X
X

Fact Check: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के आवास पर हमले के दावे से वायरल सीसीटीवी फुटेज AI निर्मित है

रूस के राष्ट्रपति पुतिन के आवास पर हमले के दावे से वायरल वीडियो क्लिप एआई जेनरेटेड है।

Vladimir Putin News, Vladimir Putin attack video, Putin residence CCTV footage, Russia President viral video, Putin house attack, Russia Ukraine News

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। रूस ने हाल ही में यूक्रेन पर राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के आवास पर ड्रोन हमले का आरोप लगाया था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रही है। इसमें ड्रोंस एक इमारत पर बम बरसाते हुए देखे जा सकते हैं। कुछ यूजर्स इसको शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह सीसीटीवी फुटेज रूसी राष्ट्रपति पुतिन के आवास पर हुए कथित हमले की है।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि पुतिन के आवास पर हमले के दावे से वायरल हो रही सीसीटीवी फुटेज एआई जेनरेटेड है। यह असली नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘अहमद निसार’ ने 2 जनवरी को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इसके साथ में लिखा है, “रूसी राष्ट्रपति पुतिन के राजमहल पर हमला. ड्रोन हमले का वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर हमला होते देखा जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ड्रोन रूस के अंदर गहराई तक घुसकर इस हमले को अंजाम देने में सफल रहे।

रिपब्लिक वर्ल्ड के इंस्टा हैंडल से 1 जनवरी 2026 को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) कर पुतिन के आवास पर हुए कथित हमले का बताया गया।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें सीसीटीवी फुटेज का टाइम 2:14:23 से शुरू होता है। थोड़ी देर बाद यह 2:14:10 हो जाता है। इससे हमें यह वीडियो संदिग्ध लगा।

इसके एआई से बने होने की संभावना को देखते हुए हमने इसे डीपफेक-ओ-मीटर के AVSRDD (2025) मॉडल से चेक किया। इसमें इसके एआई से बने होने की संभावना 100 फीसदी बताई गई।

इसे हमने ट्रुथ स्कैन से भी चेक किया। इसमें इसके 99 फीसदी एआई निर्मित होने की संभावना जताई गई।

एआई वीडियो डिटेक्शन टूल undetectable.ai ने इसे 59 फीसदी एआई संभावित बताया।

हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया, तो उन्होंने कहा कि इसमें ड्रोन अपना आकार बदलता है और गेट के पास से गुजरते समय एक छोटे हेलीकॉप्टर जैसा दिखने लगता है। ये इसके एआई से बने होने के संकेत देता है।

1 जनवरी 2026 को रायटर्स की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक वीडियो फुटेज जारी किया, जिसमें उसने कहा कि यह एक गिराया गया ड्रोन था। इस ब्रीफिंग के जरिए यह दिखाया गया कि यूक्रेन ने इस हफ्ते राष्ट्रपति के आवास पर हमला करने की कोशिश की और कीव के इस दावे को चुनौती दी कि ऐसा कोई हमला नहीं हुआ था। कीव का कहना है कि मॉस्को ने अपने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया है और रूस ने यूक्रेन में युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत में प्रगति को रोकने के लिए कथित हमले की कहानी गढ़ी है। रूस के रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी वीडियो फुटेज में एक वरिष्ठ अधिकारी, मेजर-जनरल अलेक्जेंडर रोमानेंकोव को यह बताते हुए दिखाया गया है कि मॉस्को का मानना है कि यूक्रेन ने नोवगोरोड क्षेत्र में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक आवास पर हमला किया था। रोमानेंकोव ने कहा कि यूक्रेन के सूमी और चेर्निहाइव क्षेत्रों से 91 ड्रोन लॉन्च किए गए थे, जो ‘पूरी तरह से नियोजित’ हमला था, जिसे रूसी हवाई सुरक्षा द्वारा नाकाम कर दिया गया, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ और कोई घायल नहीं हुआ।” हमें न्यूज में अपलोड वीडियो फुटेज में वायरल क्लिप नहीं दिखी।

एआई जेनरेटेड वीडियो फुटेज को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। राजस्थान के भिवाड़ी के रहने वाले यूजर एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े हुए हैं।

निष्कर्ष: रूस के राष्ट्रपति पुतिन के आवास पर हमले के दावे से वायरल वीडियो क्लिप एआई जेनरेटेड है।

  • Claim Review : यह सीसीटीवी फुटेज रूसी राष्ट्रपति पुतिन के आवास पर हुए हमले की है।
  • Claimed By : FB User- अहमद निसार
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later