Fact Check: सवाई माधोपुर में बाघ ने नहीं किया बाइक सवार पर हमला, AI से बनाए गए वीडियो को किया गया वायरल
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल की मदद से तैयार किया गया है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Nov 25, 2025 at 02:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल की मदद से पिछले कुछ दिनों से बाघों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर खूब वायरल किए जा रहे हैं। इन वीडियो को सच समझकर लोग वायरल भी कर रहे हैं। इसी क्रम में अब एक बार फिर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि राजस्थान के सवाई माधोपुर में एक बाघ ने बाइक सवार पर हमला करके उसे पकड़ लिया। इस वीडियो को सच समझकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल की मदद से तैयार किया गया है। वायरल वीडियो जैसी कोई घटना सवाई माधोपुर में हाल-फिलहाल में नहीं हुई है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर रिंकेश मीणा ने 23 नवंबर को एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया कि सवाई माधोपुर में एक बाघ ने बाइक सवार पर हमला कर दिया।

वायरल वीडियो के आकाईव वर्जन को यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जाँच के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। कीवर्ड के जरिए सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी मीडिया रिपोर्ट्स नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके।
जांच के अगले चरण में ज्यादा पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस (TIA) की पहल डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से संपर्क किया। WasitAI टूल की मदद से चेक करने पर वीडियो का स्क्रीनशॉट एआई से क्रिएटेड होने की संभावना की पुष्टि हुई।

इसी तरह IsitAI टूल से भी चेक करने पर वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट एआई निर्मित साबित हुआ। डीएयू ने अपने निष्कर्ष में वीडियो को असली नहीं बताया।

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान सवाई माधोपुर की टाइगर वॉच संस्था के डॉ. धमेंद्र खांडल से संपर्क किया। उन्होंने भी वीडियो को फर्जी बताते हुए कहा कि यह वीडियो एआई से बनाया गया है।
पड़ताल के अंत में हमने फर्जी वीडियो अपलोड करते हुए यूजर रिंकेश मीणा के अकाउंट को स्कैन किया। पता चला कि यह अकाउंट मार्च 2017 को बनाया गया है। यूजर सवाई माधोपुर में रहता है। इसे पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो पूरी तरह से फर्जी साबित हुआ। इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करके बनाया गया है। सवाई माधोपुर में बाइक सवार को बाघ द्वारा हमला करने की कोई वास्तविक घटना नहीं हुई है।
- Claim Review : सवाई माधोपुर में बाघ ने बाइक सवार पर किया हमला
- Claimed By : FB User Rinkesh Meena Nagda
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












