X
X

Fact Check: एमपी के मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के बाद कर्नल सोफिया कुरैशी के नाम से वायरल हो रहा वीडियो डीपफेक है  

एमपी के मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के बाद कर्नल सोफिया कुरैशी के नाम से वायरल वीडियो डीपफेक है। कर्नल के प्रेस ब्रीफिंग के वीडियो में एआई निर्मित आवाज को अलग से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।      

Colonel sofia qureshi, deepfake video, MP Minister, vijay shah, indian army, operation sindoor

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने हाल ही में विवादित बयान दिया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर सोफिया कुरैशी के नाम से एक वीडियो वायरल हो रहा है, इसमें वह कहते हुए दिख रही हैं, “मैं मुसलमान हूं, मगर पाकिस्तानी नहीं। मैं मुसलमान हूं, मगर आतंकवादी नहीं।” कुछ यूजर्स इसे सच मानकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि कर्नल सोफिया कुरैशी के नाम से वायरल हो रहा यह वीडियो डीपफेक है। इसमें एआई निर्मित ऑडियो को अलग से जोड़ा गया है।

वायरल पोस्ट

एक्स यूजर Dinesh Chauhan ने 14 मई को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है।

https://twitter.com/dinesh_chauhan/status/1922388832730665283

फेसबुक यूजर ‘फिरोज फिरोज’ ने 12 मई को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

“मैं मुसलमान हूं मगर पाकिस्तानी नहीं

मैं मुसलमान हूं मगर आतंकवादी नहीं

आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता

हर आतंकवादी को अपने हाथों से मारने का जिगरा रखती हूं में वो भी बिना धर्म पूछे सोफिया कुरैशी”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले इस बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। अगर कर्नल सोफिया कुरैशी ने ऐसा कोई बयान दिया होता, तो मीडिया में जरूर आता।

वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें इंस्टाग्राम यूजर akka_foundation की प्रोफाइल पर इससे मिलता-जुलता वीडियो मिला। इसमें कर्नल सोफिया कुरैशी को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में जानकारी देते हुए देखा जा सकता है।

इस आधार पर हमने गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया तो NEWS ON AIR OFFICIAL यूट्यूब चैनल पर 7 मई 2025 को कर्नल सोफिया कुरैशी का वीडियो अपलोड किया गया है। इसमें कर्नल सोफिया कुरैशी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जानकारी देते हुए दिख रही हैं। इसमें उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में 6-7 मई की रात को भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था, जिसके तहत पाकिस्तान और पीओके के नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट किया था।

संसद टीवी के यूट्यूब चैनल पर प्रेस ब्रीफिंग का पूरा वीडियो अपलोड किया गया है। इसमें कहीं भी वायरल वीडियो वाला मैसेज नहीं है।  

वायरल वीडियो और प्रेस ब्रीफिंग वाले वीडियो में समानता देखी जा सकती है। वायरल वीडियो में बस मैसेज अलग है। असली वीडियो में सोफिया कुरैशी को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जानकारी देते हुए देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो के ऑडियो को एआई वॉयस डिटेक्शन टूल रिसेंबल डॉट एआई से चेक किया। इसमें इसके फेक होने की संभावना जताई गई।

इसको लेकर हमने अपने सहयोगी डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से भी संपर्क किया। डीएयू (एमसीए की पहल) की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। डीपफेक-ओ-मीटर के सभी ऑडियो क्लासिफायर ने ऑडियो ट्रैक के एआई जेनरेटेड होने के संकेत दिए।

इस बारे में हमने भारतीय सेना के प्रवक्ता से संपर्क किया। उन्होंने इसे फेक बताया।

हमने दैनिक जागरण की तरफ से सैन्य मामले देखने वाले एसोसिएट एडिटर संजय मिश्र से भी बात की। उनका कहना है कि यह एआई जेनरेटेड है। इस तरह के मामलों में देखा गया है कि लोग फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए इस तरह की पोस्ट करते हैं।

दैनिक जागरण के राष्ट्रीय संस्करण में 15 मई को छपी खबर के अनुसार, मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर अशोभनीय टिप्पणी की थी। मध्य प्रदेश की हाईकोर्ट ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए विजय शाह के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। गौरतलब है कि विजय शाह ने महू विधानसभा क्षेत्र में हुई एक सभा में कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकियों की बहन बता दिया था। प्रदेश भाजपा ने इस मामले की रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेज दी है।

कर्नल सोफिया कुरैशी का डीपफेक वीडियो शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 20 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: एमपी के मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के बाद कर्नल सोफिया कुरैशी के नाम से वायरल वीडियो डीपफेक है। कर्नल के प्रेस ब्रीफिंग के वीडियो में एआई निर्मित आवाज को अलग से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।      

  • Claim Review : कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा- मैं मुसलमान हूं, मगर पाकिस्तानी नहीं।
  • Claimed By : X User- Dinesh Chauhan
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later