Fact Check : शिवाजी की तस्वीर वाले 200 रुपये के नोट को जारी किए जाने का दावा FAKE, एडिटेड है तस्वीर
शिवाजी की तस्वीर वाले 200 रुपये के नोटों को छापे जाने के बारे में सरकार के फैसला लिए जाने दावा गलत है। केंद्र सरकार की तरफ से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है। साथ ही इस दावे के साथ वायरल तस्वीर एडिटेड है, जिसे पहली बार बीजेपी नेता नीतेश राणे ने केजरीवाल के लक्ष्मी-गणेश सीरीज के नोटों को छापे जाने के बयान पर पलटवार करते हुए शेयर किया था। इसके बाद यह तस्वीर सोशल मीडिया पर समान संदर्भ में अलग-अलग समय पर वायरल होती रही है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Mar 18, 2025 at 04:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। औरंगजेब विवाद के बीच सोशल मीडिया पर दो सौ रुपये के बैंक नोट की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिस पर शिवाजी की तस्वीर लगी हुई है। दावा किया जा रहा है कि भारत सरकार ने शिवाजी सीरीज के 200 रुपये के बैंक नोटों को जारी करने का फैसला लिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। सरकार की तरफ से शिवाजी सीरीज के बैंक नोट को जारी करने का कोई फैसला नहीं लिया गया है। साथ ही इस दावे के साथ वायरल हो रही तस्वीर एडिटेड है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘fan_bhagat_singh_da_1931’ ने वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “भारत सरकार का बड़ा फैसला। 200 रुपये के नोट पर अब लगेगी छत्रपती शिवाजी महाराज की फोटो!!”

पड़ताल
सोशल मीडिया पर यह तस्वीर पहले भी वायरल हो चुकी है। 2022 में दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय बैंक नोटों पर लक्ष्मी-गणेश जी की तस्वीर लगाए जाने की मांग की थी, तब इसके जवाब में नीतेश राणे (महाराष्ट्र के मंत्री) ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से शिवाजी की तस्वीर वाले 200 रुपये के बैंक नोट को शेयर करते हुए केजरीवाल पर पलटवार किया था।
वायरल पोस्ट में नजर आ रही नोट की तस्वीर वही है, जिसे नीतेश राणे ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से शेयर किया था।

यानी वायरल एडिटेड है। इससे पहले जब यह तस्वीर वायरल हुई थी, तब हमने आरबीआई से संपर्क किया था और उन्होंने शिवाजी सीरीज के नए बैंक नोट को छापे जाने के दावे का खंडन किया था।
साथ ही हमें आरबीआई की वेबसाइट पर ऐसी किसी अधिसूचना के बारे में जानकारी नहीं मिली, जिसमें शिवाजी सीरीज के नोट को जारी किए जाने का जिक्र हो। सरकार अगर ऐसा फैसला लेती तो इसकी जानकारी आरबीआई की वेबसाइट समेत अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में होती, लेकिन हमें कहीं भी ऐसी घोषणा की जानकारी नहीं मिली।
बताते चलें कि 2016 में नोटबंदी के बाद देश में महात्मा गांधी न्यू सीरीज के तहत 500 रुपये और 2000 रुपये के नोटों को जारी किया गया था और इसके बाद इसी सीरीज में 10, 20, 50 और 100 रुपये के मूल्य के नोटों को जारी किया गया था।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनर में औरंगजेब की कब्र स्थित है और इसे हटाए जाने की मांग को लेकर राजनीतिक विवाद की स्थिति बनी हुई है। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में इस विवाद को लेकर नागपुर में दो गुटों के बीच हिंसा भड़क उठी, जिसमें पुलिस समेत कई लोग घायल हो गए।
नागपुर हिंसा को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में बयान देते हुए इसे “पूर्व नियोजित हिंसा” करार दिया।
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को इंस्टाग्राम पर करीब 70 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: शिवाजी की तस्वीर वाले 200 रुपये के नोटों को छापे जाने के बारे में सरकार के फैसला लिए जाने दावा गलत है। केंद्र सरकार की तरफ से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है। साथ ही इस दावे के साथ वायरल तस्वीर एडिटेड है, जिसे पहली बार बीजेपी नेता नीतेश राणे ने केजरीवाल के लक्ष्मी-गणेश सीरीज के नोटों को छापे जाने के बयान पर पलटवार करते हुए शेयर किया था। इसके बाद यह तस्वीर सोशल मीडिया पर समान संदर्भ में अलग-अलग समय पर वायरल होती रही है।
- Claim Review : शिवाजी की तस्वीर वाले 200 रुपये के बैंक नोट छापेगी सरकार।
- Claimed By : Insta User-fan_bhagat_singh_da_1931
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












