Fact Check: गरबा कार्यक्रमों में महिलाओं को आपत्तिजनक तरीके से दिखाते ये वीडियो AI-निर्मित
गरबा खेलती महिलाओं को आपत्तिजनक तरीके में दिखाने के वायरल वीडियो एआई से बनाए गए हैं और इन्हें गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Oct 19, 2026 at 06:23 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देशभर में 19 अक्टूबर 2026 को नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया और इन नौ दिनों में लोगों ने गरबा भी खेला। इस दौरान गरबा खेलती लड़कियों के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। ऐसे ही कुछ वीडियो शेयर कर महिलाओं और उनके कपड़ों के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो फर्जी हैं। इन्हें एआई की मदद बनाया गया है। महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘@upuknews1′ ने 16 अक्टूबर 2026 को एक पोस्ट करते हुए चार वीडियो शेयर किए और अंग्रेजी कैप्शन में लिखा, “गरबा जैसे सुंदर उत्सव को अश्लीलता के प्रदर्शन में क्यों बदलना? गरबा सिर्फ एक नृत्य नहीं है; यह मां दुर्गा के प्रति भक्ति, हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नवरात्रि की भावना का उत्सव है। आधुनिक फैशन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अपना महत्व है, लेकिन क्या किसी उत्सव के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को भी अहमियत नहीं मिलनी चाहिए? जब पूरा ध्यान भक्ति और परंपरा से हटकर केवल चौंकाने वाली बातों और सनसनी फैलाने पर आ जाता है, तो इस उत्सव की असली भावना खो जाने का खतरा पैदा हो जाता है। फैशन का आनंद लें, स्वतंत्रता को अपनाएं, लेकिन उन परंपराओं को न भूलें, जो गरबा को खास बनाती हैं। इस उत्सव का सम्मान करें। संस्कृति का आदर करें। नवरात्रि की भावना को जीवित रखें।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
पहला वीडियो
पहले वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला ने काले रंग का ब्लाउज और स्कर्ट पहना है और वह गरबा खेल रही है। इसकी सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें ओरिजिनल वीडियो ‘sofi_russian86’ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 14 अक्टूबर 2026 को शेयर किया गया था। इस वीडियो में महिला को पूरा लहंगा पहने हुए देखा जा सकता है।

इस वीडियो को एआई की मदद से मैनिपुलेट किया गया है, या नहीं, यह जानने के लिए हमने एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ की मदद ली। इस टूल की एनालिसिस में वीडियो के करीब 63 फीसदी तक एआई से मैनिपुलेटे होने की संभावना की पुष्टि हुई।

हमने इस वीडियो को ‘Meta AI’ टूल से भी जांचा । इस टूल ने भी वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

दूसरा वीडियो
दूसरे वीडियो में बैंगनी रंग के कपड़े पहनी एक महिला को वीडियो बनाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि महिला के हिलने पर भी कई बार उसके कपड़ों में कोई मूवमेंट नहीं होती है। साथ ही, महिला के तीन कंगन अपने आप दो हो जाते हैं। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ। हमने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें इस वायरल वीडियो से जुड़ी एक तस्वीर ‘style.bykc’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 10 सितंबर 2026 को शेयर की हुई मिली। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल तस्वीर को एआई की मदद से बनाया गया है। इस प्रोफाइल को खंगालने पर हमने पाया कि यहां इसी तरह की कई एआई-निर्मित तस्वीरों को शेयर किया गया है।

हमने इस वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स ‘meta.ai’ से सर्च किया। इस टूल ने वीडियो को एआई से बनाए जाने की संभावनाएं जताई।

हमने इस वीडियो को ‘Bite Mide’ टूल से भी चेक किया। इस टूल ने 64 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

तीसरा और चौथा वीडियो
तीसरा और चौथा वीडियो एक ही महिला के हैं और वह गरबा खेलते हुए नजर आ रही है। इनकी सच्चाई जानने के लिए हमने कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो में नजर आ रही महिला की इंस्टाग्राम प्रोफाइल ‘ananyacurve’ मिली। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह प्रोफाइल एआई-निर्मित है। इस प्रोफाइल पर महिला के कई अन्य आपत्तिजनक वीडियो मौजूद हैं। हालांकि, प्रोफाइल में वायरल हो रहे वीडियो मौजूद नहीं थे। हमें इस महिला की फेसबुक प्रोफाइल भी मिली। यहां महिला से संपर्क करने के लिए यूनाइटेड किंगडम (यूके) का नंबर दिया गया है। इतना ही नहीं, जब हमने इस प्रोफाइल के बारे में और सर्च किया, तो हमें महिला का एक वीडियो मिलती-जुलती एक अन्य प्रोफाइल ‘anj.aliroy93’ पर मिला। यहां महिला का एक वीडियो डाला गया है। anj.aliroy93 के बायो में दिए गए लिंक के अनुसार, यहां महिलाओं के वीडियो और तस्वीरों को बेचा जा रहा है।

इस प्रोफाइल की अन्य तस्वीर को गूगल सर्च करने पर हमने पाया कि ‘Aditi Bhadoriya’ नाम की एक इन्फ्लुएंसर की कुछ तस्वीरों को मैनिपुलेटे करके गलत तरीके से शेयर किया गया है।
हमने इन वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल ‘meta.ai’ से सर्च किया। इस टूल ने इन्हें एआई से बनाए जाने के संकेत दिए।

हमने वीडियो को ‘isgen’ टूल से भी जांचा। इस टूल ने करीब 68 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट डॉ. अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहे सभी वीडियो में कई तरह की खामियां है। इनमें महिलाएं हिल और डांस कर रही हैं, लेकिन इनके कपड़े लगभग स्थिर दिखते हैं। इनमें महिलाओं के शरीर के अंग कुछ समय बाद प्रतिक्रिया देते हैं। ऐसी विसंगतियां एआई-निर्मित वीडियो में देखने को मिलती हैं।
क्या है संदर्भ?
यह पहली बार नहीं है, जब महिलाओं के एआई-निर्मित आपत्तिजनक वीडियो शेयर किए गए हैं। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शनों के दौरान भी महिलाओं की ऐसी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो शेयर किए गए थे। विश्वास न्यूज ने इनकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर 13 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर जुलाई 2021 से एक्स पर सक्रिय है। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि गरबा खेलती महिलाओं को आपत्तिजनक तरीके में दिखाने के वायरल वीडियो एआई से बनाए गए हैं और इन्हें गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : गरबा खेलती महिलाओं के वीडियो।
- Claimed By : X User-upuknews1
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












