Fact Check: कोलकाता में पीएम मोदी की रैली के बाद की तस्वीर बताकर वायरल की जा रही फोटो AI-निर्मित
बीजेपी की कोलकाता रैली के बाद ग्राउंड की वायरल तस्वीर एआई-निर्मित है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Mar 17, 2026 at 04:35 PM
- Updated: May 5, 2026 at 12:39 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले 14 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता में एक रैली करने के लिए पहुंचे थे। इसी रैली से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक फोटो तेजी से वायरल हो रही है। फोटो में एक ग्राउंड पर भारतीय जनता पार्टी के झंडा और शराब की बोतलों को दिखाया गया है। इस तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह कोलकाता में हुई पीएम मोदी की रैली के बाद की तस्वीर है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। इसे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘BK Mandal’ ने वायरल तस्वीर को 16 मार्च 2026 को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “कलकत्ता में मोदी की रैली के बाद का तस्वीर।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें यह तस्वीर तृणमूल कांग्रेस के स्पोक्सपर्सन ‘Riju Dutta’ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। तस्वीर को 15 मार्च 2026 को शेयर किया गया था। कमेंट सेक्शन को चेक करने पर हमने पाया कि कई यूजर्स इस फोटो को एआई-निर्मित बता रहे हैं।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल तस्वीर को एआई डिटेक्शन टूल्स के जरिए सर्च किया। सबसे पहले हमने ‘Hive Moderation’ टूल का इस्तेमाल किया। इस टूल ने फोटो के 99.7 फीसदी तक एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने फिर दूसरे टूल ‘Sight Engine’ का इस्तेमाल किया। इस टूल ने 98 फीसदी तक तस्वीर के एआई से बने होने के संकेत दिए।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने तीसरे टूल ‘Undetectable’ का इस्तेमाल किया। इस टूल के जरिए हमने फोटो के बारे में सर्च किया। इस टूल ने फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल फोटो में देखा जा सकता है कि भाषा की त्रुटियां हैं। एक जगह बीजेपी का नाम गलत है, जबकि बोतलों पर लिखी भाषा क्लीयर नहीं है। इसी से समझा जा सकता है कि यह एआई-निर्मित है।
क्या है संदर्भ?
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 14 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले पीएम मोदी बंगाल का दौरे करने के लिए वहां पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में भाजपा की मेगा परिवर्तन रैली को भी संबोधित किया था। साथ ही टीएमसी सरकार पर वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को संरक्षण देने के आरोप लगाये थे।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने देश के चार राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी है। 15 मार्च 2026 को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में तारीखों का ऐलान किया है। असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा। जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगें। इनके परिणामों की घोषणा 4 मई को की जाएगी।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 69 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी की कोलकाता रैली के बाद ग्राउंड की वायरल तस्वीर एआई-निर्मित है।
- Claim Review : कोलकाता में पीएम मोदी की रैली के बाद की तस्वीर।
- Claimed By : FB User BK Mandal
- Fact Check : झूठ
- X User Riju Dutta, Dated 15 Mar 2026
- AI detection tool Hive Moderation
- AI detection tool Sight Engine
- AI detection tool Undetectable
- News Report by Dainik Jagran, Dated 14 Mar 2026
- X Post by Election Commission of India, Dated 15 Mar 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












