Fact Check: वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो की पत्नी की AI तस्वीर अमेरिकी कोर्ट में पेशी की बताकर हो रही शेयर
वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया को मैनहट्टन कोर्ट में पेश किया गया था। सिलिया चेहरे पर चोट और पट्टियों के साथ कोर्ट में पेश हुई थीं। हालांकि, वायरल तस्वीर एआई निर्मित है, असली नहीं।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jan 9, 2026 at 03:15 PM
- Updated: Jan 30, 2026 at 06:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़ लिया गया था। 5 जनवरी को मादुरो और सिलिया को अमेरिका की कोर्ट में पेश किया गया। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें सिलिया के चेहरे पर चोट के निशाना देखे जा सकते हैं। कुछ यूजर्स फोटो शेयर कर दावा कर रहे हैं कि सिलिया की यह तस्वीर अमेरिकी कोर्ट में पेशी के दौरान की है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल तस्वीर एआई टूल की मदद से बनाई गई है। यह असली नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘जागो भारत जागो’ ने 8 जनवरी को तस्वीर को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “यह वेनेजुएला के राष्ट्रपति मदुरै की पत्नी है अमेरिका के कोर्ट में पेशी के दौरान का फोटो है साफ लग रहा है कि इनको गिरफ्तार करने के पहले इनको बहुत बुरी तरह से मारा गया है उनकी आंखे डैमेज है इनका सर भी फूटा है अगर ऐसी घटना भारत में हुई होती जहां किसी क्रिश्चियन महिला के साथ इस तरह का काम होता तो अब तक पूरे भारत के ईसाई मिशनरी पूरी दुनिया के देश छाती कूट-कूट कर पागल हो गए होते लेकिन क्योंकि यह कुकर्म खुद एक ईसाई ट्रम्प ने किया है इसीलिए सब चुप हैं।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। सीएनएन, डब्ल्यूएफएए के यूट्यूब चैनल और सीबीएस मियामी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो न्यूज मिलीं। इन्हें 6 जनवरी को अपलोड किया गया है और इनमें मादुरो और सिलिया की कोर्ट में पेशी के दौरान की खबर दी गई है। इनमें वायरल तस्वीर का इस्तेमाल नहीं किया है।
सीएनएन और सीबीएस मियामी की वीडियो न्यूज में स्केच का इस्तेमाल किया गया है।

इससे हमें वायरल तस्वीर संदेहास्पद लगी। इसकी एआई से संभावना को देखते हुए हमने इसे एआई इमेज डिटेक्शन टूल्स के जरिए चेक किया। ट्रुथ स्कैन ने इस तस्वीर को 93 फीसदी एआई संभावित बताया।

साइट इंजन ने इस तस्वीर को 77 फीसदी एआई संभावित बताया।

सिलिया की हालिया तस्वीर और वायरल तस्वीर का कोलाज देखने पर अंतर देखा जा सकता है।

सीबीएस न्यूज की वेबसाइट पर 6 जनवरी को छपी रिपोर्ट के अनुसार, मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस ने लोअर मैनहट्टन में एक फेडरल कोर्ट में जज के सामने ड्रग तस्करी और दूसरे आरोपों में खुद को बेगुनाह बताया। उन्हें ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। अमेरिकी सेना ने उन्हें एक हमले के दौरान पकड़ा था। वहीं, वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली।

फॉक्स न्यूज की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “मादुरो की पत्नी के वकील प्रॉसिक्यूटर मार्क डोनेली के मुताबिक, सिलिया चेहरे पर पट्टियां बांधकर कोर्ट में आईं और उन्होंने अपनी पसलियों पर चोट के निशान होने की शिकायत की। डोनेली ने कोर्ट को बताया कि शनिवार को जब अमेरिकी सेना ने काराकास में दंपती के कंपाउंड पर छापा मारा, तो सिलिया फ्लोरेस को ‘काफी चोटें’ आईं। डोनेली ने गुजारिश की कि फ्लोरेस का पूरा एक्स-रे किया जाए, ताकि यह पता चल सके कि इस घटना में उनकी कोई पसली टूटी है या नहीं।”

न्यूयॉर्क टाइम्स की वेबसाइट पर भी 5 जनवरी को छपी रिपोर्ट के मुताबिक, “सिलिया मैनहट्टन कोर्ट में अपने चेहरे पर पट्टियों और दाईं आंख पर चोट के निशान के साथ पेश हुईं। उनके वकील ने बताया कि ये चोटें तब लगीं, जब उन्हें अमेरिकी सेना ने पकड़ा था। सिलिया का केस लड़ रहे टेक्सास के वकील मार्क डोनेली ने कहा कि मादुरो की पत्नी को 3 जनवरी को काराकास में पकड़े जाने के दौरान ‘काफी चोटें’ आईं हैं, जिसमें पसली में फ्रैक्चर और नीला निशान पड़ना शामिल है। डोनेली ने सिलिया के पूरे शरीर का एक्स-रे करवाने की मांग की।”

इस बारे में हमने दैनिक जागरण में विदेश मामले कवर करने वाले वरिष्ठ संवाददाता जेपी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि दोनों को कोर्ट में पेश किया गया था। हालांकि, सीलिया के चेहरे पर चोट के निशान वाली ऐसी कोई तस्वीर सामने नहीं आई है।
एआई निर्मित तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 1 लाख 92 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया को मैनहट्टन कोर्ट में पेश किया गया था। सिलिया चेहरे पर चोट और पट्टियों के साथ कोर्ट में पेश हुई थीं। हालांकि, वायरल तस्वीर एआई निर्मित है, असली नहीं।
- Claim Review : सिलिया की यह तस्वीर अमेरिकी कोर्ट में पेशी के दौरान की है।
- Claimed By : FB User- जागो भारत जागो
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












