X
X

Fact Check: सीडीएस अनिल चौहान ने नहीं दिया लद्दाख और अरुणाचल चीन को सरेंडर करने वाला बयान, वायरल वीडियो डीपफेक

कुछ विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स से भारतीय सेना के खिलाफ दुष्प्रचार के तहत सीडीएस जनरल अनिल चौहान का एडिटेड और डीपफेक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसे कुछ यूजर्स सच समझकर शेयर कर रहे हैं। अनिल चौहान ने लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश चीन को सरेंडर करने वाला कोई बयान नहीं दिया है।

CDS Anil Chauhan deepfake, Anil Chauhan deepfake, Indian Army, Anil Chauhan Controversy, Viral Video

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें अनिल चौहान को यह कहते हुए दिखाया गया है कि भारत ने कमजोर एयरफोर्स के कारण लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश चीन को सरेंडर कर दिया है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल वीडियो एडिटेड और डीपफेक निकला। एक कार्यक्रम में अनिल चौहान के संबोधन के वीडियो को एडिट करके उसमें एआई निर्मित आवाज को अलग से जोड़कर क्लिप को वायरल किया जा रहा है। उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। देश में बैन सोशल मीडिया अकाउंट से भारतीय सेना के खिलाफ इस तरह की फर्जी पोस्ट के जरिए दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है, जिसे कुछ यूजर्स सच समझकर शेयर कर रहे हैं।

वायरल पोस्ट

एक्स यूजर Hawk’s Eye ने 29 नवंबर को अनिल चौहान का कथि​त वीडियो (आर्काइव लिंक) शेयर किया है। इसके साथ में लिखा है, “केरल: इंडियन नेवल एकेडमी, एझिमाला में पासिंग आउट परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल अनिल चौहान ने कहा- ‘हालांकि मुझे पता है कि भारत सरकार ने हमारी कमजोर एयरफोर्स की वजह से अरुणाचल और लद्दाख चीन को सौंप दिया है, लेकिन भरोसा रखें कि इंडियन नेवी कमजोर नहीं है और पाकिस्तान कभी भी हमारे किसी भी पोर्ट सिटी को नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा।’

फेसबुक यूजर ‘अरुण यदुवंशी’ ने इस वीडियो को 1 दिसंबर को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “भाजपा ने लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश चीन को बेच दिया है, मुझे पता है कि भारत की सत्ता ने अपनी कमज़ोर एयरफोर्स के कारण लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश चीन को सरेंडर कर दिया है। चीफ़ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान का बयान मोदी सत्ता के मुंह पर कालिख पोत गया है। अभी भी अंधभक्तों को अपने फर्जी कायर डरपोक पप्पा के बारे में क्या देखना बाकी हैं

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें इवेंट की लाइव टाइमिंग चल रही थी। इसमें वीडियो टाइम फ्रेम 08:51 से शुरू होता है, जो कुछ देर बाद 08:50 दिखने लगता है। इसके बाद फिर से टाइम जंप करता है। इससे यह तो पता चलता है कि वीडियो को एडिट किया गया है। इससे हमें यह संदिग्ध लगा।

इसके बाद हमने कीवर्ड से अनिल चौहान के इस कथित बयान के बारे में सर्च किया लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।

हमने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एएनआई के एक्स हैंडल पर 29 नवंबर को एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें और वायरल क्लिप में विजुअल्स समान हैं, बस अनिल चौहान का संबोधन अलग है।

एएनआई के एक्स हैंडल पर दी गई जानकारी के अनुसार, “केरल: इंडियन नेवल एकेडमी, एझिमाला में पासिंग आउट परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल अनिल चौहान ने कहा, “युद्ध के मैदान में, नाकाबिलियत की कीमत जान देकर चुकाई जाती है, इसलिए प्रोफेशनल एक्सीलेंस की ओर बढ़ें। यह आपके लिए कोई च्वॉइस नहीं है। यह एक दायित्व है। प्रोफेशनल एक्सीलेंस के लिए आपका कमिटमेंट पक्का होना चाहिए ताकि शांति में आप तैयार रहें और युद्ध में आप जीतें… जब मैं सर्विस में शामिल हुआ, तो मिलिट्री स्ट्रैटजी काफी हद तक ज्योग्राफिकल बातों से तय होती थी। आज टेक्नोलॉजी ने ज्योग्राफी को पीछे छोड़ दिया है, जिससे यह कम रेलिवेंट हो गया है। टेक्नोलॉजी ज्यादातर मिलिट्री स्ट्रैटजी, ऑपरेशनल आर्ट और यहां तक ​​कि सबसे छोटी टैक्टिक्स को भी चलाती है। मैं चाहता हूं कि आप अपने पूरे करियर में इसी पर फोकस करें। साथ ही, युद्ध कई तरह के हो गए हैं। कोई भी अकेली सर्विस अकेले युद्ध नहीं जीत सकती। भविष्य के सभी युद्ध मिलकर लड़े जाएंगे। ज्वाइंटनेस ही वह मंत्र है, जो हम सभी को सफल बनाएगा। हम इसी के अनुसार तीनों सेनाओं के बीच ज्वाइंटनेस और इंटीग्रेशन को बढ़ावा दे रहे हैं… पहले भी कई मौकों पर, मैंने कहा है कि भारत एक कॉन्टिनेंटल और एक मैरीटाइम पावर है। लेकिन भारत की आखिरी किस्मत शायद समुद्र में तय होगी और इंडियन नेवी इसको सुरक्षित करने में अहम भूमिका निभाएगी। मेरा मानना ​​है कि यह पहले से तय है। एक और बात जो मुझे लगती है कि पहले से तय है, वह यह है कि इंडियन नेवी हमारे राष्ट्रीय हितों को सुरक्षित करने के लिए भविष्य में मिलिट्री पावर के किसी भी इस्तेमाल में अहम भूमिका निभाएगी।” वीडियो में कहीं भी वायरल वीडियो वाला बयान नहीं है।

वायरल वीडियो में 08:51:13 के टाइम फ्रेम पर अनिल चौहान को कहते हुए सुना जा सकता है कि भारत ने कमजोर एयरफोर्स के कारण लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश चीन को सरेंडर कर दिया है।

हमने एएनआई के एक्स हैंडल पर अपलोड वीडियो को 08:51:08 से 08:51:25 तक चेक किया तो वह इसमें कहते दिखे, “आज हम इतिहास के एक अहम मोड़ पर हैं, जहां चीजें बहुत तेजी से बदल रही हैं। जियो पॉलिटिक्स, जियो इकोनॉमिक्स, टेक्नोलॉजी, वॉरफेयर समेत युद्ध में इस्तेमाल की गई स्ट्रैटजी व टैक्टिस।

इससे पता चलता है कि वायरल वीडियो में बयान अलग से जोड़ा गया है।

हमने इंडियन नेवी यूट्यूब चैनल पर अपलोड इस कार्य​क्रम के वीडियो को चेक किया। इसमें भी अनिल चौहान का ऐसा कोई बयान नहीं सुनाई दिया।

एएनआई की वेबसाइट पर इस कार्य​क्रम से संबंधित खबर को देखा जा सकता है।

इसमें एआई टूल के प्रयोग की संभावना को देखते हुए हमने वायरल वीडियो के ऑडियो को गूगल इनविड टूल के माध्यम से हिया से चेक किया। इसमें इसे 93 फीसदी एआई जेनरेटेड बताया गया।

अधिक पुष्टि के लिए हमने वायरल वीडियो को हमारे सहयोगी डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (DAU) से संपर्क किया, जो ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस (TIA) की एक पहल है। टीम ने वीडियो को स्विस डीप-टेक कंपनी Aurigin.ai पर चेक किया। इसमें भी एआई टूल से छेड़छाड़ की संभावना जताई गई।

इससे यह साबित हो गया कि एआई जेनरेटेड आवाज को अलग से जोड़ा गया है।

पीआईबी ने भी वायरल वीडियो को डीपफेक बताया है।

https://twitter.com/PIBFactCheck/status/1994728432157299204

इसके बाद हमने वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर Hawk’s Eye के बारे में सर्च किया। जुलाई 2024 को बने अकाउंट को पाकिस्तान बेस्ड बताया गया है।

(नोट: एक्स पर दी गई जानकारी के अनुसार, जिस देश या इलाके में अकाउंट है, उस पर हाल की यात्रा या कुछ समय के लिए दूसरी जगह जाने का असर पड़ सकता है। यह डेटा सही नहीं हो सकता है और समय-समय पर बदल सकता है।)

इसके अलावा हमें एक्स अकाउंट The Whistle Blower @InsiderWB पर भी वायरल पोस्ट मिली, जो भारत में बैन है। हमने वीपीएन की मदद से इसे चेक किया। इस पर Hawk’s Eye से पहले इस पोस्ट को किया गया है।

इस अकाउंट को दक्षिण एशिया का बताया गया है और इससे भारतीय सेना व सुरक्षाबल के खिलाफ कुछ और पोस्ट शेयर की गई हैं, जिन्हें पीआईबी ने फेक बताया है।

https://twitter.com/PIBFactCheck/status/1995547591770341577

इससे पहले सोशल मीडिया पर आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी का भी डीपफेक वीडियो वायरल हो चुका है, जिसकी रिपोर्ट यहां पढ़ी जा सकती है।

निष्कर्ष: कुछ विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स से भारतीय सेना के खिलाफ दुष्प्रचार के तहत सीडीएस जनरल अनिल चौहान का एडिटेड और डीपफेक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसे कुछ यूजर्स सच समझकर शेयर कर रहे हैं। अनिल चौहान ने लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश चीन को सरेंडर करने वाला कोई बयान नहीं दिया है।

  • Claim Review : सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कहा- 'भारत सरकार ने हमारी कमजोर एयरफोर्स की वजह से अरुणाचल और लद्दाख चीन को सौंप दिया है।'
  • Claimed By : FB User- Hawk's Eye
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later