Fact Check: बांग्लादेश में कारोबार को लेकर हुए विवाद के वीडियो को हिंदू महिला टीचर के साथ मारपीट के दावे से किया जा रहा वायरल
महिला के साथ मरापीट के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत पाया। दरअसल, इस वीडियो में नजर आ रही महिला मुस्लिम है। बांग्लादेश में उसके बिजनेस को लेकर हुए विवाद के बाद के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 3, 2026 at 01:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एक महिला के साथ बदसलूकी और मारपीट करती भीड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को सांप्रदायिक रंग देकर शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह बांग्लादेश में हुई घटना का है, जहां एक हिंदू महिला टीचर के साथ मारपीट की गई है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। दरअसल, वीडियो में नजर आ रही महिला मुस्लिम है और उसके कारोबार को लेकर हुए विवाद के बाद का यह वीडियो है। इसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Raastra Premi’ ने 1 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “भारत में भाईचारा निभाने वाले हिंदुओ आंख खोल कर देखो, हिंदू महिला शिक्षक को कैसै बांग्लादेश में सरेआम लातो से पीटकर जलील किया जा रहा है, काश यह महिला किसी सेक्युलर की बहन बेटी होती तो अहसास होता कि एकतरफा भाईचारे का क्या होता है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने ‘इनविड टूल’ की मदद से इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट बांग्लादेशी वेबसाइट ‘The Daily Star’ पर मिली। इस रिपोर्ट को 30 अगस्त 2026 को प्रकाशित किया गया था। इसके अनुसार, यह वीडियो बांग्लादेश के राजबाड़ी स्थित कादेरिया में हुई एक घटना का है। दरअसल, 29 अगस्त 2026 को वहां के सुपारमार्केट में अपने ही एक कर्मचारी से महिला का विवाद हो गया था। यह वीडियो उसी के बाद का है। महिला का नाम ‘जकिया सुल्ताना’ है और कादेरिया के सुपारमार्केट में ‘आस्था फैशन’ के नाम से उसकी एक दुकान है।

बांग्लादेश की वेबसाइट ‘bangla.bdnews24.com’ पर 30 अगस्त 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, जकिया सुल्ताना का उसी की दुकान पर काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के साथ नौकरी छोड़ने और अपनी खुद की दुकान खोलने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद जकिया सुल्ताना ने अपनी महिला कर्मचारी और उसके दुकान की शिकायत बाजार समिति से की थी। बाद में जकिया ने कुछ महिलाओं के साथ मिलकर बाजार समिति के खिलाफ जुलूस निकाला था। इसके बाद बाजार में तनाव बढ़ गया था और कुछ लोगों ने जकिया पर पुलिस के सामने ही हमला कर दिया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस पर काफी सवाल उठे थे।

पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी कई अन्य न्यूज रिपोर्ट भी मिलीं। इन रिपोर्ट्स में महिला को कारोबारी जकिया सुल्ताना ही बताया गया है। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने बांग्लादेश के फैक्ट चेकर तौसिफ मेहताब से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। महिला का नाम जकिया सुल्ताना है और यह वीडियो उसके कारोबार को लेकर हुए एक विवाद के बाद का है।
क्या है संदर्भ?
बांग्लादेश में हुई घटनाओं के वीडियो अक्सर गलत दावों के साथ भारत में वायरल होते रहते हैं। कई बार ऐसे वीडियो को भारतीय मुसलमानों पर हुए अत्याचार के नाम पर शेयर किया जाता है। विश्वास न्यूज अक्सर ऐसे वीडियो की सच्चाई अपने पाठकों तक फैक्ट चेक के माध्यम से सामने लाता है, जिन्हें यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब चार हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला के साथ मरापीट के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत पाया। दरअसल, इस वीडियो में नजर आ रही महिला मुस्लिम है। बांग्लादेश में उसके बिजनेस को लेकर हुए विवाद के बाद के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : बांग्लादेश में एक हिंदू महिला टीचर के साथ हुई मारपीट।
- Claimed By : FB User Raastra Premi
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












