Fact Check: सिंगर ऋचा शर्मा के निधन की पोस्ट फर्जी, संजय दत्त की पहली पत्नी के नाम पर फैलाया जा रहा भ्रम
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि सिंगर ऋचा शर्मा के निधन से जुड़ी वायरल पोस्ट झूठी है। वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। वायरल दावा नाम की समानता के कारण फैलाया गया भ्रम मात्र है। संजय दत्त की पत्नी ऋचा शर्मा का निधन 1996 में हुआ था।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jan 27, 2026 at 12:19 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर अक्सर सेलिब्रिटीज के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी भ्रामक खबरें साझा की जाती हैं। हाल ही में एक ऐसी ही पोस्ट बॉलीवुड की जानी-मानी सिंगर ऋचा शर्मा को लेकर वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि ऋचा शर्मा का निधन हो गया है। इस पोस्ट के साथ सिंगर ऋचा शर्मा की फोटो का उपयोग किया गया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वायरल दावा पूरी तरह फर्जी है। सिंगर ऋचा शर्मा जीवित और स्वस्थ हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर Namo Love India ने एक पोस्ट साझा की है, जिसमें सिंगर ऋचा शर्मा की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। पोस्ट में उन्हें अभिनेता संजय दत्त की पहली पत्नी के रूप में पेश किया गया है।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले गूगल ओपन सर्च का सहारा लिया। हमें ऐसी कोई भी विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट्स नहीं मिलीं, जो सिंगर ऋचा शर्मा के निधन की पुष्टि करती हों।
तथ्यों की गहराई से जांच करने पर पता चला कि यह भ्रम एक जैसे नाम के कारण पैदा हुआ है। दरअसल, अभिनेता संजय दत्त की पहली पत्नी का नाम भी ऋचा शर्मा था, जो एक अभिनेत्री थीं। संजय दत्त और अभिनेत्री ऋचा शर्मा की शादी 1987 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उन्हें ब्रेन ट्यूमर का पता चला, जिसके बाद 10 दिसंबर 1996 को न्यूयॉर्क में उनका निधन हो गया था। अभिनेत्री ऋचा शर्मा और संजय दत्त की एक बेटी है, जिनका नाम त्रिशाला दत्त है।
सोशल मीडिया पर कुछ लोग अब उसी पुरानी खबर के साथ वर्तमान सिंगर ऋचा शर्मा की फोटो जोड़कर उसे हालिया खबर की तरह फैला रहे हैं।
जांच को पुख्ता करने के लिए हमने मुंबई में बॉलीवुड को कवर करने वालीं दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया,: “सिंगर ऋचा शर्मा पूरी तरह से ठीक और स्वस्थ हैं। उनके निधन की खबरें महज एक अफवाह हैं। नाम की समानता के कारण अक्सर लोग सिंगर ऋचा शर्मा और संजय दत्त की दिवंगत पत्नी (अभिनेत्री) ऋचा शर्मा के बीच भ्रमित हो जाते हैं। सिंगर ऋचा अपने प्रोफेशनल काम में सक्रिय हैं और हाल ही में उन्हें सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी देखा गया है।”
पड़ताल के दौरान हमने सिंगर ऋचा शर्मा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल भी चेक किए, जहाँ वे सक्रिय नजर आईं।
अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि यूजर Namo Love India के फेसबुक पर लगभग 3 लाख फ़ॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि सिंगर ऋचा शर्मा के निधन से जुड़ी वायरल पोस्ट झूठी है। वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। वायरल दावा नाम की समानता के कारण फैलाया गया भ्रम मात्र है। संजय दत्त की पत्नी ऋचा शर्मा का निधन 1996 में हुआ था।
- Claim Review : बॉलीवुड की जानी-मानी सिंगर ऋचा शर्मा का निधन हो गया है।
- Claimed By : FB User Namo Love India
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












