के फेसबुक पेज पर भी 15 सितंबर 2026 को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए इसे मोहम्मदपुर के नबीनगर हाउसिंग में सरेआम लूटपाट का बताया गया। वीडियो पर 7 सितंबर 2026 की तारीख और ढाका, बांग्लादेश की लोकेशन दी गई है।

‘Matribhumir Khobor’ के फेसबुक पेज पर भी 14 सितंबर 2026 को इस वीडियो को मोहम्मदपुर के नबीनगर हाउसिंग का बताकर पोस्ट किया गया था।

इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने ‘उत्तोर बांग्ला’ के संपादक डॉ. शाश्वत भट्टाचार्य से संपर्क किया। उन्होंने बताया, “यह ढाका, बांग्लादेश में हुई लूट का वीडियो है। यह वारदात मोहम्मदपुर में हुई थी। पीड़ित के नाम के बारे में कोई जानकारी नहीं है।“
क्या है संदर्भ?
भारत में अक्सर बांग्लादेश की घटनाओं के वीडियो गलत सांप्रदायिक दावों के साथ वायरल होते रहते हैं। कई बार वहां के वीडियो को भारत में मुसलमानों के साथ मारपीट का बताकर शेयर किया जाता है। विश्वास न्यूज अक्सर ऐसे वीडियो की सच्चाई अपने पाठकों तक फैक्ट चेक के माध्यम से सामने लाता रहता है।
बांग्लादेश के वीडियो को भारत का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। अगस्त 2026 में बने इस अकाउंट की लोकेशन यमन दिख रही है। सितंबर 2026 में यूजर ने अपना यूजरनेम बदला था।
निष्कर्ष: बांग्लादेश के ढाका में सितंबर 2026 में राह चलते एक युवक के साथ लूटपाट हुई थी। उसी वारदात के वीडियो को भारत का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : यह वीडियो भारत का है और वहां एक मुस्लिम व्यक्ति पर हमला किया गया है।
- Claimed By : X User- MiX_1jv
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












