X
X

Fact Check: रणवीर सिंह के काशी विश्वनाथ मंदिर जाने का वीडियो पुराना, ‘धुरंधर 2’ की रिलीज के बाद का नहीं

रणवीर सिंह के काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में रणवीर सिंह का अब वायरल हो रहा वीडियो करीब दो साल पुराना है। साल 2024 में कृति सेनन और रणवीर सिंह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Mar 27, 2026 at 01:34 PM
  • Updated: Mar 27, 2026 at 01:57 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘धुरंधर 2 द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई, जिसके बाद बॉक्‍स ऑफिस पर तगड़ी कमाई कर रही है। इसी से जोड़ते हुए फिल्म में मुख्य किरदार निभाने वाले अभिनेता रणवीर सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें मंदिर जाते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बाद रणवीर सिंह काशी विश्वनाथ मंदिर गए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में रणवीर सिंह का वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। साल 2024 में कृति सेनन के साथ रणवीर काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। 

क्या हो रहा है वायरल?

इंस्टाग्राम यूजर ‘newsbharatplus’ ने 26 मार्च 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “धुरंधर 2 की अपार सफलता के बाद,रणवीर सिंह पहुँचे काशी विश्वनाथ मंदिर और विधि-विधान से पूजा अर्चना की।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल दावे से जुड़ी न्यूज रिपोर्ट दैनिक जागरण की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 14 अप्रैल 2024 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “रणवीर सिंह और कृति सेनन ने मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान रणवीर महादेव की भक्ति में रमे हुए नजर आए। रणवीर, कृति और मनीष ने माथे पर चंदन लगाया था और तीनों ने गले में भगवा रंग की चुनरी ओढ़ी थी।’’

टीवी9 की वेबसाइट पर 14 अप्रैल 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर सिंह और अभिनेत्री कृति सेनन मनीष मल्होत्रा के एक फैशन शो के सिलसिले में काशी पहुंचे थे।

हमें वायरल पोस्ट से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट ‘Times Now Navbharat’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 15 अप्रैल 2024 को अपलोड किया गया था। वीडियो में रणवीर सिंह और कृति सेनन को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करते हुए देखा जा सकता है। साथ ही, रिपोर्ट में काशी में मनीष मल्होत्रा के हुए फैशन शो का वीडियो भी मौजूद है।

अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई में एंटरटेनमेंट के सीनियर जर्नलिस्ट पराग छापेकर से संपर्क किया। उन्होंने वायरल वीडियो को पुराना बताया है।

गौरतलब है कि आदित्य धर ने फिल्म ‘धुरंधर 2’ को डायरेक्ट किया है। इस फिल्म में रणवीर सिंह ने मुख्य किरदार निभाया है। ‘धुरंधर 1’ और ‘धुरंधर 2’ एक भारतीय स्पाई की कहानी है, जो पाकिस्तान में रहकर कई गुप्त ऑपरेशन को अंजाम देता है। ‘धुरंधर 2’ पहले 6 दिनों में सिर्फ विदेशों में 250 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। 

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ‘newsbharatplus’ के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 65 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि रणवीर सिंह के काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में रणवीर सिंह का अब वायरल हो रहा वीडियो करीब दो साल पुराना है। साल 2024 में कृति सेनन और रणवीर सिंह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। 

  • Claim Review : ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बाद रणवीर सिंह काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे।
  • Claimed By : Inst User newsbharatplus
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later