Fact Check: संजय दत्त ने बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या को सही नहीं ठहराया है, डीपफेक है वायरल वीडियो
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया की बांग्लादेश में हुई हिंदू युवक की हत्या को लेकर अभिनेता संजय दत्त ने कोई बयान नहीं दिया है। वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है। संजय दत्त के एआई जेनरेटेड वीडियो को झूठे दावे के साथ अब शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Dec 24, 2025 at 05:33 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हाल ही में बांग्लादेश में हुई हिंदू युवक की हत्या ने देश को हिलाकर रख दिया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अभिनेता संजय दत्त को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि बांग्लादेश में दीपू चंद्र के साथ जो हुआ, अच्छा हुआ। कई यूजर्स इस वीडियो को असली समझकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की, तो पता चला कि यह एआई की मदद से बनाया गया है। इनमें असली वीडियो में एआई से क्लोन किए गए आवाज को अलग से जोड़ा गया है। उनका यह असली वीडियो साल 2017 का फिल्म ‘भूमि’ के प्रमोशन के दौरान का है। इसे एडिट करके अब झूठे दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टा यूजर ‘ayubeditz’ ने 21 दिसंबर 2025 को संजय दत्त का एक कथित वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा हुआ है, ”नबी का अपमान कभी स्वीकार नहीं।” — Sanjay Dutt
इसमें संजय दत्त को कहते हुए दिखाया गया है, “बंगलादेश में दीपू चंद्र के साथ जो हुआ वह बहुत ही अच्छा हुआ। देखो मैं एक सच्चा हिन्दू हूं और मैं कभी भी गलत का साथ नहीं देता हूं। दीपू चंद्र ने जिस तरह से मुसलमानों के प्यारे नबी के शान पर गुस्ताखी किया, ये तो उसके साथ होना ही था। अगर हमारे राम जी के बारे में कोई गलत टिप्पणी करते तो कैसा लगेगा एक बार यह सोचो। दीपू चंद्र ने जो किया उसको उसकी सजा मिल गया है। बाकी आप लोगों को जो कहना है कमेंट बॉक्स खुला है आप लोग कहिए।”
इसके साथ में वीडियो पर लिखा है, ”बांग्लादेश की घटना पर संजय दत्त का प्रतिक्रिया।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया लेकिन संजय दत्त के ऐसे बयान से जुड़ी कोई भी मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावों की पुष्टि हो सके।
इसके बाद हमने संजय दत्त के सोशल मीडिया हैंडल्स को स्कैन किया। संजय दत्त के एक्स अकाउंट और फेसबुक पर 10 दिसंबर 2025 के बाद कोई पोस्ट नहीं की गई है। वहीं, इंस्टा पर 23 दिसंबर 2025 को एक पोस्ट की गई है।
जांच में आगे हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘NDTV’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 11 सितंबर 2017 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो फिल्म ‘भूमि’ के प्रमोशन के दौरान का है।
वीडियो से जुड़ी अन्य रिपोर्ट्स यहां पढ़ें।
वायरल वीडियो में हमें एआई से छेड़छाड़ का संदेह हुआ। हमने इसे aurigin.ai से चेक किया। इसमें इसे 94 फीसदी एआई निर्मित बताया गया।

हमने ऑडियो को ‘undetectable.ai’ टूल के जरिए भी सर्च किया। इस टूल ने भी इसे एआई निर्मित बताया । इससे साफ होता है कि वायरल ऑडियो एआई निर्मित और एडिटेड है।

इस बारे में हमने मुंबई में एंटरटेनमेंट कवर करने वाले सीनियर जर्नलिस्ट पराग छापेकर से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि संजय दत्त ने बांग्लादेश में हुई दीपू चंद्र दास की हत्या पर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 20 दिसंबर 2025 को प्रकाशित खबर के अनुसार, बांग्लादेश में इस्लाम का अपमान करने के आरोप में भीड़ ने हिंदू युवक दीपू चंद्र की हत्या की गई।
इसके बाद हमने वीडियो को झूठे दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर को इंस्टाग्राम पर एक लाख 34 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ज्यादातर ऐसे ही वीडियो शेयर करता है। इससे पहले बाबरी मस्जिद और नितीश कुमार से जुड़ी खबरों को लेकर भी कई एक्टर्स और क्रिकेटर्स के असली वीडियो को एआई की मदद से बदल कर गलत दावे से शेयर किया गया है। यूजर ने स्वयं को इंडिया का बताया है और सितंबर 2025 को इंस्टाग्राम ज्वाइन किया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया की बांग्लादेश में हुई हिंदू युवक की हत्या को लेकर अभिनेता संजय दत्त ने कोई बयान नहीं दिया है। वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है। संजय दत्त के एआई जेनरेटेड वीडियो को झूठे दावे के साथ अब शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : संजय दत्त ने बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की हत्या को सही ठहराया।
- Claimed By : इंस्टा यूजर -'ayubeditz'
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












