X
X

Fact Check: अस्पताल के लिए जमीन दान देते खेसारी लाल यादव की वायरल तस्वीर एआई निर्मित

खेसारी लाल यादव की वायरल तस्वीरों को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भोजपुरी अभिनेता से नेता बने खेसारी लाल यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 छपरा से आरजेडी (राष्‍ट्रीय जनता दल) के टिकट पर लड़ा था, जहां भारतीय जनता पार्टी की छोटी कुमारी ने उन्‍हें हरा दिया था। चुनाव के दौरान राम मंदिर को लेकर दिए गए उनके बयान काफी वायरल हुए थे। पवन सिंह ने उन्हें राम विरोधी बताया था। फिर उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक जवाबी वीडियो जारी कर कहा कि वह अपना घर तुड़वाकर AIIMS बनवाने को तैयार हैं। इसी से जोड़ते हुए उनकी कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में उन्हें कुछ लोगों को एक पेपर देते हुए देखा जा सकता है। इन्‍हें शेयर कर दावा किया जा रहा है कि तस्‍वीरें खेसारी लाल यादव के 20 बीघा जमीन दान करने की हैं, जो उन्होंने छपरा में एक अस्पताल बनवाने के लिए दान दिया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Akhilesh Yadav’ ने 7 दिसंबर 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “20 बीघा जमीन हॉस्पिटल बनाने के लिए दे दिया दान खेसारी लाल यादव ने निरहुवा कहा है तुम खेसारी जो कहता है वो करता है छपरा का दुरभगया था जो खेसारी नही जीते !”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर ने ‘Tuntun bihari’ ने 7 दिसंबर 2025 को वायरल फोटो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “खेसारी लाल यादव छपरा में दिए एम्स बनवाने के लिए 20 बीघा जमीन!”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर ‘राकेश यादव’ ने 7 दिसंबर 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “खेसारी लाल यादव ने छपरा एम्स के लिए 20 बीघा ज़मीन दान कर दी…अब ज़रा बताइए— “रिंकिया के पापा”, “लहंगा रिमोट से उठाने” वाले और “चुनावी स्टार नाच-मंडली” आजकल किस बिल में मौन साधकर बैठे हैं? दिखावा करने वालों को समझ लेना चाहिए— खेसारी ही असली जनसेवक असली नेता है, बाकी सब रील और रेटिंग मात्र।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।

हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से भी सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिला। हमने खेसारी लाल यादव के सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। लेकिन हमें वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

एक वायरल तस्वीर में तो खेसारी लाल यादव के चेहरे की बनावट ही काफी अटपटी लग रही है। ऐसे में हमें फोटो के एआई से बने होने का संदेह हुआ। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने फोटो को एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मोडरेशन’ की मदद से सर्च किया। टूल ने 99 फीसदी तक फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई। 

हमने अन्य वायरल तस्‍वीरों को ‘Undetectable’ टूल की मदद से सर्च किया। इस टूल ने भी वायरल तस्‍वीरों के एआई से बने होने की संभावना जताई। 

हमने तीसरी तस्वीर को ‘हाइव मोडरेशन’ की मदद से सर्च किया। टूल ने 91 फीसदी तक फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण छपरा के ब्यूरो चीफ राजीव रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि अभी तक ऐसी कोई खबर या तस्वीर सामने नहीं आई है, जिसमें यह दावा किया गया हो कि खेसारी अस्‍पताल के लिए जमीन दान कर रहे हैं। यह पोस्ट फर्जी है। चुनाव के बाद खेसारी छपरा नहीं आए हैं।

जांच के दौरान हमें खेसारी लाल यादव का एक वीडियो बिहार तक के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 8 दिसंबर 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, “Khesari vs Nirahua: खेसारी लाल यादव ने कहा कि मैं अपना घर तुड़वाकर AIIMS बनवाने को तैयार हूं। उन्होंने इशारों-इशारों में Nirahua Pawan और Ravi Kishan को चैलेंज दिया।”

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 6 दिसंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “भोजपुरी स्टार और आरजेडी नेता खेसारी लाल यादव ने भी बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई थी। लेकिन उन्हें छोटी कुमारी से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने राम मंदिर को लेकर भी बयान दिया था, जिसकी वजह से उन्हें ट्रोल किया गया था। वहीं चुनाव के दौरान पवन सिंह और खेसारी लाल के बीच खूब जुबानी जंग भी चली थी। एक बार फिर से खेसारी लाल इंस्टाग्राम पर लाइव आकर पवन सिंह पर पवन सिंह पर निशाना साधते हुए दिखे हैं, वहीं राम मंदिर पर दिए गए बयान पर भी सफाई दी है।”

न्यूज 18 की वेबसाइट पर 7 दिसंबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “हाल ही में खेसारी ने राम मंदिर को लेकर दिए गए बयानों पर अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा, ‘मैं मंदिर के खिलाफ नहीं हूं। मंदिर और सनातन धर्म की अपनी एक जगह है, लेकिन शिक्षा और रोजगार की अपनी अहमियत है। कितने आईआईटी बनाए गए हैं, कितने अस्पताल बन गए? दोनों का संतुलन होना चाहिए।” रिपोर्ट में यह भी बताया गया है, “खेसारी लाल यादव का बयान पवन सिंह के उस स्टेटमेंट के बाद आया है, जिसमें उन्होंने खेसारी को राम मंदिर पर बयान देने की वजह से ‘एंटी-राम’ बताया था और दावा किया था कि खेसारी ने अपनी पत्नी को बहन बना लिया है. खेसारी ने इन दावों का कड़ा विरोध किया।”

अंत में हमने फेसबुक यूजर ‘Akhilesh Yadav’ के अकाउंट को खंगाला। हमने पाया कि यूजर को 5.4 हजार लोग फॉलो करते हैं। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि खेसारी लाल यादव की वायरल तस्वीरों को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। हालांकि, खेसारी लाल ने राम विरोधी के आरोप लगाए जाने पर एक वीडियो जारी कर कहा था कि वह अपना घर तुड़वाकर AIIMS बनवाने को तैयार हैं।

  • Claim Review : अस्पताल के लिए खेसारी लाल यादव के जमीन दान करने की तस्वीर।
  • Claimed By : FB User Akhilesh Yadav
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later