X

Fact Check: खाना खाने के बाद ठंडा पानी पीने से कैंसर नहीं होता, वायरल पोस्ट का दावा झूठा है

  • By Vishvas News
  • Updated: November 13, 2019

विश्वास न्यूज (नई दिल्ली)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की जा रही है। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि खाना खाने के बाद ठंडा पानी पीने से कैंसर हो सकता है। इसमें आगे दावा किया गया है कि अगर आप खाने के बाद ठंडा पानी पीते हैं तो ये खाने के तैलीय हिस्से को जमा देगा। यह जमा हुआ हिस्सा आंतों को ढंक देगा जो आगे चलकर कैंसर की वजह बनेगा। विश्वास न्यूज की पड़ताल में पोस्ट का यह दावा फर्जी निकला है।

क्या है वायरल पोस्ट में

फेसबुक पर Drugs Information Center- Pharmacists नाम के पेज पर शेयर की गई पोस्ट में लिखा है, ‘खाने के बाद ठंडे पानी से परहेज करें। जो ठंडा पानी पीना पसंद करते हैं यह लेख उनके लिए है। खाने के बाद ठंडा पानी अच्छा लगता है। हालांकि, ठंडा पानी उस ऑयली खाने को जमा देगा जो आपने तुरंत का खाया है। यह आपके पाचन को स्लो कर देगा। एक बार जब ये जमा हुआ अपशिष्ट एसिड के साथ रिएक्ट करेगा तो टूट जाएगा और आंतें इसे ठोस खाने की तुलना में जल्दी पचा जाएंगी। यह आंतों को ढंक देगा। बहुत जल्दी ये फैट में बदल जाएगा और कैंसर की वजह बनेगा। खाने के बाद गर्म सूप या गर्म पानी पीना बेहतर है।’

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट की आधिकारिक वेबसाइट विजिट कर अपनी पड़ताल शुरू की। हमें इस वेबसाइट पर ठंडे पानी और कैंसर के बीच किसी भी प्रकार के कनेक्शन की कोई रिपोर्ट नहीं मिली। अगर यह तथ्य सही होता तो ऐसी साइटों या दूसरे मेडिकल स्टैब्लिशमेंट में इसे जरूर दर्ज किया जाता।

विश्वास न्यूज को अपनी पड़ताल के क्रम में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डायबिटीज एंड डायजेस्टिव एंड किडनी डिजीज की आधिकारिक वेबसाइट पर एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट के मुताबिक, ठंडा लिक्विड पेट में फैट को नहीं जमाता। खाना खाने के बाद पिया गया ठंडा पानी आपके शरीर के आंतरिक तापमान को प्रभावित करेगा। खाना पेट में जाने के बाद पेट की मांसपेशियां इसे और पानी को डाइजेस्टिव जूसों में मिक्स कर देती हैं। पेट फिर धीरे-धीरे ‘चाइम’ कही जाने वाली इस सामग्री को छोटी आंत में भेजता है। छोटी आंत, पैंक्रियाज, लिवर और आंतों से निकले डाइजेस्टिव जूस को खाने के साथ मिक्स करता है और इसे आगे पचाने के लिए भेजता है। छोटी आंत की दीवारें पानी सोख लेती है और पोषक तत्वों को खून में भेज देती हैं। खाना पचने के बाद सारे अपशिष्ट बड़ी आंत में चले जाते हैं।

हमें बीबीसी साइंस एंड नेचर की वेबसाइट पर भी एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही खाना पेट में पहुंचता है एंजाइम्स निकलने लगते हैं जो खाने में मौजूद प्रोटीन को तोड़ना शुरू कर देते हैं। पेट से हाइड्रोलिक एसिड भी निकलता है जो प्रोटीन को पचाने वाले एंजाइम्स के लिए अनुकूल माहौल तैयार करता है।

विश्वास न्यूज ने इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल के आंकोलॉजिस्ट डॉ. मनीष सिंघल से भी बात की। उन्होंने बताया, ‘ठंडे पानी और कैंसर में कोई संबंध नहीं है। खाने के बाद ठंडा पानी शरीर के आंतरिक तापमान में बदलाव लाएगा। बाहर के तापमान में ठंडे या गर्म पानी का गिलास रखने पर जैसा होना चाहिए ये वैसा ही है।’ उन्होंने आगे बताया कि पेट की मांसपेशियां खाने और लिक्विड को डाइजेस्टिव जूसों के साथ मिलाती हैं। पेट धीरे-धीरे इस सामग्री को छोटी आंत में भेजता है। 

निष्कर्ष

पोस्ट का यह दावा फेक है कि खाने के बाद ठंडा पानी पीने से कैंसर होता है।

  • Claim Review : खाना खाने के बाद ठंडा पानी पीने से कैंसर होता है
  • Claimed By : FB Page: Drugs information center-Pharmacists
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later