Fact Check: दुबई में धरती फटने के दावे से वायरल वीडियो AI जेनरेटेड है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दुबई में धरती फटने के नाम से वायरल वीडियो असली नहीं है, बल्कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jan 21, 2025 at 11:59 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शहर के बड़े से हिस्से को एक सिंकहोल में समाते देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो दुबई का है, जहाँ धरती फटने से ये हादसा हुआ।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो असली नहीं है, बल्कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया है। AI जेनरेटेड वीडियो को फर्जी दावे के साथ फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए एक थ्रेड्स यूजर muassirmubassir ने लिखा, “आज 15/01/2025 दुबई में धरती फट गई”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल शुरू करते हुए हमने सबसे पहले कीवर्ड सर्च का सहारा लिया। हमें कहीं भी दुबई में ऐसी कोई घटना होने की कोई खबर नहीं मिली।
इसके बाद हमने वीडियो को ठीक से देखा। वीडियो में बहुत सी कमियां थीं, जैसे इमारतें पूरी तरह से बानी हुई नहीं दिख रहीं थी और ढहने से पहले ही जर्जर स्थिति में थीं।
वायरल वीडियो को लेकर हमने अपने पार्टनर डीएयू (एमसीए की पहल) से संपर्क किया। डीएयू की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। एक्सपर्ट्स को टूल्स से AI मैनिपुलेशन होने के कोई क्लियर साइन नहीं दिखाए दिए, शायद इसलिए, क्योंकि हर विज़ुअल का ड्यूरेशन बहुत कम था और वीडियो की क्वालिटी भी खराब थी। लेकिन, DAU एक्सपर्ट्स ने कुछ ऐसे इंडीकेटर्स पहचाने जो इस वीडियो के AI-जनरेटेड होने की ओर ईशारा करते हैं। जैसे 0:06 के आस-पास, जो मलबा बिल्डिंग्स के आस-पास गिर रहा है, वो वास्तविक नहीं लगता है और AI-जनरेटेड तस्वीरों की तरह की आकृति दिखती है। अगर ध्यान से देखा जाए, तो गाड़ियां और इमारतों की खिड़कियां, दरवाजे, और दीवारें सभी अजीब आकार के हैं और वो बनावटी लग रहे हैं। साथ ही गाड़ियां भी वास्तविक आकार की नहीं लग रहीं हैं, जैसे टूटे हुए बच्चों के खिलोने हों।
हमने इस वीडियो को लेकर एआई विशेषज्ञ और शोधकर्ता अजहर माचवे से भी संपर्क किया और उन्होंने भी कन्फर्म किया कि यह AI जेनरेटेड है। उन्होंने कहा वीडियो में सिंकहोल का आकार बदल रहा है। और रेत/मलबा सिंकहोल के अंदर से आने की बजाय बाहर से आता दिख रहा है।
सिंकहोल क्या है?
सिंकहोल एक प्रकार की प्राकृतिक आपदा होती है, जिसमें जमीन का एक हिस्सा अचानक धंसकर गहरे गड्ढे में बदल जाता है। यह तब होता है, जब भूमिगत पानी या अन्य कारणों से मिट्टी और चट्टान कमजोर हो जाती हैं, जिससे ऊपर की सतह धंसने लगती है। सिंकहोल अक्सर तब बनते हैं, जब पानी कावक या चूना पत्थर जैसी चट्टानों को घिसता है और उन्हें नीचे से कमजोर कर देता है, जिससे जमीन का एक हिस्सा गिर जाता है। ये गड्ढे छोटे से लेकर बड़े आकार में हो सकते हैं और कभी-कभी इमारतों या सड़क को भी नुकसान पहुंचाते हैं।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले थ्रेड्स यूजर muassirmubassir के 12 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दुबई में धरती फटने के नाम से वायरल वीडियो असली नहीं है, बल्कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया है।
- Claim Review : आज 15/01/2025 दुबई में धरती फट गई
- Claimed By : Threads user muassirmubassir
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












