X
X

Fact Check: महिलाओं के वीडियो एडिट कर वायरल कर रहे साइबर ठग, डेटा चोरी के मकसद से शेयर कर रहे फिशिंग लिंक

महिलाओं की तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल कर साइबर ठग फिशिंग लिंक शेयर कर रहे हैं। तस्वीरों को टूल की मदद से मूवमेंट देकर और उसमें आवाज जोड़कर लोगों को मोबाइल नंबर पाने के लिए एक फिशिंग लिंक पर क्लिक करने को कहा जाता है। इसी तरह से कुछ महिलाओं के वीडियो में भी अलग से ऑडियो जोड़कर लोगों को फंसाने की कोशिश की जा रही है। इस लिंक पर क्लिक करने से यूजर का डेटा चोरी हो सकता है।

women fabricated videos, cybercrime, online scams, women video scams, deepfakes, sextortion, victim support, online safety

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। साइबर ठग लोगों को फंसाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। ये महिलाओं के वीडियो वायरल कर रहे हैं। इन फैब्रिकेटेड वीडियो के जरिए अपराधी लोगों को फिशिंग लिंक पर क्लिक करने की सलाह दे रहे हैं। ऐसे ही कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स वायरल हो रही हैं। इनमें लिंक पर क्लिक कर महिलाओं का मोबाइल नंबर लेने को कहा गया है। सभी पोस्ट के साथ में कार की खूबियों को बताता एक मैसेज भी है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट से इस तरह की पोस्ट की गई हैं। इनमें से कुछ पोस्ट में महिलाओं की तस्वीरों को टूल की मदद से मूवमेंट देकर आवाज अलग से जोड़ी गई हैं, जबकि कुछ में वीडियो क्लिप्स में ऑडियो बदलकर लोगों से एक फिशिंग लिंक पर क्लिक कर मोबाइल नंबर लेने का झांसा दिया जा रहा है। एक्सपर्ट के अनुसार, यूजर का डेटा चोरी करने के मकसद से इस तरह की पोस्ट शेयर की जाती हैं।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Kajal के अकाउंट से 16 मार्च को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) की गई है। इसमें एक महिला का वीडियो है, जिसमें वह लोगों से उसका मोबाइल नंबर लेने के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहते हुए देखी जा सकती है। इसके साथ में कार की खूबियों को बताता एक मैसेज भी है। पोस्ट के साथ में नौ डिजिट का एक नंबर भी दिया गया है।

16 मार्च को Ankita kumari नाम की फेसबुक यूजर ने भी एक अन्य महिला का इसी तरह का वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है।

इंस्टाग्राम यूजर payl_nu_987654321 ने भी 14 मार्च को इसी तरह का एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है, जिसमें एक अन्य महिला को वीडियो को लाइक और फॉलो करने को कहते हुए देखा जा सकता है।

इस अकाउंट से भी इस तरह की कुछ वीडियो पोस्ट की गई हैं। अकाउंट के बायो में वीडियो कॉल पर बात करने के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है।

पड़ताल

वायरल हो रही पोस्ट्स को एक-एक करके चेक किया।

पहली पोस्ट

सबसे पहले हमने फेसबुक यूजर Kajal की पोस्ट को चेक किया। इसे ध्यान से देखने पर पता चलता है कि एक तस्वीर को टूल की मदद से वीडियो में तब्दील किया गया है। वीडियो में केवल महिला का चेहरा और होंठ हिलते हुए देखे जा सकते हैं।

इसमें मैसेज के साथ में एक नौ डिजिट का नंबर दिया गया है, जो देखने पर अधूरा फोन नंबर लगता है। पोस्ट में महिला का वॉट्सऐप नंबर लेने के लिए प्रोफाइल में दिए गए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है।

साइबर सुरक्षा के तहत हमारे सिस्टम पर एंटी वायरस अपलोड है, जो साइबर हमलों से सिस्टम को सुरक्षित करता है, इसलिए हमने प्रोफाइल पर दिए गए लिंक पर क्लिक किया। यह एक ब्लॉग अरेनाएंपल डॉट कॉम पर ले जाता है। इसमें कोई मोबाइल नंबर नहीं है। यूजर्स इस तरह के किसी भी लिंक पर क्लिक करने की गलती न करें।

वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च करने पर यह तस्वीर 22 नवंबर 2024 को एक फेसबुक ग्रुप पर मिली।

वायरल वीडियो को हमने एआई इमेज/वीडियो डिटेक्शन टूल कैन्टीलक्स से चेक किया। इसमें इसके एआई निर्मित होने की संभावना 61 फीसदी जताई गई।

इस अकाउंट पर हमें इस तरह की कुछ अन्य महिलाओं के वीडियो भी मिले, जिन्हें पोस्ट कर लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है। सबमें एक जैसा नौ डिजिट का एक नंबर दिया गया है। इसको करीब 39 हजार यूजर्स फॉलो करते हैं। लिंक पर क्लिक करने से अरेनाएंपल डॉट कॉम के नाम से वेबसाइट खुलती है।

दूसरी पोस्ट

इसके बाद हमने Ankita kumari की पोस्ट को चेक किया। इसमें भी केवल चेहरे और होंठों के मूवमेंट को देखा जा सकता है। इस पर भी नौ डिजिट का वही नंबर दिया गया है, जो फेसबुक यूजर Kajal की पोस्ट पर दिया गया है। पोस्ट में महिला का मोबाइल नंबर पाने के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है। यह लिंक भी अरेनाएंपल डॉट कॉम वेबसाइट पर ले जाता है।

इसके शुरुआती 18 सेकंड के ऑडियो को हाइव मॉडरेशन से चेक करने पर इसके 99.9 फीसदी एआई निर्मित होने की संभावना जताई गई।

कीफ्रेम को गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें यह तस्वीर संगीता सरगम नाम से बने फेसबुक अकाउंट पर मिला। प्रोफाइल के अनुसार, यूजर डिजिटल क्रिएटर है।

संगीता सरगम की प्रोफाइल के अनुसार, वह एक ​डिजिटल क्रिएटर हैं और उनके करीब 3 लाख 35 हजार फॉलोअर्स हैं।

वायरल पोस्ट शेयर करने वाले अकाउंट से भी कुछ अन्य महिलाओं के इसी तरह के वीडियो पोस्ट किए गए हैं। इनमें भी मोबाइल नंबर के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है। इस प्रोफाइल के करीब 1 लाख पांच हजार फॉलोअर्स हैं।

तीसरी पोस्ट

हमने इंस्टाग्राम यूजर payl_nu_987654321 की पोस्ट को भी चेक किया। इसमें नंबर के लिए वीडियो को लाइक और फॉलो करने को कहा जाता है।

इंस्टाग्राम अकांट के बायो में वीडियो कॉल पर बात करने के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है। यह लिंक भी अरेनाएंपल डॉट कॉम वेबसाइट पर ले जाता है।

इस अकाउंट (आर्काइव लिंक) से भी इस तरह के कुछ अन्य महिलाओं के वीडियो भी इसी तरह के संदेश के साथ अपलोड किए गए हैं। इसके करीब दो लाख फॉलोअर्स हैं।

वायरल पोस्ट का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें यह वीडियो इंस्टा यूजर miss_pushpa00 (आर्काइव लिंक) के अकाउंट पर मिली। इसे 12 मार्च को अपलोड किया गया है। इसमें और वायरल वीडियो में ऑडियो अलग-अलग है।

प्रोफाइल के अनुसार, यूजर miss_pushpa00 वीडियो क्रिएटर हैं और रीवा मध्य प्रदेश की हैं। उनके करीब 1 लाख 41 हजार फॉलोअर्स हैं।

एआई डिटेक्शन टूल कैन्टीलक्स पर इसमें एआई टूल के इस्तेमाल की संभावना जताई गई।

एक्सपर्ट की राय

इस बारे में हमने साइबर एक्सपर्ट किसलय चौधरी से संपर्क किया। उनका कहना है कि इस तरह के लिंक पर क्लिक करने से वह आपको एक वेबसाइट पर ले जा रहा है, लेकिन इससे बैकएंड पर किसी कोड के जरिए यूजर का डेटा भी चोरी हो सकता है। इससे आर्थिक नुकसान भी पहुंचाया जा सकता है।

वहीं, साइबर एक्सपर्ट अनुज अग्रवाल ने भी कहा कि लिंक हमें एक वेबसाइट पर ले जा रहा है, जो दिख रहा है, लेकिन लिंक में एक हिडेन कोड भी हो सकता है, जिस पर क्लिक करने से यूजर का डेटा ठग के पास चला जाता है।

निष्कर्ष: महिलाओं की तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल कर साइबर ठग फिशिंग लिंक शेयर कर रहे हैं। तस्वीरों को टूल की मदद से मूवमेंट देकर और उसमें आवाज जोड़कर लोगों को मोबाइल नंबर पाने के लिए एक फिशिंग लिंक पर क्लिक करने को कहा जाता है। इसी तरह से कुछ महिलाओं के वीडियो में भी अलग से ऑडियो जोड़कर लोगों को फंसाने की कोशिश की जा रही है। इस लिंक पर क्लिक करने से यूजर का डेटा चोरी हो सकता है।

  • Claim Review : लिंक पर क्लिक कर महिलाओं का मोबाइल नंबर लीजिए।
  • Claimed By : FB User- Kajal
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later