Fact Check: इंडोनेशिया की बाढ़ में हाथी-बाघ वाला वीडियो असली नहीं, AI से बनाया गया है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। बाढ़ में हाथी के जरिए बाघ को बचाने का यह वीडियो असली नहीं है। इस वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है।
- By: Umam Noor
- Published: Dec 24, 2025 at 05:52 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में बाढ़ में बह रहे एक बाघ को हाथी बचाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में देख सकते हैं कि हाथी अपनी पीठ पर बाघ को बैठा लेता है। वीडियो को असली समझकर शेयर किया जा रहा है। और यूजर दावा कर रहे हैं कि यह इंडोनेशिया के सुमात्रा में आई बाढ़ का एक अद्भुत नजारा है, जहां इंसानों के साथ- साथ जानवर भी एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। बाढ़ में हाथी के जरिए बाघ को बचाने का यह वीडियो असली नहीं है। इस वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ‘Kunwarsingh Shrinet’ ने 23 दिसंबर को एक वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “समय आने पर जानवर भी एक हो जाते है। सुमात्रा में अचानक आई बाढ़ के दौरान एक दुर्लभ और मार्मिक घटना कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में एक सुमात्रा का हाथी तेज धारा में बह रहे बाघ को बचाने की कोशिश करता दिख रहा है। यह दुर्लभ क्षण तुरंत इंडोनेशिया के सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वैसे तो ये जानवर आमतौर पर अलग-अलग भोजन स्थलों पर पाए जाते हैं, लेकिन इस प्राकृतिक आपदा ने इन दो जंगली जानवरों को मानवता का एक अद्भुत उदाहरण पेश करने के लिए प्रेरित किया। बाढ़ के बीच बाघ को बचाने के सुमात्रा के हाथी के इस वीरतापूर्ण कार्य का पूरा वीडियो देखें।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो को ठीक से देखा। हमें इसमें कुछ कमियां नजर आयीं, हाथी और बाघ के मूवमेंट भी रोबोटिक है। इसके अलावा दोनों ही जानवरों के एक-दूसरे के साथ इतनी आसानी से होना भी थोड़ा असंभव लगता है। इससे हमें शक हुआ कि यह वीडियो एआई निर्मित हो सकता है।
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल आगे बढाई और एआई डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन पर इस वीडियो को अपलोड किया। यहां इस वीडियो के एआई से बने होने की संभावना 99.9 प्रतिशत से ज्यादा बताई।

एआई तस्वीरों की जंच करने वाले टूल decopy.ai पर भी हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट को अपलोड किया। यहां इसके 98 फीसदी एआई से बने होने की संभावना बताई है।

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वीडियो में बाघ और हाथी के मूवमेंट देखकर साफ तौर पर पता चलता है कि यह एआई निर्मित हैं। इसके अलावा पानी के बहाव और लहरों में भी एक क्लैरियटी है, जिससे एआई से बने होने के संकेत मिलते हैं।
इंडोनेशिया की न्यूज एजेंसी अंतारा की वेबसाइट पर 22 दिसंबर 2025 की खबर के अनुसार, इंडोनेशिया के सुमात्रा में लगातार भारी बारिश की वजह से बाढ़ आ गई है। बाढ़ से कई इलाकों में घर पानी में डूब गए और लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजना पड़ा है। सड़कों और पुलों को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव का काम कर रहा है और प्रभावित लोगों को खाने-पीने की चीजें दी जा रही हैं।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर Kunwarsingh Shrinet को 6 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। बाढ़ में हाथी के जरिए बाघ को बचाने का यह वीडियो असली नहीं है। इस वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाया गया है।
- Claim Review : इंडोनेशिया के सुमात्रा में आई बाढ़ का एक अद्भुत नजारा है, जहां इंसानों के साथ- साथ जानवर भी एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।
- Claimed By : फेसबुक यूजर ‘Kunwarsingh Shrinet'
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












