Fact Check: दिल्ली के सीमापुरी में इमारत गिरने की घटना का बताकर AI वीडियो वायरल
वायरल वीडियो गूगल एआई से बना है। हालांकि, दिल्ली के सीमापुरी में चार मंजिला इमारत गिरने से पांच लोगों की मौत हुई है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 9, 2026 at 04:47 PM
- Updated: Oct 9, 2026 at 04:50 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के सीमापुरी में 7 अक्टूबर 2026 को एक चार मंजिला इमारत गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई थी। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो, सीसीटीवी फुटेज बताकर वायरल किया जा रहा है। इसमें एक इमारत को भरभराकर गिरते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे सीमापुरी में हुई घटना का सीसीटीवी फुटेज बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो एआई-निर्मित निकला। हालांकि, दिल्ली के सीमापुरी में एक इमारत गिरने से पांच लोगों की मौत हुई है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘allindiyanews’ ने 8 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “दिल्ली के सीमापुरी में भरभराकर गिरी बहुमंजिला इमारत। CCTV जैसे वीडियो में हादसे का खौफनाक मंजर सामने आया। 7 अक्टूबर को सीमापुरी इलाके में एक बहुमंजिला इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक कम से कम 5 लोग घायल हुए हैं और 2-3 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई थी। राहत-बचाव अभियान जारी है। हादसे की वजह अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं है। आपके हिसाब से ऐसी पुरानी/जर्जर इमारतों की जांच कितनी जरूरी है?”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें चल रहे टाइमर में 15:27:16 के बाद 15:27:12 और फिर 15:27:18 आता है। साथ ही, इमारत गिरते समय आगे की ओर आता हुआ बाइक सवार पीछे की ओर जाने लगता है। इससे हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
इसके बाद हमने वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स से चेक किया। हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल के ‘सिंथ आईडी’ से चेक किया। इसके एनालिसिस के अनुसार, ये कीफ्रेम्स गूगल एआई से बनाए गए हैं।

‘NVIDIA Synthetic Video Detector’ पर इस वीडियो को चेक करने पर इसका सिंथेटिक स्कोर 52.4% आया। इस एनालिसिस के अनुसार, वायरल वीडियो का सिंथेटिक स्कोर थ्रेशोल्ड (30%) से अधिक था, जिसका मतलब है कि यह सिंथेटिक या AI-जेनरेटेड वीडियो है।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू ने वीडियो को ‘एआईऑरनॉट’ से चेक किया। इसने वीडियो के कीफ्रेम को एआई-निर्मित बताया।

अधिक जानकारी के लिए हमने दिल्ली के सीमापुरी में हुई घटना को कवर करने वाले ‘दैनिक जागरण’, पूर्वी दिल्ली के रिपोर्टर शुजाउद्दीन से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद बचाव अभियान 8 अक्टूबर 2026 को समाप्त हो गया था। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई थी। वायरल वीडियो सीमापुर घटना का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
दिल्ली के सीमापुरी में 7 अक्टूबर 2026 को एक चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई थी। ‘दैनिक भास्कर’ की 8 अक्टूबर की एक रिपोर्ट के अनुसार, ”इमारत गिरने से पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में करीब 12 साल की एक बच्ची और 21 साल की गर्भवती महिला भी शामिल हैं। तीसरे मृत बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में घायल आठ लोगों को राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ताहिरपुर भेजा गया है। दिल्ली नगर निगम के मुताबिक, इमारत दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड की करीब 25 वर्ग गज जमीन पर बनी थी और 20-25 साल पुरानी थी।”
एआई वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को इसके बाद हमने स्कैन किया। फरवरी 2026 में बने इंस्टाग्राम अकाउंट के 3,600 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: वायरल वीडियो गूगल एआई से बना है। हालांकि, दिल्ली के सीमापुरी में चार मंजिला इमारत गिरने से पांच लोगों की मौत हुई है।
- Claim Review : दिल्ली के सीमापुरी में इमारत गिरने का सीसीटीवी फुटेज।
- Claimed By : Insta User- allindiyanews
- Fact Check : झूठ
- AI Detection Tool Synth ID
- AI Detection Tool NVIDIA Synthetic Video Detector
- AI Detection Tool AI Or Not
- News Report by Dainik Bhaskar, Dated 8 Oct 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












