Fact Check : कॉमेडियन जॉनी लीवर के निधन की झूठी पोस्ट वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि अभिनेता और कॉमेडियन जॉनी लीवर के निधन से जुड़ी वायरल पोस्ट झूठी है। जॉनी लीवर पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उनके निधन को लेकर वायरल की जा रही पोस्ट फर्जी है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Aug 19, 2025 at 02:46 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर आए दिन सेलिब्रिटीज से जुड़ी पोस्ट वायरल होती रहती हैं, जिनमें कई पुरानी तस्वीरों को भ्रामक दावे से शेयर किया जाता है, तो कभी उनके निधन की फर्जी पोस्ट शेयर की जाती हैं। ऐसी ही एक पोस्ट कॉमेडियन और एक्टर जॉनी लीवर से जोड़कर वायरल की जा रही है। दावा किया जा रहा है कि जॉनी लीवर का निधन हो गया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को फर्जी पाया। अभिनेता जॉनी लीवर पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उनके निधन से जुड़ी वायरल पोस्ट झूठी है, जिसे कुछ यूजर्स सच समझकर लोग शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर Bholu Bhai ने 13 अगस्त 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “हिंदी फिल्म जगत के प्रसिद्ध कॉमेडियन जॉनी लीवर के लिए भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें #Rip #Johnny #lever #Bollywood #actor,”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने पोस्ट को समान दावे के साथ शेयर किया है। वायरल पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की पुष्टि के लिए हमने गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। हमें दावे की पुष्टि करती कोई भी विश्वनीय न्यूज रिपोर्ट्स नहीं मिली। जॉनी लीवर बॉलीवुड के बड़े एक्टर हैं, अगर उनसे जुड़ी ऐसी कोई खबर होती तो, वो सुर्ख़ियों में होती। पर हमें उनसे जुड़ी ऐसी कोई भी खबर किसी भी न्यूज वेबसाइट पर नहीं मिली।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने जॉनी लीवर के सोशल मीडिया हैंडल को चेक किया। जॉनी लीवर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर 19 अगस्त 2025 को एक वीडियो क्लिप शेयर की है, जिसमें उन्होंने अपनी फिल्म ‘एंटरटेनमेंट’ के वीडियो को शेयर किया है। जॉनी लीवर ने 18 अगस्त 2025 को भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बेटी जेमी लीवर के शिकागो में होने वाले शो को लेकर भी एक पोस्ट शेयर की है।

हमने वायरल दावे की पुष्टि के लिए मुंबई में बॉलीवुड को कवर करने वालीं दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह दावा पूरी तरह फर्जी है। जॉनी लीवर बिल्कुल ठीक हैं।
पहले भी कई सेलिब्रिटीज के निधन से जुड़ी फर्जी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं, जिसकी जांच विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ी जा सकती है।
अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि यूजर के फेसबुक पर 4975 मित्र हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि अभिनेता और कॉमेडियन जॉनी लीवर के निधन से जुड़ी वायरल पोस्ट झूठी है। जॉनी लीवर पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उनके निधन को लेकर वायरल की जा रही पोस्ट फर्जी है।
- Claim Review : जॉनी लीवर का निधन हो गया है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Bholu Bhai
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












