X
X

Fact Check: जोड़ो के दर्द का इलाज बताते कॉर्डियक सर्जन डॉ. देवी शेट्टी का वायरल वीडियो डीपफेक है

जोड़ो के दर्द का इलाज बताते कॉर्डियक सर्जन डॉ. देवी शेट्टी का यह वीडियो डीपफेक है।

dr devi shetty, narayana hospital, deepfake video,

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। कॉर्डियक सर्जन डॉ. देवी शेट्टी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उनको जोड़ो के दर्द का इलाज बताते हुए दिखाया गया है। कुछ यूजर्स वीडियो को एक लिंक के साथ शेयर कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो फैब्रिकेटेड है। इसमें एआई टूल्स का इस्तेमाल किया गया है। असली वीडियो में डॉ. शेट्टी नियमित तौर पर ब्लड प्रेशर चेक करने की सलाह दे रहे हैं। पोस्ट के साथ एक फिशिंग लिंक दिया गया है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Hotellifevlog ने 27 दिसंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

“अपनी उम्र के बिना एक बाधा होने के बिना, जोड़ों के दर्द पर काबू पाने की कुंजी का अन्वेषण करें। यह वीडियो आपके सभी अपेक्षित समाधानों का स्रोत है। अभी कल्पना करें और जानें कि अपनी भलाई कैसे ठीक करें!”

वीडियो में डॉ. शेट्टी का जोड़ो के दर्द का इलाज बताते हुए सुना जा सकता है। साथ ही वह अधिक जानकारी के लिए पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक करने की सलाह दे रहे हैं।

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने सबसे पहले इसका स्क्रीनशॉट निकालकर गूगल लेंस पर सर्च किया। फेसबुक यूजर ‘हेल्थ एंड हैपीनेस’ ने वायरल वीडियो से मिलते-जुलते वीडियो को शेयर किया है। इसमें डॉ. शेट्टी 20 वर्ष से बड़े सभी लोगों को नियमित तौर पर ब्लड प्रेशर चेक करने की सलाह दे रहे हैं।

इसमें और वायरल वीडियो में बैकग्राउंड एक जैसा है। दोनों में केवल मैसेज अलग-अलग है।

नारायणा हेल्थ के यूट्यूब चैनल पर भी 17 मई 2023 को इस वीडियो को अपलोड किया गया है। वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे पर डॉ. शेट्टी ने सभी को ब्लड प्रेशर चेक करने की सलाह दी थी। इसमें डॉ. शेट्टी को नारायणा हेल्थ का संस्थापक और चेयरमैन बताया गया है।

वायरल वीडियो को हमने एआई डिटेक्शन टूल ट्रू मीडिया पर चेक किया। इसमें एआई जेनरेटेड आवाज के इस्तेमाल की संभावना जताई गई।

वीडियो को लेकर हमने डीएयू (एमसीए की पहल) से संपर्क किया। उन्होंने इसे हिया एआई डिटेक्शन टूल और हाइव एआई पर चेक किया। हिया पर वीडियो में एआई जेनरेटेड आवाज की संभावना जताई गई।

वहीं, हाइव एआई पर वीडियो के कुछ हिस्से और ऑडियो में व्यापक छेड़छाड़ की संभावना जताई गई।

इस बारे में एआई एक्सपर्ट अंश मेहरा ने कहा कि वायरल वीडियो में एआई टूल का इस्तेमाल किया गया है। इसमें लिपसिंक देखने पर इसका पता चलता है।

पोस्ट के साथ एक लिंक भी दिया गया है। इस पर क्लिक करने के बाद खुले पेज पर नीचे नाम और फोन नंबर भरकर अपने सवाल पूछने के लिए कहा गया है। इससे पता चलता है कि लोगों का डेटा जमा करने के लिए इस लिंक को शेयर किया गया है।

वीडियो को पोस्ट करने वाले यूजर को करीब 1600 लोग फॉलो करते हैं।

इससे पहले भी डॉ. शेट्टी का डीपफेक वीडियो वायरल हो चुका है, जिसमें उनके साथ टीवी के लाइव कार्यक्रम के दौरान मारपीट का दावा किया गया था। विश्‍वास न्‍यूज की रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: जोड़ो के दर्द का इलाज बताते कॉर्डियक सर्जन डॉ. देवी शेट्टी का यह वीडियो डीपफेक है।

  • Claim Review : कॉर्डियक सर्जन डॉ. देवी शेट्टी ने जोड़ो के दर्द का इलाज बताया।
  • Claimed By : Fb User- Hotellifevlog
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later