X
X

Fact Check : पटना में ट्रेन नदी में गिरने के दावे से वायरल वीडियो असली नहीं है, AI निर्मित है

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पटना में ट्रेन के नदी में गिरने का वायरल वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि एआई क्रिएटेड है। वीडियो को असली समझकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Aug 23, 2025 at 04:49 PM
  • Updated: Aug 25, 2025 at 12:44 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से लोग परेशान हैं। बारिश के कारण कई जगह हादसों के मामले सामने आए हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसमें नदी में दो ट्रेनों को देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पटना का है, जहां ट्रेन गंगा नदी में गिर गई है। वीडियो में कुछ लोगों को पुल पर और कुछ को नदी किनारे खड़े देखा जा सकता है। कई लोगों ने माइक भी पकड़ा हुआ है।

विश्वास न्यूज की जांच में दावा फर्जी निकला। पड़ताल में पता चला कि पटना में ट्रेन गिरने के दावे से वायरल हो रहा वीडियो एआई निर्मित है। यह असली नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर anish.raza.7906 ने 21 अगस्त को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इसके साथ में कैप्शन लिखा है, “पटना में गंगा नदी में गिरी ट्रेन“

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। लोगों के हाथ में दिख रहे माइक पर लिखी भाषा और लिखावट काफी अटपटी है। ट्रेन के ऊपर लिखी भाषा स्पष्ट नहीं है और ट्रेन भी असली नहीं लग रही। वहीं दूसरे वीडियो में पानी का बहाव अजीब है। इससे वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने पटना ट्रेन हादसे को लेकर गूगल पर सर्च किया। सर्च करने पर हमें सारे वायरल दावे से जुड़े वीडियो मिले, पर दावे की पुष्टि करती कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के कुछ स्क्रीनशॉट निकाले और एआई डिटेक्शन टूल्स wasitai.com की मदद से चेक किया। टूल ने इसके एआई से बने होने की संभावना जताई।  

हमने एक अन्य टूल decopy.ai/ पर भी इसे चेक किया। इस टूल ने वीडियो को 78.86 और 99.21 फीसदी तक एआई बताया गया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने वीडियो को एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रही ट्रेन और नदी को देखकर साफ पता चलता है कि यह वीडियो वास्तविक नहीं है। इसे एआई से बनाया गया है। वीडियो में भाषा भी काफी अजीब है। एआई की मदद से बनाई गई वीडियो में इस तरह की कमियां नजर आती हैं।

सोशल मीडिया पर बाढ़ और आपदा से जुड़े कई एआई वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिनकी जांच विश्वास न्यूज ने की है। फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 1 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पटना में ट्रेन के नदी में गिरने का वायरल वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि एआई क्रिएटेड है। वीडियो को असली समझकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : पटना में गंगा नदी में गिरी ट्रेन
  • Claimed By : फेसबुक यूजर -anish.raza.7906
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later