Fact Check : पानी में डूबे सवाई माधोपुर के रेलवे स्टेशन की तस्वीर को अलवर का बताकर किया गया वायरल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की विस्तार से जांच की। दावा गलत साबित हुआ। दरअसल सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन की एक तस्वीर को अलवर के नाम पर वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Aug 14, 2025 at 02:14 PM
- Updated: Aug 22, 2025 at 06:31 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। देश के कई हिस्सों में बारिश जारी है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें ट्रेन की पटरियों को पानी में डूबा हुआ देखा जा सकता है। इस तस्वीर को अलवर की बताते हुए दावा किया जा रहा है कि यह राजस्थान के अलवर रेलवे स्टेशन की फोटो है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की विस्तार से जांच की। दावा गलत साबित हुआ। दरअसल सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन की एक तस्वीर को अलवर के नाम पर वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है। बारिश के कारण सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर पटरियां पानी में डूब गई थीं। अब स्थिति सामान्य हैं।
क्या हो रहा है वायरल
Mohd Salman Khan नाम के एक फेसबुक यूजर ने एक तस्वीर को अपलोड करते हुए दावा किया कि यह राजस्थान का रेलवे स्टेशन अलवर जो पूरी तरह से पानी में डूब चुका है कृपया आप लोग ना जाएं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट के दावे को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
अलवर रेलवे स्टेशन के नाम पर वायरल तस्वीर की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने सबसे पहले गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया । इसके जरिए वायरल तस्वीर को सर्च करने पर हमें संबंधित तस्वीर और वीडियो कई जगह मिले। INDIA INSIGHT NEWS नाम के एक एक्स हैंडल ने 30 जुलाई को एक वीडियो को अपलोड करते हुए इसे सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन का बताया।
सर्च के दौरान हमें 30 जुलाई को एक इंस्टाग्राम हैंडल पर भी वायरल तस्वीर मिली। यहां भी इसे सवाई माधोपुर की ही बताया गया।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए सवाई माधोपुर से प्रकाशित दैनिक भास्कर के ईपेपर को स्कैन किया। हमें 31 जुलाई के संस्करण में सवाई माधोपुर में हुई बारिश की विस्तार से कवरेज मिली। खबर में बताया गया कि सवाई माधोपुर रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म पानी में डूबने से कई ट्रेनों का संचालन लेट हुआ।

पड़ताल के दौरान विश्वास न्यूज ने अलवर के पत्रकार नरेंद्र चोटिया से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल तस्वीर अलवर रेलवे स्टेशन की नहीं है।
जांच के अंत में हमने फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की। मोहम्मद सलमान खान को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। प्रोफाइल पर दी गई जानकारी के अनुसार, यूजर अलवर का रहने वाला है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में अलवर रेलवे स्टेशन के नाम पर वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन की तस्वीर को अलवर की बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : अलवर रेलवे स्टेशन की तस्वीर
- Claimed By : FB User Mohd Salman Khan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












