Fact Check: सीमा हैदर के चोटिल होने की वायरल तस्वीर एआई निर्मित
चोटिल सीमा हैदर की वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल हो रही तस्वीर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाई गई है। यूजर्स अब गलत दावे के साथ इसे वायरल कर रहे हैं। जांच में इस तस्वीर में ‘सिंथआईडी’ (SynthID) के डिटेक्ट होने की पुष्टि हुई।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 15, 2026 at 05:01 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल के रास्ते भारत आईं पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर की एक तस्वीर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में सीमा हैदर को चोटिल अवस्था में पट्टियां बांधे हुए देखा जा सकता है। इस फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सचिन मीणा ने अपनी पत्नी सीमा हैदर के साथ मारपीट की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल हो रही तस्वीर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाई गई है, जिसे यूजर्स अब गलत दावे के साथ वायरल कर रहे हैं। जांच में इस तस्वीर के गूगल एआई टूल से बने होने की पुष्टि हुई है।।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘Arun Yadav Kosli’ ने 14 मई 2026 को वायरल तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “सचिन लप्पू ने सीमा की रेल बना दी।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले वायरल पोस्ट के कमेंट सेक्शन को खंगाला। हमने पाया कि इस पोस्ट पर लोग यकीन कर रहे हैं और तस्वीर को सच भी मान रहे हैं। फोटो को गौर से देखने पर हमने पाया कि इस पर ‘जेमिनी एआई’ का लोगो लगा हुआ है। जेमिनी गूगल का एआई टूल है। इसकी मदद से तस्वीरों और वीडियो को भी बनाया जा सकता है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने तस्वीर को गूगल के ‘सिंथआईडी’ डिटेक्टर की मदद से चेक किया। इसकी एनालिसिस में इस तस्वीर के कुछ या सभी हिस्सों में सिंथआईडी के डिटेक्ट होने (Very High: सिंथआईडी कॉन्फिडेंस) की पुष्टि हुई।
सिंथआईडी, गूगल के एआई मॉडल्स द्वारा तैयार एआई-जनरेटेड कंटेंट पर वॉटरमार्क लगाने और उन्हें पहचानने का एक टूल है। यानी जब भी गूगल का कोई AI टूल कोई तस्वीर बनाता है, तो सिंथआईडी उसमें एक डिजिटल वॉटरमार्क छिपा देता है। यह वॉटरमार्क हमारी आंखों से दिखाई नहीं देता, लेकिन सिंथआईडी डिटेक्टर इसे पहचान लेता है। तस्वीर में नजर आ रहा ब्लू एरिया यह बताता है कि इसे एआई से बनाया गया है।

हमने फोटो को जांचने के लिए एक अन्य टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ का भी इस्तेमाल किया। इस टूल ने भी फोटो के करीब 99 फीसदी तक एआई से बने होने के संकेत दिए।

क्या है संदर्भ?
सीमा गुलाम हैदर पाकिस्तान के कराची की रहने वाली हैं। उन्हें ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सचिन मीणा नाम के एक भारतीय शख्स से प्यार हो गया। फिर वह अवैध रूप से भारत आ गईं। पाकिस्तान में वह शादीशुदा थीं और उनके चार बच्चे थे। भारत आने के बाद उन्होंने सचिन मीणा से शादी की। सचिन के साथ सीमा हैदर के दो बच्चे हैं। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
गौरतलब है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की तकनीक के बढ़ने से मिसइन्फॉर्मेशन के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है। अक्सर लोग एआई की मदद से असली दिखने वाली तस्वीर बनाते हैं और ऐसे दावे के साथ शेयर करते हैं कि वह बिल्कुल असली लगती है। ऐसे में कई सोशल मीडिया यूजर्स उस दावे को सच मानने लगते हैं।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 74 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि चोटिल सीमा हैदर की वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल हो रही तस्वीर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाई गई है। यूजर्स अब गलत दावे के साथ इसे वायरल कर रहे हैं। जांच में इस तस्वीर में ‘सिंथआईडी’ (SynthID) के डिटेक्ट होने की पुष्टि हुई।
- Claim Review : सचिन मीणा ने अपनी पत्नी सीमा हैदर के साथ मारपीट की है।
- Claimed By : Arun Yadav Kosli
- Fact Check : झूठ
- Ai detection tool Synthid
- Ai detection tool Hive Moderation
- News Report by Dainik Jagra, Published on 17 Jul 2023
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












