Fact Check: श्वेत दंपती के अश्वेत शिशुओं को जन्म देने का वायरल वीडियो AI निर्मित है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि श्वेत दंपती के जुड़वां अश्वेत बच्चों को जन्म देने का वीडियो एआई निर्मित है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Nov 4, 2025 at 03:44 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें एक डिलीवरी रूम में बेड पर लेटी एक श्वेत महिला के हाथों में 2 अश्वेत बच्चों को देखा जा सकता है। साथ में खड़े उनके श्वेत पति को सदमे में चिल्लाते सुना जा सकता है और आसपास खड़े मेडिकल स्टाफ को उन्हें समझाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को असली समझकर कई लोग शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फर्जी है। असल में वायरल हो रहा वीडियो असली नहीं, बल्कि इसे एआई टूल्स की मदद से तैयार किया गया है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर ‘raghavndtv’ ने 3 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “फरवरी में महिला ताजमहल देखने आई भारत। काले बच्चे काले बाल। जुड़वा बच्चों को देख पत्नी पर भड़का गोरा पति, काटा बवाल।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में दिख रहे आदमी के रोबोटिक बॉडी मूवमेंट और महिला के चेहरे के हावभाव को देखकर हमें शक हुआ कि यह वीडियो एआई की मदद से बना हो सकता है।
हमने एआई डिक्टेशन टूल्स की मदद से वीडियो को स्कैन किया। हाइव मॉडरेशन टूल ने 86 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने एक अन्य टूल साइट इंजन की मदद से वीडियो को सर्च किया। इस टूल ने 99 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

एक अन्य टूल वाज इट एआई ने भी वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

वीडियो के ऊपर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक का लोगो और @br_ai_ded लिखा देखा जा सकता है। वीपीएन का इस्तेमाल करके खोजने पर हमने पाया कि इस वीडियो को @br_ai_ded नाम के टिकटॉक अकॉउंट पर सबसे पहले 31 अक्टूबर 2025 को अपलोड किया गया था। यहाँ क्रेडिट में साफ़ बताया गया है कि इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है। इस पेज पर इस तरह के और भी कई वीडियो थे, जिन्हें AI की मदद से बनाया गया है।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो के कई दृश्यों को देखकर ये समझा जा सकता है कि इसे एआई की मदद से बनाया गया है, जैसे वीडियो में दिख रहे मेडिकल स्टाफ के हाथों के मूवमेंट साथ ही महिला के हाथों की बनावट।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर राघव एनडीटीवी को 1.5 लाख लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि श्वेत दंपती के जुड़वां अश्वेत बच्चों को जन्म देने का वीडियो एआई निर्मित है।
- Claim Review : श्वेत दंपती के अश्वेत शिशुओं को जन्म देने का वायरल वीडियो
- Claimed By : Instagram user raghavndtv
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












