X
X

Fact Check: AI निर्मित है प्रैक्टिस ग्राउंड में नमाज पढ़ते सिराज की फोटो लेते कोहली, रोहित और गिल की तस्वीर

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मैदान पर नमाज पढ़ते हुए मोहम्मद सिराज  की वायरल तस्वीर फर्जी है। इसे  आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Jan 14, 2026 at 05:21 PM
  • Updated: Jan 14, 2026 at 05:51 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद सिराज मैदान पर नमाज पढ़ते नजर आ रहे हैं और उनके पीछे विराट कोहली, रोहित शर्मा और शुभमन गिल खड़े होकर मोबाइल से उनकी फोटो खींच रहे हैं। पोस्ट को असली मान कई यूजर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि यह तस्वीर पूरी तरह से फर्जी है। इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर Tanveerul Hasan Siddiqui ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “इस मोहब्बत को क्या नाम दूँ। राजकोट के सौराष्ट्र स्टेडियम में मोहम्मद सिराज ने नेट प्रैक्टिस के दौरान नमाज अदा करने के लिए कुछ क्षण निकाले, जो उनके धर्म के प्रति अटूट निष्ठा को दर्शाता है। एक महत्वपूर्ण मैच नजदीक आने पर, प्रार्थना का यह क्षण विशेष रूप से प्रभावशाली है। विराट कोहली, रोहित शर्मा और शुभमन गिल द्वारा सिराज की इस भक्ति को देखने की तस्वीरें खेल और आध्यात्मिकता के खूबसूरत संगम की याद दिलाती हैं। यह क्षण अनुशासन, टीम वर्क और आस्था के मूल्यों को प्रदर्शित करता है।।”

कई यूजर्स ने इस तस्वीर को सच मानकर शेयर किया है। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल तस्वीर की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने तस्वीर को गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह तस्वीर किसी भी प्रामाणिक जगह पर नहीं मिली।

इसके बाद हमने मोहम्मद सिराज, रोहित शर्मा, विराट कोहली और शुभमन गिल के सोशल मीडिया एकाउंट्स को भी खंगाला। हमें यह तस्वीर कहीं भी नहीं मिली।

वायरल फोटो में खिलाड़ियों ने जो जर्सी पहनी है, उस पर BYJU’S का लोगो दिख रहा है। गौरतलब है कि भारतीय टीम का BYJU’S के साथ स्पॉन्सरशिप कॉन्ट्रैक्ट मार्च 2023 में ही समाप्त हो चुका है। वर्तमान में टीम इंडिया का स्पॉनसर ‘अपोलो टायर’ है और टीम की जर्सी पर उसका ही लोगो होता है, जिससे स्पष्ट है कि यह तस्वीर हाल की नहीं हो सकती।

हमें शक हुआ कि हो सकता है इसे एआई की मदद से बनाया गया हो।

हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए फोटो को एआई की मदद से बने मल्टीमीडिया की जांच करने वाले टूल्स की मदद से सर्च किया।

हमने हाइव मॉडरेशन टूल की मदद से तस्वीर को सर्च किया। इस टूल ने फोटो के 99 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना बताई।

हमने एक अन्य टूल की मदद से भी इस तस्वीर को सर्च किया। हमने साइट इंजन की मदद से तस्वीर को सर्च किया। इस टूल ने फोटो के 99 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना जताई।

हमने वायरल पोस्ट को एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने तस्वीर को एआई जेनरेटेड बताते हुए कहा “तस्वीर को ज़ूम करने पर खिलाड़ियों के हाथों की बनावट और चेहरा, खास तौर पर आँखों के, पिक्सल फटे हुए नजर आते हैं। एआई अक्सर चेहरों की लाइटिंग और परछाई को प्राकृतिक रूप से मैच नहीं कर पाता, जो इस वायरल फोटो में साफ दिखाई दे रहा है। साथ ही तीनों खिलाडियों  के फ़ोन भी  बिल्कुल  एक जैसे हैं।”

भारतीय टीम इस समय न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेल रही है। इस दौरे में 3 वनडे और 5 टी20 मैच होने हैं। मोहम्मद सिराज इस सीरीज के लिए चुनी गई टीम में शामिल हैं।

अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Tanveerul Hasan Siddiqui के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस अकाउंट को 5000 से ज्यादा यूजर फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मैदान पर नमाज पढ़ते हुए मोहम्मद सिराज  की वायरल तस्वीर फर्जी है। इसे  आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है।

  • Claim Review : प्रेक्टिस ग्राउंड में नमाज पढ़ते सिराज की फोटो लेते कोहली, रोहित और गिल
  • Claimed By : FB User Tanveerul Hasan Siddiqui
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later