Fact Check: तेलुगु अभिनेता बालकृष्ण के ए आर रहमान पर दिए गए पुराने बयान के साथ छेड़छाड़ कर किया जा रहा वायरल
साल 2021 में नंदमुरी बालकृष्ण ने कहा था कि वो नहीं जानते है कि ए आर रहमान कौन है। वो दस साल में एक बार हिट फिल्म देते हैं। लेकिन उन्होंने यह नहीं कहा था कि एआर रहमान को इस्लामी विचारधारा के चलते पुरस्कार मिलता है। पुराने बयान के साथ छेड़छाड़ कर हाल का बताते हुए गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jan 23, 2026 at 04:56 PM
- Updated: Jan 27, 2026 at 12:05 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। संगीतकार ए आर रहमान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि उनके धर्म की वजह से बॉलीवुड में उनके साथ पक्षपात किया जाता है। इस बयान के बाद बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों ने उनके इस बयान को गलत बताया है। इसी से जोड़ते हुए तेलुगू अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण का एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि नंदमुरी बालकृष्ण ने हाल ही में एआर रहमान पर तंज कसते हुए कहा, वो नहीं जानते एआर रहमान कौन हैं। वो 10 साल में सिर्फ एक हिट फिल्म देता है और “इस्लामी विचारधारा के चलते पुरस्कार जीतता है”।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। साल 2021 में नंदमुरी बालकृष्ण ने कहा था कि वो नहीं जानते है कि ए आर रहमान कौन है। वो दस साल में एक बार हिट फिल्म देते हैं। लेकिन उन्होंने यह नहीं कहा था कि ए आर रहमान को “इस्लामी विचारधारा के चलते पुरस्कार मिलता है”। पुराने बयान के साथ छेड़छाड़ कर हाल का बताते हुए गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘सच के साथ’ ने 20 जनवरी 2026 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “मुझे फर्क नहीं पड़ता ए.आर. रहमान कौन है वह तो बस नकलची है। 10 साल में सिर्फ एक हिट फिल्म देता है और वो भी इस्लामी विचारधारा के चलते पुरस्कार जीतता है-नंदमुरी बालकृष्ण तेलुगू सुपरस्टार।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें। अन्य पोस्ट को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट इंडिया टुडे की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 21 जुलाई 2021 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “उन्होंने कहा था कि मुझे नहीं पता कि एआर रहमान कौन है। उन्होंने ऑस्कर जीता है और मैं उन्हें जानता तक नहीं। वो दस साल में एक बार हिट फिल्म देते हैं।” इस बयान के बाद उन्होंने इंटरनेट पर काफी ट्रोल किया गया था।
लेकिन रिपोर्ट में कहीं भी इस बात का जिक्र नहीं है कि नंदमुरी बालकृष्ण ने ए आर रहमान पर “इस्लामी विचारधारा की वजह से पुरस्कार जीतने” का आरोप लगाया हो।

हमें कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स भी मिली, लेकिन इन रिपोर्ट्स में भी ऐसे किसी संदर्भ का जिक्र नहीं है। टीवी9 तेलुगु पर भी हमें इस दावे से जुड़ी न्यूज रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट को 21 जुलाई 2021 को प्रकाशित किया गया था। इस रिपोर्ट में भी हमें इस बात का जिक्र नहीं मिला कि नंदमुरी बालकृष्ण ने ए आर रहमान पर “इस्लामी विचारधारा के चलते पुरस्कार मिलने” का आरोप लगाया है।

हमें ‘The Lallantop’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी दावे से जुड़ा एक वीडियो मिला। वीडियो में बालकृष्ण का हूबहू बयान मौजूद है। वीडियो में बताया गया है कि बालकृष्ण ने कहा, “मुझे नहीं पता कौन है एआर रहमान. उसने ऑस्कर जीता है लेकिन फिर भी मुझे नहीं पता है कि वो कौन है. वो एक दशक में एक हिट डिलिवर करता है।”
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने इंटरव्यू के वीडियो को सर्च करना शुरू किया। हमें इंटरव्यू का वीडियो टीवी9 एंटरटेनमेंट के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 20 जुलाई 2021 को अपलोड हुआ मिला। वीडियो के टाइटल में तेलुगु में लिखा है कि नंदमुरी बालकृष्ण ने कहा, “मैं नहीं जानता एआर रहमान कौन है।”
अधिक जानकारी के लिए हमने आंध्र प्रदेश के स्थानीय पत्रकार राजकिरण से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि नंदमुरी बालकृष्ण के पुराने बयान में कई बातों को जोड़कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। उन्होंने हमें इंटरव्यू के वीडियो को शेयर कर बताया कि नंदमुरी बालकृष्ण ने सिर्फ यह कहा था कि एआर रहमान कौन हैं, उन्हें नहीं जानते हैं। उन्होंने इंटरव्यू में “इस्लामी विचारधारा” की वजह से उन्हें पुरस्कार मिलने की बात नहीं कही है।
अमर उजाला की वेबसाइट पर 17 जनवरी 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “रहमान ने बीबीसी एशियन को दिए इस इंटरव्यू में कम काम करने का कारण बताते हुए कहा- ‘बीते आठ साल से मैं यह महसूस कर रहा हूं कि इंडस्ट्री में टैलेंट के दम पर काम नहीं मिलता। म्यूजिक इंडस्ट्री की कमान ऐसे हाथों में है जो न तो क्रिएटिव हैं और ना ही क्रिएटिविटी को समझते हैं। धर्म भी कम काम करने का एक कारण है। आपके सामने तो लोग कुछ नहीं बोलते पर पीठ पीछे कानाफूसी करते हैं।धीरे-धीरे वो सांप्रदायिक भावना को फिल्मी और संगीत की दुनिया पर हावी होता हुआ महसूस कर रहे हैं। इसका असर उन्हें अपने काम पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है।’
ए आर रहमान के विवादित बयान के बाद बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों ने उनके इस बयान को गलत बताया है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 642के यूजर्स फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि साल 2021 में नंदमुरी बालकृष्ण ने कहा था कि वो नहीं जानते है कि ए आर रहमान कौन है। वो दस साल में एक बार हिट फिल्म देते हैं। लेकिन उन्होंने यह नहीं कहा था कि “ए आर रहमान को इस्लामी विचारधारा के चलते पुरस्कार मिलता” है। पुराने बयान के साथ छेड़छाड़ कर हाल का बताते हुए गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : तेलुगु अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण ने ए आर रहमान की अलोचना की।
- Claimed By : FB User सच के साथ
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












