Fact Check: राजदीप सरदेसाई, मनोज झा और सागरिका घोष ने नहीं किया डायबिटीज दूर करने के घरेलू उपाय का प्रमोशन, डीपफेक वीडियो वायरल
राजदीप सरदेसाई, मनोज झा और सागरिका घोष के वीडियो में अलग से आवाज जोड़कर यह डीपफेक वीडियो तैयार किया गया है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Dec 4, 2025 at 05:53 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश के जाने-माने पत्रकार राजदीप सरदेसाई, राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद मनोज झा और टीएमसी की राज्यसभा सांसद व पत्रकार सागरिका घोष का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें डायबिटीज दूर करने के घरेलू उपाय का प्रमोशन करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। यह फर्जी साबित हुई। डीपफेक वीडियो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है। तीनों की अलग-अलग क्लिप का इस्तेमाल करके आवाज अलग से जोड़ी गई है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक पेज आयुर्वेद ने 21 नवंबर को एक वीडियो को अपलोड करते हुए लिखा, “डायबिटीज जड़ से खत्म करने की शक्ति – आयुर्वेद के साथ! क्या आप भी शुगर लेवल से परेशान हैं? अब लीजिए Vedartha Ayurveda का भरोसेमंद फार्मूला – गुड़मार और विजयसार जैसी जड़ी-बूटियों से भरपूर। बिना साइड इफेक्ट के। ब्लड शुगर को प्राकृतिक तरीके से नियंत्रित करें। बार-बार पेशाब, थकान और कमजोरी से राहत। हज़ारों लोगों को मिल चुका है लाभ – अब आपकी बारी है।”
पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे फेसबुक, ट्विटर और वॉट्सऐप पर भी वायरल किया जा रहा है। आकाईव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले सहयोगी ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस (TIA) की पहल डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने अलग-अलग एआई टूल्स के जरिए वायरल वीडियो का एनालिसिस किया। ऑडियो एनालिसिस के लिए Hive AI audio classifier और Hiya जैसे टूल का इस्तेमाल किया गया। दोनों टूल के नतीजों से ऑडियो एआई जेनेरेटेड साबित हुआ।
इसी तरह स्विस डीप-टेक कंपनी के ऑरिजिन एआई टूल का इस्तेमाल किया गया। यह उन्नत ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन इंजन है। इसके जरिए हमें पता 100 फीसदी पता चला कि वायरल वीडियो में इस्तेमाल की गई आवाज एआई निर्मित है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो में इस्तेमाल किए गए आरजेडी नेता और सांसद मनोज झा और टीएमसी सांसद सागरिका घोष के असली वीडियो को सर्च किया । इसके वीडियो ग्रैब्स से सर्च करने पर हमें दोनों नेताओं के असली वीडियो इंडिया टुडे के यूट्यूब चैनल पर शॉर्ट्स के रूप में मिले। इन वीडियो में दोनों नेताओं ने वक्फ बिल के खिलाफ अपनी राय रखी थी।
मनोज झा की असली बाइट 4 अप्रैल 2025 को अपलोड की गई थी। इसी तारीख में सागारिका घोष का वीडियो भी अपलोड किया गया था।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए राजदीप सरदेसाई से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्होंने इसे पूरी तरह से फर्जी बताया। इसी तरह मनोज झा और सागरिका घोष ने भी वायरल वीडियो पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए इसे गलत बताया।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। वायरल पोस्ट में इस्तेमाल किया गया वीडियो डीपफेक साबित हुआ। राजदीप सरदेसाई, मनोज झा और सागरिका घोष के वीडियो में अलग से आवाज जोड़कर यह डीपफेक वीडियो तैयार किया गया है।
- Claim Review : राजदीप सरदेसाई, मनोज झा और सागारिका घोष ने किया डायबिटीज दूर करने के घरेलू उपाय का प्रमोशन
- Claimed By : fb page ayurvedic
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












