Fact Check: अखिलेश यादव के वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके ‘शराब के नशे’ में होने के झूठे दावे के साथ किया गया वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो एडिटेड साबित हुआ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पुराने वीडियो के कुछ हिस्से को एडिट करके और उसकी स्पीड कम करके वायरल किया गया।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Nov 16, 2026 at 03:36 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 में प्रस्तावित है। राज्य में चुनाव की दस्तक के साथ ही सोशल मीडिया पर फेक और भ्रामक खबरों की बाढ़ आ गई है। अब समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि वे शराब के नशे में मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे हैं। वीडियो में अखिलेश यादव को अपने पूर्व गठबंधन साथियों पर कटाक्ष करते और यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उम्मीद है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इन्हें पिछले चुनाव से ज्यादा सीटें देगी।
इस पोस्ट को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फेक पाई गई। दरअसल, वायरल हो रहा यह वीडियो एडिटेड है। अखिलेश यादव के असली वीडियो का एक हिस्सा काटकर और उसकी स्पीड कम करके झूठे दावे के साथ वायरल किया गया है। असली वीडियो में अखिलेश यादव सामान्य तरीके से बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर प्रवीण कुमार ने 16 नवंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, “आवाज और हाव भाव देखक पूरा यकीन हो गया कि अखिलेश यादव शराब के नशे में है।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें अखिलेश यादव का असली वीडियो समाजवादी पार्टी के फेसबुक पेज पर मिला।

इस वीडियो को 19 अगस्त 2026 को पोस्ट किया गया था। इसमें साफ देखा जा सकता है कि अखिलेश यादव पत्रकारों से सामान्य तरीके से बातचीत कर रहे हैं। पूरा वीडियो देखने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि इसके कुछ हिस्सों को स्लो मोशन में एडिट करके वायरल किया गया है। वायरल वीडियो को 1 मिनट 58 सेकंड के असली वीडियो से एडिट किया गया है। वायरल वीडियो वाला हिस्सा 50वें सेकंड के बाद सुना जा सकता है।
वायरल हो रहे वीडियो में हमें ‘भारत समाचार’ का माइक नजर आया। इसके आधार पर हमने भारत समाचार न्यूज चैनल के फेसबुक और यूट्यूब पर संबंधित वीडियो को सर्च किया। हमें वीडियो का एक लंबा वर्जन दोनों जगह मिला। इसे 19 अगस्त 2026 को अपलोड किया गया था।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो को लेकर सपा के प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड है। अखिलेश यादव के पुराने वीडियो को जानबूझकर स्लो करके झूठ फैलाया जा रहा है।
क्या है संदर्भ?
उत्तर प्रदेश में 2027 में नई सरकार के लिए विधानसभा चुनाव होना है। भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जैसे प्रमुख दल मैदान में हैं। ‘एबीपी लाइव’ की वेबसाइट पर 13 अक्टूबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट में लिखा है कि यूपी में मौजूदा सरकार का गठन 25 मार्च 2022 को हुआ था, जबकि विधानसभा का पहला सत्र 23 मई 2022 को हुआ था। राज्य में 22 मई 2027 से पहले नई सरकार का गठन किया जाना है।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के अंत में अखिलेश यादव के एडिटेड वीडियो को झूठे दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट की जांच की। इसे फेसबुक पर 9 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर बस्ती का रहने वाला है और यह अकाउंट 2021 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो एडिटेड साबित हुआ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पुराने वीडियो के कुछ हिस्से को एडिट करके और उसकी स्पीड कम करके वायरल किया गया।
- Claim Review : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शराब के नशे में पत्रकारों से बात की।
- Claimed By : FB User Praveen kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












