X
X

Fact Check: वेनेजुएला में भूकंप के बाद मलबे में मिले कुत्ते और नवजात बच्चे की AI तस्वीर वायरल

वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के कारण मची तबाही के बाद मलबे में फंसे कुत्ते और नवजात बच्चे की तस्वीर असली नहीं है। इस फोटो को एआई की मदद से बनाया गया है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jul 15, 2026 at 05:48 PM
  • Updated: Jul 15, 2026 at 05:53 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 24 जून 2026 को एक मिनट के अंतराल पर आए 7.2 और 7.5 की तीव्रता वाले दो भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी थी। इसमें सैकड़ों इमारतें मलबे में बदल हो गईं और हजारों लोग इनके मलबे के नीचे दब गए थे। आपदा राहत टीम ने मलबे के नीचे से कई लोगों और जानवरों को बचाया था। इसी से जोड़ते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में एक कुत्ते और नवजात बच्चे को मलबे के नीचे फंसा हुआ देखा जा सकता है। इस फोटो को वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद का बताते हुए शेयर किया जा रहा है। 

विश्वास न्यूज ने विस्तार से इस तस्वीर की जांच की। यह फर्जी निकली। वायरल हो रही तस्वीर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाई गई है, जिसे यूजर्स अब गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। हमारी जांच में इस तस्वीर के गूगल एआई टूल से बने होने की पुष्टि हुई है।। 

क्या हो रहा है वायरल ?

विश्वास न्‍यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर एक यूजर ने इस पोस्ट को शेयर किया है। इसमें लिखा है, ” वेनेज़ुएला के भीषण भूकंप की वो तस्वीर… जिसने पूरी दुनिया की आँखें नम कर दीं ।”

फेसबुक पर भी कुछ यूजर इस तस्वीर को वेनेजुएला में आए भूकंप का बताते हुए शेयर कर रहे हैं। फेसबुक यूजर ‘Milind Wakhale’ ने 3 जुलाई 2026 को वायरल तस्वीर को वेनेजुएला के भूकंप का बताते हुए शेयर किया था।

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वायरल फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से भी सर्च किया, लेकिन हमें वायरल दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने तस्वीर को गूगल के ‘सिंथआईडी’ डिटेक्टर की मदद से चेक किया। इसकी एनालिसिस में इस तस्वीर के कुछ या सभी हिस्सों में सिंथआईडी के डिटेक्ट होने (Very High: सिंथआईडी कॉन्फिडेंस) की पुष्टि हुई। 

सिंथआईडी, गूगल के एआई मॉडल्स द्वारा तैयार एआई-जनरेटेड कंटेंट पर वॉटरमार्क लगाने और उन्हें पहचानने का एक टूल है। यानी जब भी गूगल का कोई AI टूल कोई तस्वीर बनाता है, तो सिंथआईडी उसमें एक डिजिटल वॉटरमार्क छिपा देता है। यह वॉटरमार्क हमारी आंखों से दिखाई नहीं देता, लेकिन सिंथआईडी डिटेक्टर इसे पहचान लेता है। तस्वीर में नजर आ रहा ब्लू एरिया यह बताता है कि इसे एआई से बनाया गया है।

हमने फोटो को जांचने के लिए एक अन्य टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ का भी इस्तेमाल किया। इस टूल ने भी फोटो के करीब 99 फीसदी तक एआई से बने होने के संकेत दिए।  

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि बच्चे के कपड़े कहीं-कहीं पर मलबे के साथ मिले हुए दिख रहे हैं। बच्चे के हाथ की बनावट भी काफी अजीब है। फोटो में कुत्ते की आंखें काफी भावुक नजर आ रही हैं, जो देखने में काफी अटपटा लगता है। इसी से मालूम चलता है कि यह तस्वीर एआई-निर्मित है। 

क्या है संदर्भ?

24 जून 2026 को दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में एक मिनट के अंतराल पर दो शक्तिशाली भूकंप के झटके आए। इनसे जान-माल का काफी नुकसान हुआ। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे की वेबसाइट के अनुसार, 24 जून 2026 को 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंपों से पूरा वेनेजुएला हिल गया था। ‘बीबीसी’ के अनुसार, भूकंप के बाद हजारों लोगों को बचाया गया । एक सदी में यह सबसे बड़ा भूकंप था।

वेनेजुएला में जानवरों के रेस्क्यू की भी कई खबरें सामने आई हैं।

‘Reuters’ की वेबसाइट पर 15 जुलाई 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला नेशनल असेंबली के प्रेसिडेंट जॉर्ज रोड्रिगेज की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, जून में वेनेजुएला में आए दो भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,734 हो गई है, जबकि घायलों की संख्या 16,740 है और 17,907 लोग बेघर हुए हैं।

संयुक्त राष्ट्र की वेबसाइट पर 29 जून 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र के आपातकालीन राहत कोऑर्डिनेटर टॉम फ्लेचर ने लगभग 50,000 लोगों के अभी भी लापता होने का अनुमान जताया है।

अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Milind Wakhale’ के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के कारण मची तबाही के बाद मलबे में फंसे कुत्ते और नवजात बच्चे की तस्वीर असली नहीं है। इस फोटो को एआई की मदद से बनाया गया है। 

  • Claim Review : वेनेजुएला के भीषण भूकंप की वह तस्वीर, जिसने पूरी दुनिया की आंखें नम कर दीं। 
  • Claimed By : FB User Milind Wakhale
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later